अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की कोशिशों के बीच एक बड़ी खबर आ रही है. ईरान ने अमेरिका के प्रमुख विमान वाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन की तरफ क्रूज मिसाइलें दागने का दावा किया है. ईरानी नौसेना के प्रवक्ता ने दावा किया कि ये हमला कादिर (Qader) क्रूज मिसाइलों से किया गया. अमेरिका की तरफ से इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है. ईरान ने कुछ दिन पहले भी इस पोत पर हमले का दावा किया था.
USS अब्राहम लिंकन पर हमले का दावा
ईरान की नौसेना ने बुधवार को सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि उसकी नौसेना ने अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन की तरफ क्रूज मिसाइलों से हमला किया है. ईरान के सरकारी टीवी पर जारी बयान में उन्होंने दावा किया कि ये हमला कादिर (Qader) क्रूज मिसाइल से किया गया. ये एक एंटी शिप क्रूज मिसाइल है. सेना के प्रवक्ता ने दावा किया कि हमले के बाद अमेरिकी कैरियर को अपनी पोजीशन बदलने पर मजबूर होना पड़ा. ईरान के नेवी चीफ शहरम ईरानी के हवाले से टीवी पर बताया गया कि अमेरिकी स्ट्राइक ग्रुप की गतिविधियों पर उनकी लगातार नजर है. जैसे ही यह दुश्मन का बेड़ा ईरानी मिसाइलों की जद में आएगा, उस पर ताकतवर हमला किया जाएगा.
ट्रंप ने माना, पहले ईरान ने 101 मिसाइलें दागी थीं
कुछ दिन पहले भी ईरान ने यूएसएस अब्राहम लिंकन पर मिसाइलों से हमला किया था और दावा किया था कि इन हमलों के वजह से अमेरिकी पोत को पीछे हटना पड़ा है. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पहली बार माना है कि ईरान ने अब्राहम लिंकन पर 2-4 नहीं बल्कि 101 मिसाइलें दागी थीं. लेकिन सारी मिसाइलों को एक-एक करके समुद्र में ही मार गिराया गया.

कादिर क्रूज मिसाइल कितनी घातक?
- ईरान की कादिर क्रूज मिसाइल उसकी तटीय डिफेंस सिस्टम का एक अहम हिस्सा है.
- यह एक शोर-टू-शिप यानी जमीन से समुद्र में जहाजों को नष्ट करने के लिए डिजाइन की गई मिसाइल है.
- यह मिसाइल ईरान की नूर मिसाइल का आधुनिक संस्करण है
- इसका मूल डिजाइन चीनी मिसाइल तकनीक पर आधारित है.
- इसकी मारक क्षमता 120 से 300 किलोमीटर के बीच बताई जाती है.
- यह अपने साथ करीब 200 किलो विस्फोटक वाले हथियार ले जा सकती है, जो बड़े जहाज को भी नुकसान पहुंचाने के लिए काफी है.
- इस मिसाइल की एक खासियत इसकी रडार से बचने की क्षमता बताई जाती है.
USS अब्राहम लिंकन क्यों इतना खास है ?
यूएसएस अब्राहम लिंकन के बारे में बताएं तो यह दुनिया के सबसे बड़े युद्धपोतों में से एक है. करीब तीन दशकों से यह अमेरिकी सैन्य ताकत के केंद्र में रहा है. यह पोत करीब 333 मीटर लंबा है और 1 लाख टन से अधिक वजनी है. निमित्ज क्लास का यह पोत परमाणु ऊर्जा से चलता है. इस पर दो परमाणु रिएक्टर लगे हैं, जो करीब 20 साल तक बिना फ्यूल भरे चल सकते हैं. यह पोत 90 से अधिक अलग अलग तरह के विमान ले जाने में सक्षम है. इनमें F-35, F-18 सुपर हॉर्नेट जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान शामिल हैं. इसके साथ पूरा कैरियर बैटल ग्रुप चलता है, जिसमें गाइडेड मिसाइल क्रूजर, डेस्ट्रॉयर और पनडुब्बियां शामिल होती हैं. इस पोत पर हमला बड़ी घटना माना जाता है.
क्या कादिर मिसाइल अब्राहम लिंकन को डुबो सकती है?
यूएसएस अब्राहम लिंकन को निशाना बनाना इतना आसान नहीं है. हालांकि कादिर मिसाइल के खतरे की जद से बाहर भी नहीं है. इसकी वजह ये है कि ये पोत मल्टी-लेयर डिफेंस सिस्टम से लैस है. अब्राहम लिंकन अकेला नहीं चलता. उसके साथ एजिस रडार सिस्टम वाले विध्वंसक जहाज होते हैं, जो दूर से ही मिसाइल को देखकर नष्ट कर देते हैं. इस पोत पर तैनात सी स्पैरो मिसाइलें और फैलेंक्स CIWS जैसे गन सिस्टम आने वाली मिसाइल को हवा में ही उड़ाने की क्षमता रखती हैं. इसके अलावा अमेरिका जैमर्स और धोखा देने में माहिर डिकॉय का इस्तेमाल करता है, जो मिसाइल को भटका सकते हैं.
ये भी देखें-
तेहरान के ग्राउंड जीरो से NDTV पर पहली रिपोर्ट: जंग, जुनून और शांति प्रयासों की इनसाइड स्टोरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं