- बांग्लादेश में जमात-ए-इस्लामी के सांसद गाजी नजरुल इस्लाम की दूसरी पत्नी मरियम खातून का शव फंद से लटकता मिला
- मृतका की उम्र 19 वर्ष थी, सांसद और उनकी पहली पत्नी- दोनों को पुलिस ने हिरासत में लिया है
- सांसद के खिलाफ पार्टी ने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोपों के कारण जुलाई में पार्टी से निकाल दिया था
बांग्लादेश में जमात-ए-इस्लामी के एक सांसद से जुड़ी घटना सुर्खियों में है. ढाका में 19 साल की एक युवती का शव संसद के सामने स्थित NAM भवन के एक फ्लैट में फंदे से लटका मिला. यह वही युवती थी, जिसे 75 साल के सांसद गाजी नजरुल इस्लाम ने एक विवादित वीडियो सामने आने के बाद अपनी दूसरी पत्नी बताया था. इस मामले में अब पार्टी से निकाले जा चुके गाजी नजरुल इस्लाम और उनकी पहली पत्नी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
क्या है पूरा मामला?
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने रविवार 19 साल की मोसममत मरियम खातून का शव बरामद किया. मरियम को 75 साल के सांसद गाजी नजरुल इस्लाम ने अपनी दूसरी पत्नी बताया था. अब उसका शव संसद के सामने स्थित NAM भवन के एक फ्लैट से मिला है. रिपोर्ट के अनुसार शेर-ए-बांग्ला नगर पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मोनीरुल इस्लाम ने बताया कि मौत के वक्त सांसद भी फ्लैट में मौजूद थे. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मरियम की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
जमात-ए-इस्लामी ने जुलाई में निकाला था
जमात-ए-इस्लामी ने 22 जुलाई को गाजी नजरुल को पार्टी से निकाल दिया था. पार्टी ने इसकी वजह नैतिक आचरण से जुड़ा मामला बताया था. यह कार्रवाई एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोपों के बाद की गई थी. 75 साल के सांसद और एक युवा महिला के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्टी को दो दिनों से ज्यादा समय तक आलोचना का सामना करना पड़ा था. इसके बाद जमात की इमरजेंसी बैठक में यह फैसला लिया.
एक वीडियो में नजरुल और वह महिला एक कमरे में बेहद निजी पलों में दिखाई दे रहे थे. दूसरे वीडियो में कुछ लोग उसी कमरे में नजरुल से सवाल-जवाब करते हुए दिखाई दे रहे थे और महिला भी वहां मौजूद थी. उस समय नजरुल ने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोपों से इनकार किया था. उन्होंने कहा था कि वह महिला उनकी दूसरी पत्नी मरियम खातून है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं