- इजरायल में अक्टूबर में चुनाव होने हैं, जिसमें प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की कुर्सी पर संकट है
- नेतन्याहू की पार्टी ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी की तुलना ईरान और हिजबुल्लाह के नेताओं से की है
- ममदानी गाजा युद्ध के मुखर आलोचक हैं, उन्होंने नेतन्याहू को युद्ध अपराधी बताते हुए गिरफ्तार करने की मांग की है
इजरायल में चुनाव होने जा रहा है और जंग में उलझे प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की कुर्सी खतरे में है. तमाम सर्वे में पीछे दिख रहे नेतन्याहू की पार्टी ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है. ऐसे में नेतन्याहू की पार्टी ने अपने चुनावी कैंपेन के एक होर्डिंग पर अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी की तुलना ईरान और हिजबुल्लाह के नेताओं से की है. सेंट्रल तेल अवीव में लगे इस होर्डिंग में ममदानी को तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन, ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई और मिलिटेंट ग्रुप हिजबुल्लाह के प्रमुख नईम कासिम के साथ दिखाया गया है.
नेतन्याहू की दक्षिणपंथी लिकुड पार्टी के लोगो वाले इस पोस्टर पर लिखा है, "वे चाहते हैं कि नेतन्याहू हार जाएं... उन्हें जीतने न दें."
אל תתנו להם לנצח pic.twitter.com/JgvJXAPtia
— Benjamin Netanyahu - בנימין נתניהו (@netanyahu) August 16, 2026
ममदानी को दुश्मन क्यों मानते हैं नेतन्याहू और उनकी पार्टी?
अक्टूबर में होने वाले चुनावों से पहले जुलाई में इजराइल की संसद 'नेसेट' के भंग हो गई है. ऐसे में नेतन्याहू अपनी दक्षिणपंथी गठबंधन सरकार को सत्ता में बनाए रखने के लिए चुनावी मोड में आ गए हैं. ये चुनाव 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमलों के बाद पहली बार हो रहे हैं.
अब सवाल की ममदानी और नेतन्याहू के बीच कैसी दुश्मनी है. दरअसल ममदानी मेयर पद के लिए अपने कैंपेन की शुरुआत से ही गाजा में इजरायल के युद्ध के मुखर आलोचक रहे हैं. लेकिन नेतन्याहू के साथ उनकी जुबानी जंग पिछले महीने तब और तेज हो गई जब उन्होंने इजरायली नेता को "युद्ध अपराधी" कहा और कहा कि उन्हें हेग (इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस) में होना चाहिए".
न्यूयॉर्क के मेयर ने अमेरिकी अधिकारियों से यह भी कहा कि अगर नेतन्याहू सितंबर में शहर में होने वाली UN जनरल असेंबली में शामिल होते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार करने के लिए इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट के वारंट को लागू किया जाए. नेतन्याहू ने पलटवार करते हुए ममदानी पर नफरत फैलाने और अपने शहर में अलग-अलग धार्मिक समूहों को एक-दूसरे के खिलाफ भड़काने का आरोप लगाया.
सर्वे में पीछे नेतन्याहू
नेतन्याहू का गठबंधन इस समय ओपिनियन पोल में पीछे चल रहा है. नेतन्याहू ने खुद रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर इस होर्डिंग की एक फोटो पोस्ट की. साथ ही, उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया जिसमें ममदानी की वे टिप्पणियां थीं जिनमें उन्होंने नेतन्याहू को युद्ध अपराधी कहा था. इन दोनों नेताओं के बीच यह विवाद ऐसे समय में हो रहा है जब गाजा में सीजफायर डील को लेकर अमेरिका और इजरायल के बीच बातचीत अटकी हुई है. डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और दूत जेरेड कुशनर ने सोमवार को नेतन्याहू के साथ तीन घंटे की बैठक की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला, क्योंकि इजरायल तब तक गाजा पट्टी से सेना हटाने को तैयार नहीं है जब तक हमास पहले हथियार छोड़ने पर सहमत न हो जाए.
वैसे नेतन्याहू के चुनावी कैंपेन में शामिल किए जाने पर ममदानी ने खबर लिखे जाने तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं