- अखिलेश यादव ने जयंत चौधरी और रालोद पार्टी पर चवन्नी से रुपया बनाने का तंज कसते हुए आरोप लगाए थे
- जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया और भाजपा जाटों की राजनीतिक गोलबंदी कर रही है
- पूर्व विधायक संगीत सोम ने रक्षाबंधन कार्यक्रम में किसान बिरादरी के अपमान का आरोप लगाते हुए जवाबी हमला किया
अखिलेश यादव ने पिछले दिनों मीडिया से बात करते हुए जयंत चौधरी और उनकी पार्टी रालोद पर तंज कस दिया था. उनका कहना था कि हमने जिनको चवन्नी से रुपया बना दिया था, वे छोड़कर चले गए. इस बयान के कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक राजनीतिक आरोपों का दौर जारी है. जयंत चौधरी ने इस पर पलटवार किया था और भाजपा भी इसके बहाने जाटों की गोलबंदी करने में जुटी है. इस बीच मेरठ की सरधना सीट से विधायक रहे संगीत सोम ने भी अखिलेश यादव पर हमला बोला है. रक्षाबंधन को लेकर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगीत सोम ने कहा कि किसान बिरादरी का अखिलेश यादव ने अपमान किया है.
उनको इसकी कीमत चुकानी होगी और किसान तबका उनको एक आने का नहीं रहने देगा. संगीत सोम ने कहा, 'अखिलेश यादव पीडीए की बात करते हैं. आपको और आपके पिताजी को नेता बनाने वाला कोई था तो वह किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह थे. आज आप चौधरी चरण सिंह के परिवार को अपमानित कर रहे हैं. उस परिवार को 36 बिरादरी के लोग सम्मान देते हैं. अपने मसीहा चौधरी चरण सिंह को पूजते हैं. आप उस परिवार को चवन्नी बता रहे हैं. आपका कहना है कि हमने चवन्नी को रुपया बनाया. आपने जिनको चवन्नी कहा है, वे आपकी कीमत 2027 में एक आने की नहीं छोड़ेंगे.'
इसके आगे संगीत सोम ने कहा कि आप एक आने के नेता नहीं रहेंगे. अगर आपकी सीटें आईं और पश्चिम में खाता खुला तो इसकी वजह यही थी कि जयंत चौधरी जी के साथ आपका गठबंधन था. अब आप पश्चिम में खाता नहीं खोल सकते क्योंकि आपने पूरी किसान बिरादरी का अपमान किया था. अब यह किसान बिरादरी आपका खाता नहीं खुलने देगी. अब किसान सुकून नहीं छिनने देना चाहते.'
पूर्व विधायक ने कहा कि सीएम पहले ही कह चुके हैं कि एक चौराहे पर बहन-बेटी से छेड़छाड़ करोगे तो अगले चौराहे पर यमराज इंतजार करता मिलेगा. संगीत सोम ने रक्षाबंधन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही. उन्होंने कहा कि आज सबसे ज्यादा सुरक्षा हमारी बहनों को मिली है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं