- पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब में जन्मा गोल्डी बराड़ भारत के सबसे मोस्ट वांटेड गैंगस्टर्स में शुमार है
- गोल्डी बराड़ पर भारत, अमेरिका और कनाडा की एजेंसियों ने कुल 11 करोड़ रुपए से अधिक का इनाम घोषित किया है
- कॉलेज में छात्र राजनीति से जुड़ने के बाद गोल्डी ने लॉरेंस बिश्नोई के साथ मिलकर एक बड़ा आपराधिक नेटवर्क बनाया
पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब के एक सामान्य परिवार में जन्मा सतविंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ आज भारत के सबसे मोस्ट वांटेड गैंगस्टर्स में गिना जाता है. कभी छात्र राजनीति का हिस्सा रहा गोल्डी आज हत्या, रंगदारी, हथियारों की तस्करी, ड्रग्स नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध का बड़ा चेहरा बन चुका है. भारत सरकार उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत आतंकवादी घोषित कर चुकी है. अब अमेरिका, कनाडा और भारत की जांच एजेंसियां भी उसके नेटवर्क पर शिकंजा कस रही हैं.
गोल्डी बराड़ पर दुनियाभर में 11 करोड़ रुपए से ऊपर का इनाम घोषित है. अमेरिका ने 1 मिलियन डॉलर, कनाडा ने ढाई लाख कनाडाई डॉलर, भारतीय एजेंसी NIA ने 10 लाख रुपए का इनाम उस पर रखा है.
सामान्य परिवार से अपराध की दुनिया तक
गोल्डी बराड़ का जन्म पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले में हुआ था. उसके पिता पंजाब पुलिस में एएसआई थे. परिवार चाहता था कि बेटा पढ़-लिखकर अच्छी नौकरी करे, लेकिन कॉलेज के दिनों में उसकी जिंदगी ने दूसरा मोड़ ले लिया. चंडीगढ़ में पढ़ाई के दौरान उसका संपर्क पंजाब यूनिवर्सिटी की छात्र राजनीति से हुआ. इसी दौरान वह SOPU (स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी) के करीब आया और उसकी मुलाकात लॉरेंस बिश्नोई से हुई. उस समय लॉरेंस छात्र राजनीति में सक्रिय था और धीरे-धीरे अपना आपराधिक नेटवर्क तैयार कर रहा था. यही दोस्ती आगे चलकर उत्तर भारत के सबसे चर्चित गैंग गठजोड़ में बदल गई.
2017 में कनाडा चला गया
परिवार को लगने लगा कि गोल्डी गलत संगत में पड़ चुका है. इसी वजह से उसे 2017 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा भेज दिया गया. ओंटारियो पहुंचने के बाद उसने शुरुआती दिनों में ट्रक ड्राइवर, कूरियर बॉय और दूसरे छोटे-मोटे काम किए.लेकिन कनाडा पहुंचने के बाद भी उसका संपर्क लॉरेंस और पंजाब के अपराधियों से बना रहा. धीरे-धीरे उसने विदेश में बैठकर गैंग चलाने की रणनीति तैयार कर ली.
गुरलाल बराड़ की हत्या बनी टर्निंग प्वाइंट
अक्टूबर 2020 में चंडीगढ़ के एक नाइट क्लब के बाहर गोल्डी के ममेरे भाई गुरलाल बराड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. गुरलाल लॉरेंस बिश्नोई का बेहद करीबी था और इस हत्या का आरोप प्रतिद्वंद्वी बंबीहा गैंग पर लगा.जांच एजेंसियों के मुताबिक, यही घटना गोल्डी के अपराधी जीवन का सबसे बड़ा मोड़ बनी. उसने बदला लेने की ठान ली और विदेश में बैठकर टारगेट किलिंग, रंगदारी और गैंगवार का बड़ा नेटवर्क खड़ा करना शुरू कर दिया.
लॉरेंस का सबसे भरोसेमंद साथी
लॉरेंस बिश्नोई के भारत की जेलों में बंद होने के दौरान गैंग के विदेशी नेटवर्क की जिम्मेदारी गोल्डी बराड़ ने संभाली. जांच एजेंसियों के मुताबिक, लॉरेंस जेल से निर्देश देता था, जबकि गोल्डी कनाडा और बाद में अमेरिका से पूरे नेटवर्क का संचालन करता था. इसी वजह से उसे लॉरेंस का राइट हैंड कहा जाने लगा.
कॉरपोरेट स्टाइल में चलता है गैंग
गोल्डी बराड़ का काम करने का तरीका पारंपरिक गैंगस्टरों से अलग है. वह खुद कभी वारदात वाली जगह नहीं जाता था, बल्कि विदेश में बैठकर पूरे ऑपरेशन को नियंत्रित करता है.जांच एजेंसियों के अनुसार वह Signal, Telegram, Threema जैसे एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म, इंटरनेट कॉलिंग और वर्चुअल नंबरों का इस्तेमाल कर भारत में अपने गुर्गों से संपर्क करता है. उसका सबसे बड़ा हथियार है आउटसोर्सिंग मॉडल. वह एक राज्य से शूटर चुनता, दूसरे राज्य से हथियार मंगवाता और तीसरे राज्य में वारदात कराता है. कई मामलों में बेरोजगार और कम उम्र के युवाओं को पैसों और हथियारों का लालच देकर गैंग में शामिल करने के आरोप भी लगे हैं.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें-गैंगवार, रंगदारी और अंडरवर्ल्ड कनेक्शन; बुलंदशहर एनकाउंटर में ढेर गैंगस्टर नसीम दुर्रानी की पूरी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं