विज्ञापन

कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई के 'मेन हैंडलर' का मर्डर, पुलिस ने की पुष्टि; रोहित गोदारा ने ली हत्या की जिम्मेदारी

इस हत्या ने एक बार फिर विदेशों में सक्रिय गैंग नेटवर्क और उनके आपसी संघर्ष को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, शूटरों की पहचान और मृतक की वास्तविक भूमिका की जांच कर रही है.

कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई के 'मेन हैंडलर' का मर्डर, पुलिस ने की पुष्टि; रोहित गोदारा ने ली हत्या की जिम्मेदारी
कनाडा में बीते महीने मारा गया शख्स लॉरेंस बिश्नोई का मेन हैंडलर था, कनाडा पुलिस ने की पुष्टि.

Delhi News: कनाडा के सरे शहर में पिछले महीने दिनदहाड़े एक ऑफिस में घुसकर जिस शख्स की हत्या हुई थी, उसके तार कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ते नजर आ रहे हैं. अब कनाडा पुलिस ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है कि मारा गया व्यक्ति कोई आम आदमी नहीं था, बल्कि लॉरेंस गैंग का अहम सहयोगी और 'मेन हैंडलर' था. इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस के विरोधी गैंग के रोहित गोदारा ने ली थी. 

दोपहर के वक्त ऑफिस में चली थीं गोलियां

यह घटना 4 मई 2026 की है. दोपहर करीब 3 बजकर 3 मिनट पर सरे पुलिस सर्विस को खबर मिली कि 13000 ब्लॉक 76 एवेन्यू इलाके में मौजूद एक बिजनेस ऑफिस के अंदर गोलियां चली हैं. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई, जहां उन्हें एक व्यक्ति गोली लगने की वजह से बहुत ही गंभीर हालत में मिला.

बचाने की हुई कोशिश, पर चली गई जान

पुलिस वालों ने मौके पर ही उस घायल शख्स की जान बचाने की पूरी कोशिश की और उसे फर्स्ट एड भी दिया. लेकिन उसकी हालत इतनी ज्यादा खराब थी कि कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई. बाद में जब मेडिकल टीम वहां पहुंची, तो उन्होंने उसे मृत घोषित कर दिया.

कौन था मारा गया शख्स?

मारे गए व्यक्ति की पहचान गुरविक्रमजीत सिंह वारिंग के रूप में हुई है. जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ था और गैंग में बहुत ही अहम रोल निभाता था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरविक्रमजीत का काम गैंग के लिए नेटवर्क मैनेजमेंट करना, लोगों से संपर्क बनाना और गैंग की बाकी गतिविधियों को संभालना था. वह एक तरह से इस गैंग का हैंडलर था.

रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी

इस हत्याकांड के अगले ही दिन, यानी 5 मई 2026 को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के विरोधी गुट के रोहित गोदारा ने हत्या की जिम्मेदारी ले ली. उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इस मर्डर को अंजाम देने की बात कबूली. पुलिस की शुरुआती जांच में भी यही सामने आ रहा है कि यह पूरा मामला आपसी गैंगवॉर का ही है.

क्रिकेट फिक्सिंग से भी जुड़ रहे हैं तार

गैंगवॉर के अलावा पुलिस इस मामले की जांच एक और एंगल से भी कर रही है. ऐसे दावे किए जा रहे हैं कि गुरविक्रमजीत सिंह की गतिविधियां क्रिकेट मैच फिक्सिंग से भी जुड़ी हुई थीं. हालांकि, अभी तक पुलिस की तरफ से फिक्सिंग के इस मामले पर कोई भी आधिकारिक और विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है.

कहां तक पहुंची पुलिस की जांच?

कनाडा की इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम इस पूरे मामले की जांच कर रही है. फिलहाल, पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि नहीं की है. इसके साथ ही, हमलावरों या संदिग्धों के बारे में भी कोई जानकारी आम जनता के सामने नहीं रखी गई है. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास भी इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी है, तो वह तुरंत जांच टीम से संपर्क करे.

भारत और कनाडा की एजेंसियां हुई सतर्क

कनाडा में भारतीय गैंग्स के नेटवर्क और उनसे जुड़े अपराधों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पिछले कुछ समय से काफी चौकन्नी हैं. कई मामलों में भारत और कनाडा दोनों देशों की एजेंसियां मिलकर इन इंटरनेशनल क्रिमिनल नेटवर्क्स की हरकतों पर नजर रख रही हैं.

ये भी पढ़ें:- 'हमारे पास 1000 शूटर हैं...': कनाडा पुलिस स्टेशन में बिश्नोई गैंग की चिट्ठी से मचा हड़कंप

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lawrence Bishnoi, Rohit Godara, Canada Gangwar, World News, Canada Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com