विज्ञापन

हिमालय के ग्लेशियरों में 10 हेक्टेयर से बड़ी ढाई हजार झीलें, इन्हें क्यों कहा जाता है 'टाइम बम'?

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो के 1984 से 2023 तक के डेटा के मुताबिक, पूरे हिमालय में 2431 झीलें ऐसी हैं जो 10 हेक्टेयर से ज़्यादा बड़ी हैं. इनमें 676 झीलें ऐसी हैं जो 1984 के बाद काफ़ी तेज़ी से बढ़ी हैं. इनमें 130 झीलें भारतीय हिमालयी इलाकों में हैं.

हिमालय के ग्लेशियरों में 10 हेक्टेयर से बड़ी ढाई हजार झीलें, इन्हें क्यों कहा जाता है 'टाइम बम'?
  • केदारनाथ त्रासदी में भारी बारिश और चोराबारी झील टूटने से हिमालयी क्षेत्र में भयंकर सैलाब आया था
  • ग्लेशियर के पीछे छोड़े गए मोरेन मलबे में चट्टानें और मिट्टी होती हैं, जो आपदाओं में बड़ी तबाही कर सकती हैं
  • इसरो के अनुसार हिमालय में बड़ी और तेजी से बढ़ रही 676 ग्लेशियल झीलों की निगरानी सैटेलाइट से की जा रही है
नई दिल्ली:

2013 की केदारनाथ त्रासदी भला कौन भूल सकता है. भारी बारिश और केदारनाथ घाटी के पीछे चोराबारी झील के टूटने से इस उच्च हिमालयी इलाके में ऐसा सैलाब आया, जो अपने साथ भारी मात्रा में गाद और बड़ी चट्टानें लेकर उतरा. उन चट्टानों ने कुछ ही घंटों में केदारनाथ के भूगोल को बदल दिया. बड़ी-बड़ी इमारतें मलबे में दब गईं. इस मलबे (मोरेन या हिमोढ़ यानी पत्थरों, बजरी, मिट्टी से भरा मलबा) से जुड़ी एक बड़ी चट्टान सुयोग से केदारनाथ मंदिर के ठीक पीछे रुक गई और उसने मंदिर पर पड़ सकने वाली पानी और मलबे की ताकत को काफी हद तक रोक दिया, लेकिन मंदिर के आसपास और निचले इलाकों में उस मलबे की ताकत ने रामबाड़ा को नक्शे से मिटा दिया और गौरीकुंड में भारी तबाही मचाई. साथ ही आगे सोनप्रयाग और सीतापुर आते-आते नदी का तल कई मीटर ऊंचा उठा दिया.

दरअसल तेजी से पिघल रहे हिमालय के ग्लेशियर जब पीछे हटते हैं, तो भारी मलबा पीछे छोड़ते जाते हैं, उसे ही मोरेंस यानी हिमोढ़ कहते हैं. ग्लेशियर पिघल जाने के कारण इस मलबे पर बर्फ़ की कोई पकड़ नहीं रहती और वो ऐसे ही ऊंचे हिमालय में ग्लेशियरों के मुहाने पर कई किलोमीटर आगे तक बिखरा पड़ा रहता है. इसमें बारीक मिट्टी से लेकर बड़ी-बड़ी चट्टानें तक होती हैं, जो अतिवृष्टि, बड़े हिमस्खलन या भारी भूस्खलन जैसी किसी आपदा में नीचे आने को तैयार रहती हैं और तबाही मचाती हैं.

Latest and Breaking News on NDTV
हिमालयीन नदियों के रौद्र रूप लेने की एक और बड़ी वजह है और वो है GLOF यानी ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड अर्थात ग्लेशियरों से जुड़ी झीलों के टूटने से आने वाली बाढ़. अक्टूबर 2023 में सिक्किम में यही हुआ. हिमालय में 5200 मीटर की ऊंचाई पर ग्लेशियर के पिघलने से बनी साउथ ल्होनक झील अचानक टूट गई. झील के टूटने से निकला पानी इतनी तेज़ी से नीचे उतरा कि उसने सिक्किम के निचले इलाकों में तबाही मचा दी. झील के पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा भी ऊंचे हिमालय से तबाही बरपाता नीचे उतरा. नदी के तीखे ढलान ने उसकी मारक क्षमता और बढ़ा दी.

सवाल है कि GLOF की ऐसी घटनाओं का खतरा कितना बड़ा है और क्या इसका पहले से पता लगाया जा सकता है. तो जवाब है कि खतरा भी बड़ा है और इसका पहले से पता भी लगाया जा सकता है. अकेले सिक्किम हिमालय में ही 300 से ज़्यादा ऐसी ग्लेशियल लेक हैं, जिनमें से 10 को लेकर आशंका जताई जा चुकी है कि वो कभी भी फट सकती हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

इन्हीं में से एक थी दक्षिण ल्होनक झील जो बीते कई दशक से पिघल रहे ल्होनक ग्लेशियर के पीछे हटने के बाद बढ़ती जा रही थी. भूवैज्ञानिकों के कई रिसर्च पेपर्स में ये बात सामने आ चुकी थी कि बीते पांच दशक में यहां ग्लेशियर क़रीब दो किलोमीटर पीछे खिसक चुका है और उसके द्वारा छोड़ी गई जगह पर एक झील लगातार बड़ी हो रही थी.  इन विशेषज्ञों ने अपनी रिपोर्ट में इस झील के फटने की चेतावनी भी दी थी, जो दुर्भाग्य से अक्टूबर 2023 में सच साबित हो गई.

इसरो की सैटेलाइट मैपिंग के मुताबिक फटने से ठीक पहले इस झील का क्षेत्रफल 167 हेक्टेयर से ज़्यादा था और फटने के बाद भी झील के क़रीब 60 हेक्टेयर क्षेत्रफल में पानी बचा हुआ है. यानी क़रीब 106 हेक्टेयर इलाके से पानी निकल चुका है और इसने उस समय पूरे सिक्किम में हो रही मूसलाधार बारिश से उफ़नते पहाड़ी नालों के साथ मिलकर नीचे तीस्ता नदी के किनारों पर भारी तबाही मचाई थी.
Latest and Breaking News on NDTV

राहत देने वाली बात ये है कि पूरे हिमालय में ग्लेशियरों के पीछे हटने से बनी झीलों का हमें अब सैटेलाइट की तस्वीरों से ठीकठाक अंदाज़ा हो गया है और सैटेलाइट रिमोट सेंसिंग के ज़रिए उनमें पानी के स्तर की अब निगरानी भी की जा रही है.

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो के 1984 से 2023 तक के डेटा के मुताबिक, पूरे हिमालय में 2431 झीलें ऐसी हैं जो 10 हेक्टेयर से ज़्यादा बड़ी हैं. इनमें 676 झीलें ऐसी हैं जो 1984 के बाद काफ़ी तेज़ी से बढ़ी हैं. इनमें 130 झीलें भारतीय हिमालयी इलाकों में हैं. 65 झीलें सिंधु नदी, 7 झीलें गंगा और 58 झीलें ब्रह्मपुत्र नदी के बेसिन में हैं. 10 हेक्टेयर से बड़ी 676 झीलो में से 601 झीलें दोगुने से ज़्यादा बड़ी हो गई हैं. 10 झीलें डेढ़ से दो गुना तक बड़ी हो गई हैं और 65 झीलें डेढ़ गुना तक बड़ी हो चुकी है.

Latest and Breaking News on NDTV

अगर ऊंचाई के आधार पर देखें तो 10 हेक्टेयर से बड़ी 676 झीलों में से 314 झीलें 4000 मीटर से 5000 मीटर तक की ऊंचाई पर हैं और 296 झीलें 5000 मीटर से भी ज़्यादा ऊंचाई पर हैं. इन झीलों को इनके निर्माण के आधार पर चार वर्गों में बांटा जा सकता है.

  1. पहला, ऐसी झीलें जिन्हें मोरेन यानी हिमोढ़ ने बांध की तरह रोका हुआ है और सबसे अधिक 307 झीलें ऐसी ही हैं. 
  2. दूसरा Erosion यानी अपरदन द्वारा बनी झीलें, इन झीलों में मिट्टी के कटाव से बनी गहराई में पानी ठहरा हुआ होता है. हिमालय में 265 ग्लेशियल झीलें ऐसी ही हैं.
  3. तीसरा बर्फ़ द्वारा बांधी गई झीलें जो आठ हैं.
  4. इसके अलावा अन्य कारणों से बनी ग्लेशियल झीलों की संख्या 96 है.
Latest and Breaking News on NDTV

ख़ास बात ये है कि ग्लेशियरों में बनी और बड़ी हो रही इन झीलों की निगरानी के लिए सिर्फ़ रिमोट सेंसिंग के भरोसे नहीं बैठा जा सकता. इसके लिए इन झीलों तक पहुंचकर ये देखना ज़रूरी है कि उनके कुदरती बांध कितने मज़बूत हैं, उन पर दबाव कितना बढ़ा है और बीते कुछ वर्षों में झीलों के बढ़ने की रफ़्तार कितनी तेज़ हुई है. इन झीलों तक पहुंचना एक दुष्कर काम है. लेकिन सिक्किम की साउथ ल्होनक झील से हुई त्रासदी के बाद केंद्र सरकार और हिमालयी राज्यों की सरकारें अब इन झीलों तक पहुंचकर उनका अध्ययन कर रही हैं.

केंद्रीय जल आयोग ने 2025 तक  2500 ग्लेशियरों की निगरानी का लक्ष्य रखा था . इसके अलावा इन इलाकों में Early warning systems लगाए जा रहे हैं, जो ग्लेशियर या उसकी झील टूटने से होने वाली आपदाओं से सही समय पर आगाह कर सकें.

इसे भी पढ़ें: बरसात में हिमालयी नदियां क्यों बन जाती हैं विनाशनकारी? मॉनसून में तबाही का पूरा सच

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nepal Flash Floods, Himalayan Glaciers, Himalayan Glaciers Melting, Bhote Koshi River Flood, Bhote Koshi River Flooding Latest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com