विज्ञापन

दोस्त बोलता रहा, फिर भी नहीं माना महेंद्र... नेपाल त्रासदी की ये दास्तां रुला देगी

NDTV ऐसे ही एक शख्स के पास पहुंचा जिसने इस जल प्रलय में अपने बचपन के जिगरी दोस्त को खो दिया. उसे इस बात का ज्यादा दुख इसलिए है क्योंकि उसने अपने दोस्त को पहले ही चेताया था.

नेपाल त्रासदी की दर्दनाक कहानी
NDTV

नेपाल की बाढ़ त्रासदी अपने पीछे भयंकर तबाही छोड़ गई है. कई लोग विस्थापित हो चुके हैं, कई अपने परिजनों से बिछड़ चुके हैं. कहीं किसी ने अपने परिवार वाले को खो दिया है, तो कहीं किसी ने अपने बच्चे या दोस्त को.

NDTV ऐसे ही एक शख्स के पास पहुंचा जिसने इस जल प्रलय में अपने बचपन के जिगरी दोस्त को खो दिया. उसे इस बात का ज्यादा दुख इसलिए है क्योंकि उसने अपने दोस्त को पहले ही चेताया था. उसने बाढ़ आने से ठीक पहले अपने दोस्त को फोन कर बताया था कि वह अपने घर से निकल जाए और दूसरे साथियों को भी इसकी जानकारी दे. लेकिन उसके दोस्त ने लापरवाही दिखाई. उसे लगा कि शायद बाढ़ वहां तक नहीं आएगी. वह अपने घर से नहीं निकला और आखिरकार हमेशा के लिए बाढ़ की लहरों में समा गया.

NDTV से बात करते हुए वह शख्स कहता है कि उसने अपनी दोस्ती का फर्ज निभाया था. उसने अपने दोस्त से कहा था कि वह दूसरे साथियों को भी सचेत करे, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया.

उसके मुताबिक, यहां पहले एक बड़ा बाजार हुआ करता था. करीब 500 दुकानें और कई घर थे, लेकिन अब सब कुछ तबाह हो चुका है. जहां कभी चहल-पहल हुआ करती थी, वहां अब सिर्फ तबाही का मंजर है.

इस शख्स का नाम गंभीर है. वह बताते हैं कि उनके दोस्त महेंद्र का यहां एक रिसॉर्ट हुआ करता था, लेकिन अब जल प्रलय के बाद न तो वह रिसॉर्ट बचा है और न ही उनका दोस्त. नेपाल में एक तरफ अभी भी तबाही का यह मंजर देखने को मिल रहा है, तो दूसरी तरफ रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कुछ ऐसी कहानियां भी सामने आ रही हैं जो उम्मीद जगाती हैं.

ये भी पढ़ें- नेपाल की वो कहानियां जो कैमरा देख न पाया

हाल ही में एक टनल से दो मजदूरों को जिंदा निकाला गया है. इसे लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे. इस रेस्क्यू के बाद उम्मीद जगी है कि टनल में फंसे कई और मजदूरों को भी जिंदा बाहर निकाला जा सकता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NDTV, Nepal Flood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com