विज्ञापन

'मुझे पकड़ने आए तो कमांडो भेज दूंगा', गिरफ्तारी वारंट पर नेतन्याहू की धमकी, निशाने पर ममदानी?

मेयर जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क आने पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को गिरफ्तार करने की धमकी दे रहे थे. लेकिन अब उन्होंने कहा कि वह चाहकर भी ऐसा नहीं कर सकते हैं.

'मुझे पकड़ने आए तो कमांडो भेज दूंगा', गिरफ्तारी वारंट पर नेतन्याहू की धमकी, निशाने पर ममदानी?
जोहरान ममदानी ने बेंजामिन नेतन्याहू पर अपने हमले कम नहीं किए (फोटो- AFP)

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें गिरफ्तार करने का सपना देखने वालों को बड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि अगर कोई विदेशी सरकार अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) के गिरफ्तारी वारंट के आधार पर उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश करती है, तो इजरायल के स्पेशल कमांडो उनकी मदद के लिए कार्रवाई कर सकते हैं, वे हमेशा तैयार हैं. अपने अमेरिका दौरे के दौरान फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में नेतन्याहू ने कहा कि उन्हें उन देशों में जाने से कोई डर नहीं है, जिन्होंने 2024 में ICC के अरेस्ट वारंट का समर्थन किया है.

जब उनसे पूछा गया कि क्या विदेश में गिरफ्तारी का खतरा या मेडिकल इमरजेंसी जैसी किसी अचानक स्थिति में पकड़े जाने की आशंका उन्हें परेशान करती है, तो उन्होंने कहा, "हां, मैं इसके बारे में सोचता हूं. लेकिन हमारे पास स्पेशल फोर्सेज हैं. मैंने खुद पांच साल तक सेना में सेवा की है."

इशारा ममदानी की ओर?

नेतन्याहू ने यह भी कहा कि वह न्यूयॉर्क जाएंगे. उन्होंने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी की उस मांग को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने अमेरिकी अधिकारियों से नेतन्याहू के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा था. ममदानी के बयान पर नेतन्याहू ने कहा, "मैं इस चुने हुए नेता के सामने सच बोलूंगा. वह न्यूयॉर्क के लोगों को आपस में बांट रहे हैं. वह शहर के यहूदियों को दूसरे लोगों के खिलाफ खड़ा कर रहे हैं."

गौरतलब है कि मेयर जोहरान ममदानी पहले ही नेतन्याहू को "युद्ध अपराधी" बता चुके हैं. ममदानी ने कहा कि गाजा युद्ध के दौरान इजरायल की कार्रवाई को लेकर दुनिया भर में चिंता है, लेकिन न्यूयॉर्क शहर प्रशासन के पास ICC के वारंट को लागू करने का कानूनी अधिकार नहीं है.

उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी अमेरिकी संघीय एजेंसियों की है. दूसरी तरफ, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जो नेतन्याहू के करीबी सहयोगी हैं, उन्होंने भरोसा दिलाया है कि अमेरिका आने पर नेतन्याहू को गिरफ्तार किए जाने का कोई खतरा नहीं है.

ICC ने नवंबर 2024 में नेतन्याहू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था. इस अदालत का कहना है कि गाजा में इजरायली सैन्य अभियान के दौरान युद्ध अपराध और मानवता के खिलाफ अपराध किए जाने के शक के आधार पर यह वारंट जारी किया गया था.

यह भी पढ़ें: ममदानी का चुनावी वादे से यू-टर्न, कहा नेतन्याहू को गिरफ्तार करने का अधिकार मेरे पास नहीं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Benjamin Netanyahu, Benjamin Netanyahu Arrest Warrant, Israel
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com