- कानपुर में कचरे में पड़ी एक्सपायरी चॉकलेट और टॉफी के बॉक्स लूटने की होड़ मच गई
- सड़क पर पड़ी टॉफी और चॉकलेट उठाने के लिए लोग बाइकें रोककर कचरे में उतर गए
- जिसको जितना मिला लोग उठा ले गए. इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है
मुफ्त की चीज देखकर इंसान अक्सर अपना नफा-नुकसान भूल जाता है, ये कहावत सच कर दिखाई है कानपुर के लोगों ने. हाईवे किनारे कचरे में फेंकी गई एक्सपायर्ड चॉकलेट और टॉफियों को लूटने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. जिसे जो मिला, जितना मिला, वह अपनी जेबों और झोलों में भरकर घर ले गया. इस पूरी घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग एक्सपायरी डेट वाले टॉफी, चॉकलेट के डिब्बे ले जाते दिखाई दे रहे हैं. एक शख्स तो पूरा कार्टन ही उठा ले गया, इन घटना ने लोगों के लालच और बेसिक सेंस पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
एक्सपायर हो टॉफी और चॉकलेट की लूट
यह अजीबोगरीब घटना कानपुर के पनकी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित लोहिया चौराहे के पास की है. फर्टिलाइजर फैक्ट्री के पास हाईवे से गुजरने वाली सड़क के किनारे किसी फैक्ट्री ने अपनी एक्सपायर हो चुकी टॉफियों और चॉकलेट का पूरा स्टॉक फेंक दिया था. वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर जैसे ही रंग-बिरंगे रैपर्स और चॉकलेट के डिब्बों पर पड़ी, लोगों के कदम ठिठक गए.
खराब चॉकलेट उठाकर गर ले गए लोग
पहले एक-दो लोगों ने रुककर चॉकलेट उठानी शुरू की और देखते ही देखते वहां पूरी भीड़ जमा हो गई. सड़क किनारे ऐसा नजारा बन गया मानो कोई मेला लगा हो.राहगीरों के बीच टॉफी और चॉकलेट लूटने की ऐसी होड़ मची कि जिसे जितने पैकेट और डिब्बे मिले, वह उठाकर ले जाने लगा. इलन लोगों ने इतना नहीं सोचा कि अगर ये चीजें खाने लायक होतीं तो इनको कचरे में क्यों फेंका जाता.
सेहत के साथ बहुत बड़ा खिलवाड़
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग बिना यह सोचे-समझे कि ये टॉफियां और चॉकलेट एक्सपायर हो चुकी हैं, उन्हें खुशी-खुशी अपने घर ले जा रहे हैं. चूंकि चॉकलेट और टॉफी बच्चों की सबसे पसंदीदा चीजें होती हैं, ऐसे में ये एक्सपायर्ड उत्पाद सीधे बच्चों के पेट में जाएंगे. लोगों के बेसिक सेंस जैसे काम करना बंद कर दिया हो.
फैक्ट्री की बड़ी लापरवाही उजागर
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही पर उठ रहा है. नियम यह कहता है कि अगर किसी भी खाद्य पदार्थ या कंपनी का स्टॉक एक्सपायर हो जाता है, तो उसे एक तय मानक के अनुसार नष्ट किया जाना चाहिए ताकि वह किसी के उपयोग में न आ सके. लेकिन, कंपनी ने नियमों को ताक पर रखकर इसे खुले में, हाईवे किनारे फेंक दिया. गौर करने वाली बात यह है कि जहां यह कचरा फेंका गया, वह कोई डंपिंग यार्ड नहीं है, बल्कि एक व्यस्त सड़क का किनारा है. इस तरह खुले में एक्सपायर्ड माल फेंकना न सिर्फ पर्यावरण के लिए नुकसानदेह है, बल्कि जन स्वास्थ्य के लिए भी एक बड़ा खतरा है.
प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब लोगों खाद्य सुरक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. जरूरत इस बात की है कि उस फैक्ट्री की पहचान की जाए जिसने यह एक्सपायर्ड माल खुले में फेंका है और उनके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं