सास-बहू की नोकझोंक को लेकर हमेशा से बॉलीवुड में कई फिल्में और गाने बने हैं. आज हम आपको एक ऐसे ही गाने के बारे में बताएंगे जो एक पंजाबी लोकगीत से बनकर तैयार हुआ है. इस गाने को फिल्म में एक रोमांटिक गाने की तरह लिया गया है, लेकिन अगर इसके बोलों पर ध्यान दें तो इसकी कहानी कुछ अलग ही नजर आएगी. गाने के बोल इस तरह हैं कि इसमें लड़की अपने प्रेमी से प्यार जताने के साथ ही उसकी मां कि दिए तानों की शिकायत भी करती है. इस गाने में प्यार के साथ ही सास-बहू वाली नोकझोंक का रंग भी दिखाई देता है. और सबसे खास बात ये है कि ये एक पुराना लोकगीत है. तो चलिए जानते हैं इस दिलचस्प गाने की कहानी.
पुराने पंजाबी लोकगीत बना सुपरहिट गाना
साल 2013 में आई फिल्म फुकरे, जिसकी कहानी के साथ इसके गानों को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया था. इस फिल्म में एक गाना था जिसको सोना महापात्रा ने अपनी आवाज में गाया. इस पंजाबी लोकगीत को फिल्म के म्यूजिक कंपोजर राम संपत ने बिल्कुल अलग अंदाज में तैयार किया. इसको अलग तरह के म्यूजिक के साथ बनाया गया और गाना सुपरहिट हो गया. गाने में लड़की अपने अंबरसरिया मुंडेया से कहती है कि वो उसकी गली के चक्कर लगाता है, जिसकी वजह से उसकी मां उसे तीखे बोल सुनाती है. यही वजह है कि गाने में रोमांस के साथ नाराजगी का रंग भी दिखता है.
यह भी पढ़ें | पंजाबी लोकगीत से प्रेरित है 17 साल पुराना गाना, ढोलक की ताल और गिद्दों पर खूब है बजता, आप भी करने लगेंगे डांस
सोना की आवाज में हुआ हिट
फिल्म फुकरे का गाना 'अंबरसरिया मुंडेया वे कचियां कलियां ना तोड़' जो एक पंजाबी लोकगीत से बना. इसे सोना महापात्रा की आवाज ने और खास बना जिया. राम संपत का सॉफ्ट म्यूजिक, मुन्ना धीमान के लिरिक्स, पंजाबी लोक धुन की मिठास और सोना की आवाज मिलकर 'अंबरसरिया' को ऐसा गीत बनाते हैं, जिसे सुनते ही 2013 का दौर याद आ जाता है. इस गाने को टी-सीरीज के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर 159 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. गाने को पुल्कित सम्राट और प्रिया आनंद पर फिल्माया गया है. गाने के बोल इस तरह हैं-
गली में मारे फेरे पास आने को मेरे
गली में मारे फेरे पास आने को मेरे
कभी परखता नैन मेरे, तू कभी परखता तोर
कभी परखता नैन मेरे, तू कभी परखता तोर
अंबरसरिया मुंडेया, वे कलियां कलियां ना तोड़
अंबरसरिया मुंडेया, वे कलियां कलियां ना तोड़
तेरी माँ ने बोले हैं मुझे तीखे से बोल
तेरी माँ ने बोले हैं मुझे तीखे से बोल
आज भी कायम है फुकरे का क्रेज
फुकरे फिल्म 14 जून 2013 को रिलीज हुई थी. अंबरसरिया गाना इसी फिल्म का हिस्सा था. फिल्म का डायरेक्शन मृगदीप सिंह लांबा ने किया था और रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया था. फिल्म में पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा, अली फजल, मनजोत सिंह, ऋचा चड्ढा, प्रिया आनंद और पंकज त्रिपाठी जैसे कलाकार नजर आए थे. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट हुई. 8 करोड़ के बजट वाली इस फिल्म ने 53 करोड़ का बिजनेस किया था. फिल्म की सक्सेस के बाद इसके इस फ़्रेंचाइजी के अब तक कुल 3 पार्ट आ चुके हैं.
फुकरे रिटर्न्स (Fukrey Returns)- ये पहला सीक्वल था जो 8 दिसंबर 2017 को रिलीज हुआ.
फुकरे 3 (Fukrey 3)- इस सीरीज की तीसरी फिल्म 28 सितंबर 2023 को रिलीज हुई थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं