विज्ञापन

लॉरेंस बिश्नोई के जिगरी को पकड़वाने वाले को अमेरिका देगा साढ़े 8 करोड़ का इनाम, पहचान भी नहीं होगी उजागर

गोल्डी बराड़ के खिलाफ अमेरिका में ड्रग्स की तस्करी से जुड़े आरोप भी हैं. जांच एजेंसी का दावा है कि मार्च 2024 से जुलाई 2025 के बीच बिश्नोई गैंग ने लॉस एंजिलिस इलाके में दूसरे ड्रग्स तस्करों से करीब 520 किलो कोकीन लूटी थी.

अमेरिका ने गोल्डी बराड़ पर रखा 10 लाख डॉलर का इनाम.
NDTV
  • FBI ने लॉरेंस बिश्नोई के करीबी गोल्डी बराड़ को अपनी मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया है
  • गोल्डी बराड़ पर अमेरिका और कनाडा में हत्या, फिरौती, अपहरण तथा ड्रग्स तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के आरोप हैं
  • FBI ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाले को दस लाख डॉलर का इनाम देने की घोषणा की है

लॉरेंस बिश्नोई के करीबी गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाले को 10 लाख डॉलर यानी करीब 8.5 करोड़ रुपये का इनाम मिलेगा. अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल कर लिया है. उसने बराड़ की जानकारी देने वाले को 10 लाख डॉलर का इनाम देने का ऐलान किया है. FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ उत्तरी अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के ऑपरेशन संभालता है. इस गैंग पर अमेरिका और कनाडा में हत्या, गोलीबारी, फिरौती, अपहरण और ड्रग्स की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं.

गोल्डी बराड़ मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल

FBI ने 20 नवंबर को गोल्डी बराड़ को अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल करने का ऐलान किया. अमेरिकी जांच एजेंसी के मुताबिक, गोल्डी बराड़ के खिलाफ 1 जुलाई को लॉस एंजिलिस की एक संघीय अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था. उस पर गैंग चलाने की साजिश, फिरौती के जरिए कारोबारियों को धमकाने और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े आरोप हैं.

FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़,लॉरेंस बिश्नोई का बचपन का दोस्त है और उत्तरी अमेरिका में बिश्नोई गैंग का नेटवर्क संभालता है. इस इलाके में अमेरिका और कनाडा शामिल हैं. FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ इस नेटवर्क के जरिए टारगेट किलिंग, गोलीबारी, अपहरण, फिरौती और ड्रग्स की तस्करी जैसी वारदातों को अंजाम देने में शामिल रहा है.

अमेरिका और कनाडा में चला रहा हत्या,फिरौती गैंग

अमेरिकी जांच एजेंसी ने दावा किया है कि गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई ने कनाडा में एक प्रमुख राजनीतिक और धार्मिक नेता की हत्या का आदेश दिया था. इस नेता की 18 जून 2023 को कनाडा के सरे शहर में एक गुरुद्वारे से निकलते वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. FBI ने पंजाबी गायक और रैपर सिद्धू मूसेवाला की हत्या का भी जिक्र किया है. एजेंसी के मुताबिक,गोल्डी बराड़ और बिश्नोई गैंग के दूसरे सदस्यों ने 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा में हुई मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था.

गोल्डी बराड़ के खिलाफ अमेरिका में ड्रग्स की तस्करी से जुड़े आरोप भी हैं. जांच एजेंसी का दावा है कि मार्च 2024 से जुलाई 2025 के बीच बिश्नोई गैंग ने लॉस एंजिलिस इलाके में दूसरे ड्रग्स तस्करों से करीब 520 किलो कोकीन लूटी थी.ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. गोल्डी बराड़ उन लोगों में शामिल है, जिनकी तलाश अब भी जारी है.

अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया में फैला नेटवर्क

 बिश्नोई गैंग का नेटवर्क भारत से संचालित होता है और इसके हजारों सदस्य और सहयोगी अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया में फैले हुए हैं. FBI ने गोल्डी बराड़ को बेहद खतरनाक और हथियारबंद बताया है. एजेंसी ने लोगों को चेतावनी दी है कि अगर किसी को गोल्डी बराड़ के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो उससे खुद संपर्क करने के बजाय FBI या स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सूचना दें. जानकारी देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. सूचना FBI की वेबसाइट या अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावास के जरिए भी दी जा सकती है.

ये भी पढ़ें-पंजाब के कॉलेज का स्टूडेंट कनाडा के मोस्ट वांटेड लिस्ट में नंबर वन पर कैसे पहुंचा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Goldy Barar, Lawrence Bishnoi, FBI Against Goldy Brar, Goldy Brar America, US FBI
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com