ब्लाइंड एशिया कप 2026 का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. फाइनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ने के बाद पाकिस्तान को चैंपियन घोषित किए जाने पर शुरू हुआ विवाद अब अंपायर की निष्पक्षता तक पहुंच गया है. भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम और क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) ने एक वीडियो को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें एक पाकिस्तानी अंपायर खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाते हुए दिखाई दे रहा है.
CABI का आरोप है कि वीडियो में अंपायर ऐसे इशारे करता नजर आ रहा है जो लड़ाकू विमान के क्रैश होने की नकल जैसे लगते हैं. भारतीय बोर्ड का कहना है कि किसी भी मैच अधिकारी को किसी एक टीम के साथ जश्न मनाते हुए नहीं दिखना चाहिए, क्योंकि इससे उसकी निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं.
CABI ने उठाए अंपायर की निष्पक्षता पर सवाल
एसोसिएशन ने अपने बयान में कहा कि संबंधित पाकिस्तानी अंपायर ने पूरे एशिया कप क्रिकेट फॉर द ब्लाइंड 2026 में अंपायरिंग की थी, लेकिन अब वह पाकिस्तान टीम के साथ जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं. CABI ने कहा कि अंपायर का सबसे बड़ा दायित्व तटस्थ रहना होता है और किसी भी टीम के साथ उसकी नजदीकी या समर्थन जैसी तस्वीर नहीं दिखनी चाहिए. संस्था का मानना है कि इस तरह के दृश्य टूर्नामेंट की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करते हैं.
This Pakistani umpire officiated throughout the Asia Cup Cricket for the Blind 2026, yet is seen celebrating with the Pakistan team. As per the principles of officiating, an umpire must remain neutral and should never be seen aligning with any team. https://t.co/tFFGgALZpd
— Cricket Association for the Blind in India (CABI) (@blind_cricket) November 21, 2026
फाइनल हुए बिना पाकिस्तान को मिला खिताब
विवाद की शुरुआत तब हुई जब ढाका में होने वाला भारत-पाकिस्तान फाइनल मुकाबला बारिश के कारण नहीं खेला जा सका. इसके बावजूद पाकिस्तान को बेहतर नेट रन रेट के आधार पर विजेता घोषित कर दिया गया. भारतीय पक्ष का तर्क था कि फाइनल के लिए कोई रिजर्व डे नहीं था, इसलिए दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए था. भारत का कहना है कि नेट रन रेट का इस्तेमाल लीग चरण में टीमों की रैंकिंग तय करने के लिए किया जाता है, न कि फाइनल का विजेता तय करने के लिए.
पाकिस्तान पर प्रभाव का इस्तेमाल करने का आरोप
CABI सचिव शैलेन्द्र ने निर्णय की तीखी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने बिना फाइनल खेले ही खिताब हासिल करने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल किया. उन्होंने कहा कि जब मैदान पर जीत नहीं मिलती तो पाकिस्तान इस तरह के रास्ते अपनाता है. भारतीय पक्ष का दावा है कि टूर्नामेंट के तकनीकी पैनल ने दोनों टीमों को संयुक्त विजेता बनाने की सिफारिश की थी, लेकिन बाद में पाकिस्तान को चैंपियन घोषित कर दिया गया.
ट्रॉफी समारोह का बहिष्कार
इस फैसले के विरोध में भारतीय खिलाड़ियों ने ट्रॉफी प्रस्तुति समारोह में हिस्सा नहीं लिया. CABI ने यह भी संकेत दिया कि यदि मामले का समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले खेलने पर पुनर्विचार किया जा सकता है. भारत टूर्नामेंट में गत चैंपियन के रूप में उतरा था. पाकिस्तान ने ग्रुप चरण में भारत को एक विकेट से हराया था और अंक तालिका में शीर्ष पर रहा था, जबकि भारत ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी.
हारिस रऊफ के जश्न की भी हुई थी आलोचना
यह विवाद इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि सितंबर 2025 में एशिया कप के दौरान पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ भी ऐसे ही इशारों को लेकर विवादों में आ चुके हैं. भारत के खिलाफ मुकाबले में उनकी ओर से किए गए कुछ जश्न मनाने वाले संकेतों की काफी आलोचना हुई थी. अब ब्लाइंड क्रिकेट में सामने आए इस नए वीडियो ने भारत-पाकिस्तान खेल मुकाबलों में खिलाड़ियों और अधिकारियों के व्यवहार को लेकर नई बहस छेड़ दी है.
यह भी पढ़ें- 'हमसे गलतियां हुईं...,' ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच ने सैंडपेपर कांड पर तोड़ी चुप्पी, बताया कैसे बर्बाद हुआ करियर
यह भी पढ़ें- नंबर-1 जो रूट, नंबर-2 स्टीव स्मिथ, 3000 WTC रन पूरे करने के बाद भी टॉप-5 में नहीं शुभमन गिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं