Gold Prices Fall, Silver Rates Drop: सोने और चांदी के दाम में आज 21 सितंबर, सोमवार की दोपहर बड़ी गिरावट देखी जा रही है. दोपहर करीब एक बजे सोने-चांदी के दाम 3,200 रुपये से ज्यादा तक गिर गए. डॉलर के मजबूत होने के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने-चांदी के दाम उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. दोपहर करीब 1:30 बजे सोने में करीब 1,000 रुपये की गिरावट देखी गई, वहीं चांदी में 2,300 रुपये तक की गिरावट देखी गई. हालांकि बाद में हल्की रिकवरी देखी गई.
घरेलू कमोडिटी मार्केट MCX पर सोना दोपहर में 0.60 फीसदी या 919 रुपये की गिरावट के साथ 1,53,462 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर ट्रेड करता दिखा. वहीं, चांदी करीब 0.95 फीसदी या 2,302 रुपये की गिरावट के साथ 2,39,301 रुपये प्रति किलो के भाव पर ट्रेड करता दिखा.

वीकेंड के बाद कमजोर शुरुआत
साप्ताहिक बंदी के बाद सोमवार को घरेलू कमोडिटी मार्केट खुलते ही सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली. दोनों कीमती धातुओं के दाम 0.70 फीसदी तक गिर गए. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 5 अक्टूबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,54,381 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले गिरावट के साथ 1,53,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था. सुबह 10:30 बजे यह 828 रुपये या 0.54 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,53,553 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था.
चांदी भी 2,300 रुपये तक टूटी
चांदी की कीमतों में भी सोमवार को दबाव देखने को मिला. MCX पर चांदी का 4 दिसंबर 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,41,603 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले 2,40,004 रुपये पर खुला. चांदी 1,689 रुपये यानी 0.70 फीसदी की कमजोरी के साथ 2,39,914 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी. कारोबार के दौरान चांदी ने 2,39,893 रुपये प्रति किलोग्राम का निचला स्तर और 2,41,122 रुपये प्रति किलोग्राम का ऊपरी स्तर छुआ. दोपहर तक चांदी में करीब 2,300 रुपये तक की गिरावट देखने को मिली.
दिल्ली में 24 कैरेट सोना सबसे महंगा
देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने की कीमत 10 ग्राम के लिए 1.55 लाख रुपये के पार बनी हुई है.
दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,55,830 रुपये प्रति 10 ग्राम है. चेन्नई, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, केरल और पुणे में इसका भाव 1,55,680 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
वहीं, वडोदरा और अहमदाबाद में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,55,730 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
आपके शहर में चांदी कितने की?
चांदी के भाव में भी शहरों के हिसाब से अंतर देखने को मिल रहा है. चेन्नई, हैदराबाद और केरल में चांदी 2,60,000 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर है.
वहीं दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, पुणे, वडोदरा और अहमदाबाद में चांदी का भाव 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम है.
इस तरह दक्षिण भारत के कुछ प्रमुख बाजारों में चांदी का भाव दिल्ली और दूसरे प्रमुख शहरों की तुलना में 10,000 रुपये प्रति किलोग्राम अधिक है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी कमजोर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली. कॉमेक्स पर सोना 0.75 फीसदी की कमजोरी के साथ 4,391 डॉलर प्रति औंस पर था.
इसी तरह चांदी 0.76 फीसदी की गिरावट के साथ 66 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी.
क्यों गिर रहे हैं सोने-चांदी के दाम?
जानकारों के मुताबिक, सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की प्रमुख वजह डॉलर इंडेक्स में तेजी है. डॉलर इंडेक्स 100 के ऊपर बना हुआ है और ये बीते चार हफ्तों के सबसे ऊंचे स्तर पर है.
इसके अलावा, वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने की उम्मीद को भी कीमती धातुओं की कीमतों में कमजोरी की एक वजह माना जा रहा है.
डॉलर इंडेक्स अमेरिकी मुद्रा की दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं, यूरो, जापानी येन, पाउंड स्टर्लिंग, कैनेडियन डॉलर, स्वीडिश क्रोना और स्विस फ्रैंक के मुकाबले स्थिति को दर्शाता है.
ये भी पढ़ें: भारत का सामान टैक्स फ्री बिकेगा, दशहरे पर किसानों-कारोबारियों को बड़ा तोहफा, इस तारीख से लागू होगी ट्रेड डील
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं