- कनाडा की कैलगरी पुलिस ने संगठित अपराधी नेटवर्क का पर्दाफाश कर 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया
- गिरफ्तार आरोपियों पर जबरन वसूली, गोलीबारी, हथियार रखने और अपहरण की योजना सहित कुल 56 आपराधिक आरोप हैं
- कैलगरी पुलिस ऑर्गनाइज्ड क्राइम यूनिट ने जनता से संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है
कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के कैलगरी शहर में पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. कैलगरी पुलिस सर्विस (CPS) की ऑर्गनाइज्ड क्राइम यूनिट ने एक ऐसे आपराधिक नेटवर्क का खुलासा किया है, जो खास तौर पर साउथ एशियन कम्युनिटी के लोगों को निशाना बनाकर जबरन वसूली, धमकी, गोलीबारी और हिंसक घटनाओं को अंजाम देने में शामिल बताया जा रहा है.
पुलिस ने इस पूरे अभियान के दौरान 16 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ कुल 56 आपराधिक आरोप लगाए गए हैं. पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई कई अलग-अलग मामलों की जांच को जोड़ने के बाद की गई, जिनमें एक्सटॉर्शन, फायरिंग, हथियारों का इस्तेमाल, अपहरण की योजना और अपराध के सबूत मिटाने जैसी घटनाएं सामने आईं. गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी भारतीय है.
पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि कुछ आरोपी अलग-अलग नामों या उपनामों से जाने जाते हैं. उनके स्थानीय समुदायों, कनाडा या उनके मूल देश में अलग-अलग पहचान हो सकती है. पुलिस ने अपील की है कि अगर किसी व्यक्ति को इन आरोपियों या इनके संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी है तो वह तुरंत पुलिस या क्राइम स्टॉपर्स को सूचना दे.
रवजोत तूर की गिरफ्तारी से खुला हथियार कनेक्शन
जांच के दौरान पुलिस ने 20 साल के रवजोत तूर को एक ट्रैफिक स्टॉप के दौरान पकड़ा. पुलिस के अनुसार, उसके पास से एक प्रतिबंधित श्रेणी का हथियार, गोलियां और कोकीन बरामद की गई. उस पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिनमें प्रतिबंधित हथियार रखने, बिना लाइसेंस हथियार रखने, गाड़ी में हथियार ले जाने, अपराध से हासिल हथियार रखने, छिपाकर हथियार रखने और ड्रग्स रखने के आरोप शामिल हैं.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उसके पास मौजूद चीजें पहले हुई एक शूटिंग घटना से जुड़ी हो सकती हैं.
मार्च 2026 की शूटिंग मामले में आरोपी
कैलगरी में मार्च 2026 में हुई एक गोलीबारी की जांच के दौरान पुलिस ने कई लोगों को आरोपी बनाया
- जरमनजीत सिंह उर्फ जर्मन सिंह (22): पुलिस ने उसे इस मामले में वांछित घोषित किया है. आरोप है कि उसने ऐसी फायरिंग की, जिससे लोगों की जान को खतरा पैदा हुआ.
- जसकरण सिंह उर्फ जस्सी बुट्टर (21): उस पर भी मार्च 2026 की शूटिंग में शामिल होने का आरोप लगाया गया है.
- करणबीर सिंह उर्फ करण सिंह (21): उस पर भी जान जोखिम में डालने वाली फायरिंग से जुड़े आरोप लगाए गए हैं.
पुलिस अब इन सभी मामलों में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियारों की सप्लाई कहां से हो रही थी और क्या इसके पीछे कोई बड़ा आपराधिक नेटवर्क काम कर रहा था.
शूटिंग के बाद गाड़ी जलाने का मामला
पुलिस जांच में एक वाहन को जलाने का मामला भी सामने आया. आरोप है कि यह गाड़ी पहले हुई शूटिंग की घटना से जुड़ी हुई थी और उसे जलाकर सबूत खत्म करने की कोशिश की गई. इन पर आगजनी का आरोप लगाया गया है.
इस मामले में तीन लोगों पर कार्रवाई की गई-
- अमनदीप सिंह उर्फ शिवा सिंह (21)
- अनुराग सिद्धू (21)
- इशानदीप सिंह (19)
एक्सटॉर्शन यानी डराकर पैसे मांगने का नेटवर्क
मई 2026 में पुलिस को जबरन वसूली की एक घटना की जानकारी मिली. आरोप है कि गैंग के सदस्य लोगों को डराकर पैसे मांग रहे थे. इस मामले में अमनदीप मल्ही उर्फ हरमन गिल (39) और संदीप सिंह (32) को गिरफ्तार किया गया. दोनों पर आरोप है कि उन्होंने जबरन वसूली की कोशिश की और अपराध से जुड़े पैसे रखने में शामिल रहे.
अपहरण की साजिश भी सामने आई
पुलिस ने एक कथित अपहरण की योजना का भी खुलासा किया. इस मामले में पांच लोगों पर कार्रवाई हुई.
- दक्ष गौतम (25)
- आकाशदीप सिंह (19)
- गगनदीप सिंह उर्फ गगी सिंह उर्फ गुग्गी (29)
- परदीप सिंह (24)
- तरनवीर सिंह (24)
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हथियारों के दम पर लोगों को डराने, हमला करने और जबरन रोकने की योजना बनाई थी. इन पर हथियार दिखाने, हमला करने, हथियार के साथ अपहरण और जबरन बंधक बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
गुरकरण ढालीवाल पर भी फायरिंग का आरोप
एक अन्य शूटिंग मामले में पुलिस ने गुरकरण ढालीवाल (21) को गिरफ्तार किया. उस पर आरोप है कि उसने लापरवाही से हथियार चलाया और अवैध हथियार रखा. कैलगरी पुलिस सर्विस ने कहा है कि यह जांच अभी पूरी नहीं हुई है. पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क में और भी लोग जुड़े हो सकते हैं, जिनकी पहचान की जा रही है.
ऑर्गनाइज्ड क्राइम यूनिट अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग का नेटवर्क कितना बड़ा है, इसकी फंडिंग कहां से होती है और क्या इसके संबंध दूसरे अपराधी समूहों से हैं. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आरोपी के बारे में जानकारी होने पर पुलिस को जरूर बताएं. कैलगरी पुलिस के अनुसार, संगठित अपराध और हिंसक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई गैंग और गोल्डी बराड़ - रोहित गोदारा गैंग की दहशत है.
इसे भी पढ़ें: कनाडा में रेस्तरां के बाहर फायरिंग, रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग ने करवाई; सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल
इसे भी पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर कनाडा से आएगा भारत, एपी ढिल्लों के घर की थी फायरिंग, कैसे कसा शिकंजा ?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं