विज्ञापन

कभी कहा था डेड इकोनॉमी; अब ट्रंप ने भारतीय अर्थव्यवस्था की जमकर तारीफ की, बोले- भारत की तरफ देखो...

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की 7 फीसदी GDP वृद्धि और कम ब्याज दरों का हवाला देते हुए अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका में ब्याज दरें कम हों तो आर्थिक विकास दर 15 से 20 फीसदी तक पहुंच सकती है.

कभी कहा था डेड इकोनॉमी; अब ट्रंप ने भारतीय अर्थव्यवस्था की जमकर तारीफ की, बोले- भारत की तरफ देखो...
ट्रंप ने की भारतीय अर्थव्यवस्था की तारीफ, Fed पर साधा निशाना
व्हाइट हाउस
  • व्हाइट हाउस में ट्रंप का बड़ा बयान, भारत मॉडल की जमकर तारीफ
  • ट्रंप ने भारत की GDP ग्रोथ का दिया उदाहरण, अमेरिकी ब्याज दरों पर उठाए सवाल
  • फेडरल रिजर्व पर ट्रंप का हमला, भारत की नीतियों का किया उल्लेख
वाशिंगटन:

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल ही भारत पर निशाना साधते हुए यहां की अर्थव्यवस्था को डेड इकोनॉमी कहा था. लेकिन अब ट्रंप के सुर बदल गए हैं. इस बार उन्होंने फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति पर सवाल उठाते हुए भारत की अर्थव्यवस्था का उदाहरण दिया है. व्हाइट हाउस में बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि भारत में कम ब्याज दरों के साथ लगभग 7 प्रतिशत GDP वृद्धि दर्ज की जा रही है, जबकि अमेरिका में ऊंची ब्याज दरें आर्थिक क्षमता को सीमित कर रही हैं. उन्होंने फेडरल रिजर्व को 'बहुत ही राजनीतिक' बताते हुए आरोप लगाया कि मजबूत आर्थिक आंकड़े आने के बाद भी ब्याज दरें बढ़ाई जा रही हैं, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए.

पहले देखिए ट्रंप की पिछले साल की पोस्ट में क्या लिखा था

डाेनाल्ड ट्रंप की पोस्ट

डाेनाल्ड ट्रंप की पोस्ट
Photo Credit: NDTV (स्क्रीनशॉट)

फेडरल रिजर्व पर ट्रंप का हमला

अब डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें जरूरत से ज्यादा ऊंची हैं और इसकी वजह फेडरल रिजर्व की नीति है. उन्होंने कहा कि जब भी अमेरिकी अर्थव्यवस्था के अच्छे आंकड़े सामने आते हैं, फेड ब्याज दरें बढ़ा देता है. ट्रंप ने कहा 'ब्याज दरें बहुत ज्यादा हैं क्योंकि हमारे पास बहुत राजनीतिक फेड है. जब भी अच्छे आंकड़े आते हैं, वे ब्याज दरें बढ़ा देते हैं. ऐसा नहीं होना चाहिए, बल्कि इसके उलट होना चाहिए.' उन्होंने पूर्व फेडरल रिजर्व चेयरमैन एलन ग्रीनस्पैन का उदाहरण देते हुए कहा कि अच्छे आर्थिक आंकड़ों के दौर में ब्याज दरें घटाई जानी चाहिए, क्योंकि इससे अर्थव्यवस्था को और गति मिलती है.

भारत की तारीफ में ये कुछ बोले

ट्रंप ने भारत की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कम ब्याज दरों के बावजूद मजबूत आर्थिक वृद्धि दर्ज की जा रही है. उन्होंने कहा 'अगर आप भारत को देखें, तो वहां कम ब्याज दरें हैं और 7 प्रतिशत GDP ग्रोथ है. अमेरिका में भी अगर ऐसा हो तो हमारी GDP 14, 15 या शायद 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है.' ट्रंप का कहना था कि मजबूत आर्थिक प्रदर्शन किसी देश की साख बढ़ाता है और ऐसी स्थिति में सरकारों को कम ब्याज दरों का लाभ मिलना चाहिए.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने आरोप लगाया कि फेडरल रिजर्व की वर्तमान नीति अमेरिका की आर्थिक क्षमता को सीमित कर रही है. उन्होंने कहा कि यदि ब्याज दरें कम की जाएं तो आर्थिक विकास की रफ्तार तेज होगी और देश अपने कर्ज को भी अधिक तेजी से कम कर सकेगा.

ट्रंप ने कहा 'हमारी GDP 4 प्रतिशत नहीं बल्कि 15 से 20 प्रतिशत तक हो सकती थी. हम अपना कर्ज भी बहुत तेजी से चुका सकते थे.'

अमेरिका को सबसे कम ब्याज दर मिलने की वकालत

ट्रंप ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने के नाते अमेरिका को सबसे कम ब्याज दरों का लाभ मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि कई देश आर्थिक रूप से इसलिए मजबूत माने जाते हैं क्योंकि अमेरिका वैश्विक अर्थव्यवस्था को सहारा देता है. ऐसे में अमेरिका को प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलनी चाहिए.

ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अमेरिका में महंगाई फेडरल रिजर्व के निर्धारित 2 प्रतिशत लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है.

ट्रंप के भाषण में जिन आंकड़ों का जिक्र किया गया उसके अनुसार सितंबर में व्यक्तिगत उपभोग व्यय (PCE) आधारित मुद्रास्फीति दर 3.6 प्रतिशत रही, जबकि खाद्य और ऊर्जा कीमतों को छोड़कर कोर PCE मुद्रास्फीति 3.1 प्रतिशत दर्ज की गई. यही कारण है कि फेडरल रिजर्व पर महंगाई नियंत्रण और आर्थिक वृद्धि के बीच संतुलन बनाए रखने का दबाव बना हुआ है.

यह भी पढ़ें : अमेरिका पर कर्ज पहली बार 40 लाख करोड़ डॉलर के पार, दोष केवल ट्रंप के टैरिफ और जंग का नहीं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump, India GDP Growth, US Federal Reserve, India Economy, Inflation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com