- माली ने अपने बड़े शहरों के बाहर मोटरसाइकिलों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी
- 125 सीसी और उससे अधिक इंजन क्षमता वाली मोटरसाइकिलें बैन
- इस समय जिहादियों ने माली की राजधानी बमाको को भी घेर रखा है और रास्तों को बंद कर दिया है
पश्चिम अफ्रीका के देश माली ने अपने बड़े शहरों के बाहर मोटरसाइकिलों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है. अब आपके मन में ख्याल आ सकता है कि आखिर किसी देश की सरकार ऐसा फैसला क्यों लेगी. दरअसल दुनिया के सबसे गरीब और सबसे कम विकसित देशों में से एक, माली में जिहादी विद्रोह बढ़ रहा है. ऐसे में यहां सरकार ने यह हटके फैसला लिया है. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार यह आदेश बुधवार, 3 जून को सरकार की तरफ से जारी किया गया.
माली के जिहादी समूह और मोटरसाइकिल
माली में जिहादी समूह अक्सर मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए यह रोक लगाई गई है. देश इस समय गंभीर सुरक्षा संकट से गुजर रहा है, क्योंकि जिहादियों ने राजधानी बमाको को भी घेर रखा है और रास्तों को बंद कर दिया है. माली के नेशनल टेलीविजन पर बुधवार शाम को पढ़े गए आदेश में कहा गया कि 125 सीसी और उससे अधिक इंजन क्षमता वाली मोटरसाइकिलों का चलना बड़े शहरों के बाहर पूरे देश में रोक दिया गया है.
अभी माली के क्या हालात हैं?
माली में इस समय सुरक्षा संकट और गहरा गया है, क्योंकि 25 और 26 अप्रैल को अल-कायदा से जुड़े जिहादी समूहों और तुआरेग अलगाववादियों ने मिलकर बड़े और कॉर्डिनेटेड हमले किए. इसके बाद 30 अप्रैल से जिहादियों ने बमाको जाने वाले कई अहम रास्तों को बंद कर दिया है और दर्जनों बसों और माल ढ़ोने वाले ट्रकों को जला दिया है.
सशस्त्र समूहों ने देश के उत्तर में कई इलाकों पर कब्जा कर लिया है, जिनमें रणनीतिक शहर किदाल भी शामिल है. यह सब 2020 में सत्ता में आई सैन्य सरकार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: ट्रंप की वजह से अफ्रीका के इस देश में बकरे महंगे क्यों हो गए?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं