- नेपाल में आई अचानक बाढ़ में अब तक 538 लोगों की मौत हो चुकी है और खोजबीन अभियान जारी है
- बचाव कार्य में 7451 सुरक्षाकर्मी तैनात हैं, जिनमें नेपाली सेना के 2391 जवान भी शामिल हैं
- रसुवा के हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में फंसे दो लोगों को नेपाली सेना ने सुरक्षित बाहर निकाला
नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद से तलाश और बचाव अभियान तेजी से चल रहा है. रेस्क्यू टीम लगातार फंसे लोगों को निकालने में जुटी है. वहीं कई शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या भी बढ़कर 547 हो गई है. पुलिस के मुताबिक, घटना के तीसरे दिन भी तलाशी और बचाव अभियान जारी है. इसके लिए 7,451 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है, जिनमें नेपाल सेना के 2,391 जवान भी शामिल हैं. बचाव का एक ऐसा ही वीडियो एक हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट साइट से सामने आया है.
नेपाल पीएमओ ने इसका वीडियो भी शेयर किया है और लिखा, नेपाली सेना ने आज सुबह से ही रसुवा में हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की सुरंग में बाढ़ के कारण फंसे लोगों को बचाने का काम तेज़ कर दिया है. मुश्किल भौगोलिक हालात और खतरनाक स्थितियों के बावजूद, नेपाली सेना की एक टीम ने अब तक सुरंग से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है. यह पता लगाने के लिए खोज जारी है कि सुरंग के अंदर अभी कितने लोग फंसे हैं और उन्हें बचाने की कोशिशें भी की जा रही हैं.
पीएमओ ने कहा कि सुरंग के मुश्किल हालात में भी, सेना तकनीकी उपकरणों और खास तौर पर प्रशिक्षित टीमों की मदद से बाकी लोगों को खोजने और बचाने का काम जारी रखे हुए है.

वहीं 121 विदेशी नागरिकों को बचाया गया है, जिनमें 85 भारतीय शामिल हैं. शुक्रवार दोपहर नेपाल के अधिकारियों ने भोटेकोशी में अचानक आई बाढ़ के बारे में जानकारी दी और बचाए गए विदेशी यात्रियों की सूची भी जारी की.
- भारत – 85
- चीन – 16
- दक्षिण कोरिया – 9
- अमेरिका – 2
- रूस – 2
- इटली – 2
- बुल्गारिया – 1
- स्विट्जरलैंड – 1
- राष्ट्रीयता की पुष्टि नहीं – 3
चीन का कहना है कि नेपाल सीमा के पास एक बैरियर झील से पानी का बहाव रुक गया है, जिससे बाढ़ के दोबारा तेज़ी से बढ़ने का तुरंत खतरा कम हो गया है. बाढ़ के नए खतरे के कारण बचाव कार्य कुछ समय के लिए रोक दिए गए थे, लेकिन अब बचावकर्मी उन्हें फिर से शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं.

इस बीच राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने कहा कि इस सप्ताह की शुरुआत में जिस स्थान पर विनाशकारी अचानक बाढ़ आई थी, वहां जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र में एक और बाढ़ आने का खतरा बढ़ गया है. ये चेतावनी बुधवार को आई उस अचानक बाढ़ के बाद जारी की गई है, जिसने रसुवा और मध्य नेपाल के अन्य हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया था.
एनडीआरआरएमए ने तलाशी और बचाव अभियानों में शामिल लोगों के साथ-साथ विभिन्न कारणों से भोटेकोशी और त्रिशूली क्षेत्रों में रह रहे लोगों से अत्यधिक सतर्क रहने और किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें: हिमालय के ग्लेशियरों में 10 हेक्टेयर से बड़ी ढाई हजार झीलें, इन्हें क्यों कहा जाता है 'टाइम बम'?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं