उत्तर प्रदेश की सियासत में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (सपा) और जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के बीच बयानबाजी का नया दौर शुरू हो गया है. 'चवन्नी' से शुरू हुई बयानबाजी अब 'राजनीति की ABCD' पर आ गई है. इसी पर जयंत चौधरी ने अखिलेश पर पलटवार करते हुए कहा है कि राजनीति हमें चौधरी साहब सिखा गए हैं.
सपा और आरएलडी के बीच बयानबाजी का दौर तब शुरू हुआ था, जब पिछले हफ्ते अखिलेश यादव ने नाम लिए बगैर जयंत चौधरी को 'चवन्नी' कह दिया था. अब सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि जिन्हें राजनीति की ABCD नहीं आती थी, ऐसे लोगों को समाजवादी पार्टी ने मौका दिया है. इसी पर पलटवार करते हुए अब जयंत चौधरी ने कहा कि इस चुनाव में चौधरी चरण सिंह का समाज आपको जवाब देगा.
राजनीति की ABCD पर कैसे शुरू हुआ विवाद?
सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा था कि 'जो समाज राजनीतिक हाशिए पर रहा है, जिन्हें राजनीति की ABCD नहीं आती थी, ऐसे समाज को पहले चवन्नी बनाया, चवन्नी से अठन्नी बनाया, अठन्नी से रुपया बनाया... ऐसे-ऐसे लोगों को अवसर समाजवादी पार्टी ने दिया.'
उन्होंने कहा कि 'उत्तर प्रदेश की विधानसभा सहित देश की संसद में भी सोने जैसा चमकता हुआ, किसानों और मजदूरों का नेता बनाने का मौका दिया है.'
यह भी पढ़ेंः चवन्नी की बात छोड़िए, आप एक आने के नेता नहीं रहेंगे... अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा के संगीत सोम का पलटवार
जयंत ने ऐसे दिया जवाब
राजनीति की ABCD वाले बयान पर पलटवार करते हुए लखनऊ में जयंत चौधरी ने कहा कि 'अब शांत रहने का वक्त नहीं. कुछ चीजें बर्दाश्त के बाहर होती हैं.'
उन्होंने अखिलेश का नाम लिए बगैर कहा कि 'लखनऊ में जो पार्टी के बड़े अध्यक्ष हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूं कि आपने जिस समाज को कहा कि हमने सिखाया है, वह चौधरी चरण सिंह का समाज है. आपने समाज का निर्माण नहीं किया. ये तो समाज तय करती है कि किसको आगे बढ़ाना है. आप समाज से हैं.'
उन्होंने कहा कि 'अगर इन बातों को भूल गए हैं तो इन बातो को इस चुनाव में पटखनी देकर भी चौधरी चरण सिंह का समाज खड़ा होकर बताएगा. वो जिंदादिली, वो हिम्मत, वो आत्मसमर्पण के भाव के साथ चौधरी चरण सिंह का समाज आपको जवाब देगा. अकेले जयंत चौधरी को जवाब देने की जरूरत नहीं.'
यह भी पढ़ेंः यूपी चुनाव से पहले बीजेपी के साथ कौन-सा माइंड गेम खेल रहे अखिलेश यादव? जयंत भी निशाने पर
'चवन्नी' वाला मामला क्या है?
पिछले हफ्ते अखिलेश यादव ने जयंत चौधरी का नाम लिए बगैर कहा था कि 'कहां-कहां से आ गए थे. चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी...'
इसके जवाब में जयंत चौधरी ने पलटवार करते हुए X पर लिखा था, 'सियासत की लड़ाई में कुछ सस्ते शब्द बोलने ही थे तो मेरा नाम लेकर बोल देते, कोई बात नहीं थी. जाट समाज को टारगेट करना और कहना एबीसीडी हमने सिखाई. मैं इस अहंकार को देख चुका हूं करीब से और मानता हूं कि ऐसा आचरण सिर्फ पतन लाता है.'
सियासत की लड़ाई में कुछ सस्ते शब्द बोलने ही थे तो मेरा नाम लेकर बोल देते,
— Jayant Singh (@jayantrld) August 21, 2026
कोई बात नहीं थी…
जाट समाज को टारगेट करना और कहना ABCD हमने सिखाई?
मैं इस अहंकार को देख चुका हूँ करीब से और मानता हूँ ऐसा आचरण सिर्फ़ पतन लाता है!
अखिलेश के इस बयान को बीजेपी और जयंत चौधरी ने जाट समाज के अपमान से जोड़ दिया था. बसपा प्रमुख मायावती ने भी अखिलेश के इस बयान को 'अहंकारी' और 'अलोकतांत्रिक' बताया था.
वहीं, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने X पर पोस्ट कर कहा, 'नेताजी की कमाई, सपा बहादुर ने गंवाई. यह सोलह आने सच है. लेकिन इस छटपटाहट ने सपा बहादुर अखिलेश यादव का मनोबल ऐसा तोड़ा है कि अपनी जुबान से अगड़ा, पिछड़ा और दलितों में किसी पर भी अपनी लाठी चला देते हैं.'
उन्होंने कहा कि अब केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पर घटिया बयान देकर अपनी उसी छटपटाहट को उजागर कर दिया जबकि 'भारत रत्न' चौधरी चरण सिंह जी का सैफई परिवार पर इतना कर्ज है कि सपा बहादुर उसे चुका नहीं सकते. सपा बहादुर को जयंत चौधरी जी से तुरंत माफी मांगनी चाहिए.
यह भी पढ़ेंः किस्सा यूपी का: चौधरी चरण सिंह कैसे बने किसानों का मसीहा? यूपी CM से PM तक का पूरा सफर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं