विज्ञापन

तुलसी गबार्ड के इस्तीफे पर अमेरिका में दुआओं का दौर, पर इस बीच दुश्मन देश ईरान का रिएक्शन क्यों चौंकाने वाला है

तुलसी गबार्ड के पति को दुर्लभ बोन कैंसर हो गया है. इस वजह से उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा. ट्रंप ने भी उनके काम की तारीफ की है और अगले डायरेक्टर का नाम बताया है.

तुलसी गबार्ड के इस्तीफे पर अमेरिका में दुआओं का दौर, पर इस बीच दुश्मन देश ईरान का रिएक्शन क्यों चौंकाने वाला है
डोनाल्ड ट्रंप ने गबार्ड की विदाई के साथ ही नए कार्यकारी डायरेक्टर के नाम का भी ऐलान कर दिया है.
AFP

डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन में नेशनल इंटेलिजेंस (DNI) की डायरेक्टर तुलसी गबार्ड ने अपने पद से अचानक इस्तीफा दे दिया है. गबार्ड के इस फैसले ने जहां अमेरिकी गलियारों में सबको चौंका दिया है, वहीं इस इस्तीफे पर एक बेहद अप्रत्याशित जगह से प्रतिक्रिया आई है. अमेरिका के साथ जंग लड़ रहे ईरान ने तुलसी गबार्ड के इस्तीफे के बाद उनकी जमकर तारीफ की है.

तुलसी गबार्ड ने यह भावुक फैसला किसी राजनीतिक मतभेद के कारण नहीं, बल्कि अपने परिवार के लिए लिया है. उनके पति अब्राहम विलियम्स को हड्डियों का एक बेहद दुर्लभ कैंसर (बोन कैंसर) डिटेक्ट हुआ है. इस मुश्किल वक्त में अपने पति के साथ खड़े रहने और उनकी देखभाल करने के लिए गबार्ड ने जून के आखिर में पद छोड़ने का फैसला किया है.

गबार्ड के इस्तीफे पर ईरान की तारीफ 

आर्मेनिया में ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तुलसी गबार्ड के काम की सराहना करते हुए लिखा कि उन्होंने अतीत में कई बार ईरान को लेकर वह सच बोला था, जिसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बिल्कुल पसंद नहीं करते थे. ईरानी दूतावास ने अपने पोस्ट में लिखा, "हम अब्राहम के जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना करते हैं. आपने पहले भी कई बार यह दिखाया है कि आप अमेरिका के लिए काम करती हैं न कि इजरायल के लिए. आपने ईरान के बारे में वह सच बोला जिससे ट्रंप नफरत करते थे."

ईरानी दूतावास यहीं नहीं रुका, उसने अमेरिकी सरकार पर भी सीधा निशाना साधा. पोस्ट में आगे कहा गया, "यह बेहद दुखद है कि आपके जैसा व्यक्ति इस सरकार के साथ काम कर रहा था, जिसने अमेरिका को किनारे कर दिया है और जो पूरी तरह से इजरायल की प्रॉक्सी (कठपुतली) के रूप में काम कर रही है. हमारी तरफ से आपको शुभकामनाएं." ईरान की तरफ से आई इस प्रतिक्रिया ने अमेरिकी राजनीतिक विश्लेषकों को हैरान कर दिया है.

कौन संभालेगा अब जिम्मेदारी?

तुलसी गबार्ड के इस इस्तीफे की पुष्टि खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की है. ट्रंप ने बताया कि तुलसी गबार्ड आगामी 30 जून 2026 तक ही अपने पद पर रहेंगी. ट्रंप ने गबार्ड के काम की तारीफ करते हुए कहा, "दुर्भाग्य से, एक शानदार पारी के बाद तुलसी गबार्ड 30 जून को प्रशासन छोड़ रही हैं. उनके पति अब्राहम को हाल ही में एक दुर्लभ बोन कैंसर का पता चला है. वह बिल्कुल सही फैसले के तहत इस मुश्किल लड़ाई में अपने पति के साथ रहना चाहती हैं. मुझे पूरा भरोसा है कि वह जल्द ही पूरी तरह ठीक हो जाएंगे."

डोनाल्ड ट्रंप ने गबार्ड की विदाई के साथ ही नए कार्यकारी डायरेक्टर के नाम का भी ऐलान कर दिया है. उन्होंने बताया कि गबार्ड के जाने के बाद नेशनल इंटेलिजेंस के प्रिंसिपल डिप्टी डायरेक्टर आरोन लुकास इस बेहद महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभालेंगे और एक्टिंग डीएनआई के रूप में काम करेंगे.

यह भी पढ़ें: ईरान पर फिर हमला करने वाला है अमेरिका, पर आखिरी मुहर लगाने में क्यों हिचक रहे डोनाल्ड ट्रंप

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com