विज्ञापन

चीन की यह नई मिसाइल अमेरिका के पास उड़ रहे विमानों को बना सकती है निशाना, हवा में बदलती है रास्ता- रिपोर्ट

चीन के पास दुनिया का सबसे बड़ा मिसाइल भंडार है. उसके पास 3,150 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें हैं और वह लगातार इसमें इजाफा करते जा रहा है.

चीन की यह नई मिसाइल अमेरिका के पास उड़ रहे विमानों को बना सकती है निशाना, हवा में बदलती है रास्ता- रिपोर्ट
चीन की DF-17 मिसाइल से लॉन्च किया गया HGV लगभग 2,414 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है
  • चीन ने हाइपरसोनिक ग्लाइड व्हीकल विकसित किए हैं जो हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें दाग सकते हैं
  • ये हथियार अमेरिका के दूर दराज के सैन्य ठिकानों जैसे गुआम और हवाई को निशाना बना सकते हैं
  • चीन के DF-17 मिसाइल से छोड़ा गया HGV लगभग 2,414 किलोमीटर तक उड़ान भर सकता है

चीन की सैन्य ताकत हर दिन बढ़ती जा रही है. चीन ने अब ऐसे हाइपरसोनिक ग्लाइड व्हीकल विकसित किए हैं, जो हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें दाग सकते हैं. इनका इस्तेमाल हजारों मील दूर अमेरिका के पास मौजूद बेहद महत्वपूर्ण टारगेट को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता है. किसी भी सैन्य प्लेन को चीन निशाना बना सकता है. इस लेबल की खतरनाक मिसाइल लॉन्च करने वाले इस हाइपरसोनिक ग्लाइड व्हीकल की जानकारी ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में शामने आई है. इस रिपोर्ट में मामले की सीधी जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति के हवाले से यह खबर दी गई है.

चीन के हथियारों में यह नया बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब ईरान के साथ छह महीने की जंग के बाद अमेरिका जरूरी एयर डिफेंस मिसाइलों और लंबी दूरी के हमले वाले हथियारों की कमी से जूझ रहा है. चीन अपने इस नए हथियार से हवा में फ्यूल भरने वाले टैंकर विमानों, हवाई निगरानी और कमांड वाले विमानों और हवा में बने कमांड सेंटर जैसे विमानों को खतरा पहुंचा सकता है. इनमें अमेरिकी वायुसेना का E-4B नाइटवॉच भी शामिल है.

रिपोर्ट में क्या सामने आया?

मामले की सीधी जानकारी रखने वाले व्यक्ति ने ब्लूमबर्ग को बताया कि चीनी सेना ने कुछ हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइलों में भी हवा से हवा में हमला करने की क्षमता जोड़ी है. इसके अलावा, कई तरह की मिसाइलों में जहाजों को निशाना बनाने की क्षमता भी जोड़ी गई है. बता दें कि चीन दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है जिसके बारे में सार्वजनिक रूप से पता है कि वह ऐसे हाइपरसोनिक ग्लाइड व्हीकल (HGV) बना और इस्तेमाल कर रहा है, जो हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें दाग सकते हैं.

दरअसल हाइपरसोनिक ग्लाइड व्हीकल यानी HGV एक तरह का हथियार होता है, जिसे मिसाइल से लॉन्च किया जाता है. इसके बाद यह हवा में हाइपरसोनिक यानी आवाज की गति से पांच गुना से भी ज्यादा तेज रफ्तार से आगे बढ़ता है और रास्ते में अपनी दिशा बदल सकता है. इसकी दिशा बदलने की क्षमता इसे ज्यादा दूर तक जाने में मदद करती है। साथ ही, इसे रास्ते में रोकना भी ज्यादा मुश्किल हो जाता है.

रिपोर्ट के अनुसार चीन की DF-17 मिसाइल से छोड़ा गया HGV करीब 2,414 किलोमीटर तक जा सकता है. यह दूरी चीन से पश्चिमी प्रशांत महासागर में मौजूद अमेरिका के प्रमुख सैन्य ठिकाने गुआम तक की दूरी से थोड़ी कम है. चीन की ज्यादा आधुनिक DF-27 मिसाइल की अनुमानित अधिकतम रेंज करीब 8,000 किलोमीटर है. इसका मतलब है कि इससे अमेरिका के हवाई जैसे बहुत दूर के ठिकानों को भी निशाना बनाया जा सकता है.

लेकिन यह सवाल भी है

हालांकि, दूर मौजूद किसी विमान पर हमला करने के लिए बैलिस्टिक मिसाइल से बने हथियार का इस्तेमाल करना महंगा, मुश्किल और जोखिम भरा है. जब बैलिस्टिक मिसाइल अपनी अधिकतम दूरी तक जाती है, तो उसे अपने लक्ष्य तक पहुंचने में 20 मिनट या उससे ज्यादा समय लग सकता है. इसके लिए लक्ष्य की बेहद सटीक और लगातार अपडेट होने वाली जानकारी जरूरी होती है.

इतनी लंबी दूरी के हमले में लक्ष्य की जानकारी सेंसर से लेकर मिसाइल तक लगातार पहुंचानी पड़ती है. इस पूरी प्रक्रिया को “किल चेन” कहा जाता है. रिपोर्ट के मुताबिक, इतनी लंबी किल चेन होने से दुश्मन के लिए इस पूरी प्रक्रिया को बाधित करना आसान हो सकता है. इसके अलावा, एक और खतरा है. बैलिस्टिक मिसाइल से किया गया हमला परमाणु हमला समझ लिया जा सकता है. ब्लूमबर्ग के मुताबिक, इसे डिस्क्रिमिनेशन प्रॉब्लम कहा जाता है. यानी यह पहचानना मुश्किल हो सकता है कि मिसाइल परमाणु हमला कर रही है या सामान्य हमला. खासकर फुल स्केल के युद्ध के दौरान इससे गलती से परमाणु जवाबी हमला शुरू होने का खतरा हो सकता है.

बता दें कि चीन के पास दुनिया का सबसे बड़ा मिसाइल भंडार है. उसके पास 3,150 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें हैं और वह इनका इस्तेमाल कई तरह के सैन्य अभियानों में करना चाहता है.

यह भी पढ़ें: तालिबान की ये कैसी अदालत? 18 साल की तलाक मांग रही लड़की को 'कम अक्ल' बताते हुए सुनाई खरी-खोटी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
China, China Weapons, China Military Power
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com