विज्ञापन

पांच पीढ़ियां देख चुकीं कामिले मारा 117 साल की उम्र में भी फिट और खुश; बताया लंबी उम्र का राज

अल्बानिया की 117 वर्षीय कामिले मारा दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला होने की दावेदार हैं. पांच पीढ़ियां देख चुकीं मारा आज भी सक्रिय जीवन जी रही हैं और उनकी कहानी दुनियाभर में चर्चा का विषय बनी हुई है.

पांच पीढ़ियां देख चुकीं कामिले मारा 117 साल की उम्र में भी फिट और खुश; बताया लंबी उम्र का राज
उम्र 117 साल, लेकिन उत्साह आज भी बरकरार
अल्टर्ड बाय NDTV
  • दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला! 1909 में जन्मी कामिले मारा की कहानी वायरल
  • 117 साल की उम्र में भी रोज टहलती हैं, बागवानी करती हैं और खुद करती हैं काम
  • इस उम्र में भी एक्टिव लाइफ, जानिए कामिले मारा का रूटीन
अल्बानिया:

117 वर्ष की उम्र में भी कामिले मारा की मुस्कान और जीवन के प्रति उत्साह लोगों को हैरान कर देता है. अल्बानिया के एक छोटे से गांव फेरास में रहने वाली मारा इन दिनों दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला होने की संभावित दावेदार के रूप में चर्चा में हैं. आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार उनका जन्म 19 अगस्त 1909 को हुआ था. उस दौर में जन्मी मारा ने ओटोमन शासन, द्वितीय विश्व युद्ध और अल्बानिया की कम्युनिस्ट व्यवस्था जैसे कई ऐतिहासिक दौर देखे हैं, लेकिन आज भी उनका ध्यान केवल खुशहाल जीवन जीने पर फोकस है.

रिकॉर्ड से ज्यादा जिंदगी का आनंद लेने में विश्वास

कामिले मारा को इस बात की विशेष चिंता नहीं है कि उन्हें दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला माना जाएगा या नहीं. यहां तक कि उन्हें यह साबित करने की भी फिक्र नहीं कि वह अब भी जीवित हैं. अपने घर के बाहर बैठी मारा ने कहा कि जीवन बेहद सुंदर है. उन्होंने जीवन की तुलना अल्बानिया की प्रसिद्ध टॉमोर पर्वतमाला से करते हुए कहा कि खिलते हुए पहाड़ों की तरह जीवन भी खूबसूरत है.

ओटोमन शासन से आज तक का सफर

न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक मारा का जन्म उस समय हुआ था जब अल्बानिया पर ओटोमन शासन का प्रभाव था. द्वितीय विश्व युद्ध समाप्त होने से दो सप्ताह पहले उन्होंने अपना 36वां जन्मदिन मनाया था. इसके बाद उन्होंने अल्बानिया की कम्युनिस्ट तानाशाही का दौर भी देखा और आधुनिक दौर तक का सफर तय किया. अपने पारंपरिक सफेद स्कार्फ में नजर आने वाली मारा कहती हैं कि इंसान उतनी ही उम्र जीता है जितनी भगवान ने उसके लिए तय की होती है.

117 वर्षीय कामिले मारा

117 वर्षीय कामिले मारा
Photo Credit: सोशल मीडिया वीडियो से स्क्रीनशॉट

दस्तावेज बताते हैं 1909 में हुआ था जन्म

मारा के परिवार के पास उनकी उम्र से जुड़े कई आधिकारिक दस्तावेज मौजूद हैं. इनमें 1945 का जन्म प्रमाण पत्र, 1978 में जारी पासपोर्ट और हाल ही में जारी पहचान पत्र शामिल हैं. सभी में उनकी जन्मतिथि 19 अगस्त 1909 दर्ज है. यदि यह आयु आधिकारिक तौर पर मान्य हो जाती है, तो वह वर्तमान में दुनिया की सबसे बुजुर्ग जीवित महिला मानी जाने वाली ब्रिटेन की एथेल कैटरहम से दो दिन बड़ी होंगी.

पेंशन भी हो गई थी बंद

मारा की उम्र को लेकर स्थानीय प्रशासन भी एक बार हैरान रह गया था. उनके 80 वर्षीय बेटे हिसेन के अनुसार, जब उनकी मां 100 वर्ष की हुईं तो अधिकारियों ने उनकी पेंशन बंद कर दी थी क्योंकि उन्हें विश्वास नहीं था कि वह अब भी जीवित हैं. परिवार को गवाहों और अन्य प्रमाणों के जरिए यह साबित करना पड़ा कि मारा जीवित हैं, जिसके बाद पेंशन दोबारा शुरू की गई. इसी महीने सरकार ने उनकी उम्र को सम्मान देते हुए विशेष सरकारी पेंशन भी मंजूर की है.

अपनी पुरानी तस्वीर के साथ मारा

अपनी पुरानी तस्वीर के साथ मारा
Photo Credit: अल्टर्ड बाय NDTV

क्या है लंबी उम्र का राज?

कामिले मारा की दिनचर्या आज भी काफी सक्रिय है. वह सुबह जल्दी उठती हैं, आंगन साफ करती हैं, फूलों में पानी डालती हैं और मुर्गियों को दाना खिलाती हैं. इसके बाद वह आराम से कॉफी पीती हैं. वह अपने बेटे के साथ बगीचे में टहलना भी पसंद करती हैं. रास्ते में अनार तोड़ना और जेब में तुलसी की पत्तियां रखकर उसकी खुशबू महसूस करना उनकी आदत में शामिल है. उनके बेटे का दावा है कि उनकी मां कभी डॉक्टर के पास तक नहीं गईं और उन्होंने जीवन में कोई दवा भी नहीं ली.

पांच पीढ़ियों को बढ़ते देखा

कामिले मारा के पति का 36 वर्ष पहले निधन हो चुका है. वह आज भी अपने वैवाहिक जीवन को प्यार से याद करती हैं. उनका विवाह पारंपरिक तरीके से हुआ था, लेकिन वह इसे खुशहाल रिश्ता बताती हैं. सात बच्चों की मां मारा आज अपने परिवार की पांच पीढ़ियों को देख चुकी हैं. परिवार और दोस्तों को याद करते हुए उनकी आंखें भर आती हैं, लेकिन जब घर में बच्चों और रिश्तेदारों की चहल-पहल देखती हैं तो उनके चेहरे पर मुस्कान लौट आती है.

18 वर्ष की उम्र की तस्वीर अब भी संभालकर रखी

अपने युवावस्था के दिनों की यादों में मारा ने सिर्फ एक तस्वीर सहेजकर रखी है. लगभग एक सदी पुरानी इस तस्वीर में वह सफेद स्कार्फ पहने नजर आती हैं, बिल्कुल वैसे ही जैसे आज पहनती हैं. तस्वीर को देखते हुए वह मुस्कुराकर कहती हैं, 'तब मेरी उम्र 18 साल थी.' 117 वर्ष की उम्र में भी कामिले मारा न सिर्फ लंबी आयु का उदाहरण हैं, बल्कि यह भी दिखाती हैं कि सादगी, सक्रिय जीवनशैली और परिवार के बीच रहने से जीवन के प्रति लगाव कभी कम नहीं होता.

यह भी पढ़ें : 97 की उम्र में महिला ने किया अक्षय कुमार जैसा खतरनाक स्टंट, हवा में उड़ते प्लेन पर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Qamile Marra, Oldest Woman, World's Oldest Woman, 117 Year Old Woman, World Record
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com