विज्ञापन
This Article is From Mar 05, 2011

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री भट्टाराई का निधन

काठमांडू: भारत में ब्रिटिश शासन के खिलाफ 'भारत छोड़ो' आंदोलन में हिस्सा लेने वाले नेपाल के बेदाग छवि वाले लोकप्रिय पूर्व प्रधानमंत्री कृष्ण प्रसाद भट्टाराई का शुक्रवार को 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया। नेपाल में लोकतंत्र की स्थापित करने के संघर्ष में बिहार में जन्मे भट्टाराई का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। भट्टाराई करीब महीने भर से बीमार थे और काठमांडू के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बुधवार को वह कोमा में चले गए और शुक्रवार रात 11:46 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। नेपाल में 'संत प्रधानमंत्री' कहे जाने वाले भट्टाराई का जन्म बिहार के रामनगर गांव में हुआ था। उनके पिता के परिवार को नेपाल के राणा प्रधानमंत्रियों ने निर्वासित कर दिया था। भट्टाराई ने वर्ष 1942 में 'भारत छोड़ो' आंदोलन में हिस्सा लिया। उस समय वह 18 वर्ष के थे। आंदोलन के दौरान वह कई बार जेल गए। भारत में आजादी के आंदोलन से प्रभावित भट्टाराई और नेपाल से निर्वासित किए गए अन्य लोगों को भी नेपाल में राजशाही खत्म करके लोकतंत्र स्थापित करने की उम्मीद जगी। वर्ष 1950 में कोलकाता में निर्वासित नेपाली कांग्रेस की स्थापना की गई जिसका उद्देश्य नेपाल में सशस्त्र संघर्ष शुरू करना था। गांधीवादी भट्टाराई उस समय दक्षिणी नेपाल में सशस्त्र विद्रोह का हिस्सा बने। नेपाल लौटने पर उन्हें 14 साल के लिए जेल भेज दिया गया जहां शुरुआती आठ साल उन्होंने बिना किसी मुकदमे के काटे। भट्टाराई और उनके सहयोगियों के लोकतंत्र समर्थक आंदोलन को पहली सफलता 1990 में मिली जब राजनीतिक पार्टियों से प्रतिबंध हटा लिया गया। बाद में भट्टाराई प्रधानमंत्री बने और उन्होंने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए बनी अंतरिम सरकार का नेतृत्व किया। बाद में पार्टी की आंतरिक राजनीति और गिरिजा प्रसाद कोइराला की महत्वाकांक्षाओं के कारण भट्टाराई पार्टी से अलग हो गए। इसके नौ साल बाद लोगों के बीच भट्टाराई की लोकप्रियता को पहचानते हुए कोइराला ने 1999 में हुए चुनाव से एक दिन पहले भट्टाराई को पार्टी में वापस लाने की घोषणा की। कोइराला के इस चतुराई भरे निर्णय के बाद पार्टी चुनाव जीत गई। तब भट्टाराई 1999 में दूसरी बार प्रधानमंत्री बने लेकिन कोइराला के दोबारा नेतृत्व करने की इच्छा के चलते उन्हें नौ महीने बाद ही इस्तीफा देना पड़ा। इसके तीन साल बाद भट्टाराई ने सक्रिय राजनीति छोड़ दी और चार साल बाद पार्टी से भी हट गए। भट्टाराई महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और जय प्रकाश नारायण जैसे भारतीय नेताओं के करीबी रहे। उनकी अंत्येष्टि रविवार को पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में की जाएगी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com