विज्ञापन

नंबर-1 जो रूट, नंबर-2 स्टीव स्मिथ, 3000 WTC रन पूरे करने के बाद भी टॉप-5 में नहीं शुभमन गिल

शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 3000 रन पूरे कर लिए हैं. जानिए WTC इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कौन हैं और टॉप-5 में किसका दबदबा है.

नंबर-1 जो रूट, नंबर-2 स्टीव स्मिथ, 3000 WTC रन पूरे करने के बाद भी टॉप-5 में नहीं शुभमन गिल
Joe Root Shubman Gill
NDTV

न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन टेस्ट में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली. 98 रन की शानदार पारी के दौरान गिल ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के इतिहास में 3000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए. इसी मैच में ऋषभ पंत ने भी 3000 रन का आंकड़ा छू लिया और वह यह मुकाम हासिल करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने.

हालांकि 3000 रन पूरे करने के बावजूद शुभमन गिल और ऋषभ पंत WTC इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की टॉप-5 लिस्ट से अभी काफी दूर हैं. इस लिस्ट में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिलता है. सबसे ऊपर इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट काबिज हैं, जिन्होंने 2019 से अब तक 6800 से ज्यादा रन बनाए हैं.

ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज

  • नंबर-1: जो रूट (इंग्लैंड) - 80 मैचों की 147 पारियों में 6815 रन, 23 शतक और 25 अर्धशतक.
  • नंबर-2: स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया) - 63 मैचों की 110 पारियों में 4804 रन, 14 शतक और 21 अर्धशतक.
  • नंबर-3: मार्नस लाबुशेन (ऑस्ट्रेलिया) - 63 मैचों की 115 पारियों में 4651 रन, 11 शतक और 24 अर्धशतक.
  • नंबर-4: ट्रेविस हेड (ऑस्ट्रेलिया) - 62 मैचों की 106 पारियों में 4200 रन, 12 शतक और 15 अर्धशतक.
  • नंबर-5: बेन स्टोक्स (इंग्लैंड) - 64 मैचों की 117 पारियों में 3857 रन, 8 शतक और 19 अर्धशतक.

शुभमन गिल ने रचा इतिहास

वेलिंग्टन टेस्ट में गिल को 3000 WTC रन पूरे करने के लिए 83 रन की जरूरत थी. भारतीय कप्तान ने तीसरे दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए यह उपलब्धि हासिल की. हालांकि वह अपने शतक से सिर्फ दो रन दूर रह गए और 98 रन पर आउट हो गए. गिल अब WTC इतिहास में 3000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उनकी इस उपलब्धि ने भारतीय टेस्ट क्रिकेट में उनके बढ़ते कद को और मजबूत किया है.

ऋषभ पंत ने भी बनाया खास रिकॉर्ड

शुभमन गिल के बाद ऋषभ पंत ने भी 3000 WTC रन पूरे कर लिए. पंत इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने. इसके साथ ही वह WTC इतिहास में 3000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज भी बन गए. पंत ने वेलिंग्टन टेस्ट की पहली पारी में नाबाद 55 रन बनाए और भारत को मजबूत बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई.

भारत के लिए यादगार रहा दिन

भारत ने न्यूजीलैंड के पहली पारी के 368 रन के जवाब में तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 486/4 रन बना लिए थे. केएल राहुल ने 136 रन, देवदत्त पडिक्कल ने 80 रन, शुभमन गिल ने 98 रन और ऋषभ पंत ने नाबाद 55 रन की पारियां खेलीं. भारत ने 118 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली.

यह भी पढ़ें-  ऑस्ट्रेलिया को मिला भारतीय मूल का मैच विनर, अभिषेक शर्मा के साथ खेल चुके निखिल ने इंग्लैड को किया धराशाई

यह भी पढ़ें-  धोनी नंबर-1, सचिन नंबर-2, 98 पर आउट होते ही शुभमन गिल भी नर्वस 90s वाली अनचाही लिस्ट में शामिल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
New Zealand, Australia, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com