विज्ञापन

डॉक्टर के लॉकर से सालभर पैसे चुराता रहा घरेलू सहायक, खरीद ली कार, बाइक और ऑटो, ऐसे खुली पोल

घरेलू सहायक एक साल से लगातार चोरी कर रहा था और इन पैसों से उसने कार, बाइक और ऑटो खरीदी. आरोपी के पास से कुल एक लाख दस हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं.

डॉक्टर के लॉकर से सालभर पैसे चुराता रहा घरेलू सहायक, खरीद ली कार, बाइक और ऑटो, ऐसे खुली पोल
झांसी:

यूपी के झांसी में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां एक डॉक्टर के घर से उनका घरेलू सहायक एक साल तक लगातार चोरी करता रहा और इन पैसों से उसने न केवल अपने शौक पूरे किए, बल्कि अपनी कार, बाइक और ऑटो भी खरीद ली. हालांकि एक दिन वो लॉकर से रुपये चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया. मामला झांसी जनपद के नवाबाद थाना क्षेत्र का है. नवाबाद में चिरंजीव हॉस्पिटल के डॉक्टर संजय त्रिपाठी के घर पर दीपांशु अड़जरिया नाम का शख्स साफ-सफाई का काम करता था. डॉक्टर ने उसे लॉकर से रुपये निकालते रंगे हाथों पकड़ लिया, उसके पास से एक लाख रुपये भी बरामद हुए हैं. आरोपी को पुलिस को सौंप दिया गया है, पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है.

पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाली बात सामने आई है. आरोपी दीपांशु के माता-पिता की मौत हो चुकी है. वह अपनी मौसी और मौसा के साथ रहता था. डॉक्टर के यहां काम करते-करते उसका लालच जाग गया और उसने अपनी मौसी-मौसा और मौसा के भाई के साथ मिलकर चोरी करने का प्लान बनाया. उसने पता लगाया कि डॉक्टर अपने लॉकर की चाबी कहां रखते हैं. फिर मौका मिलते ही कभी 10 हजार तो कभी 15 हजार रुपये निकाल लिया करता था, जिससे डॉक्टर को शक न हो.

Latest and Breaking News on NDTV

वह एक साल से लगातार चोरी कर रहा था और इन पैसों से उसने कार, बाइक और ऑटो खरीदी. आरोपी के पास से कुल एक लाख दस हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं. उसके खिलाफ संम्बधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.

नगर पुलिस अधीक्षक प्रीति सिंह ने बताया कि चिरंजीवी हॉस्पिटल के डॉक्टर संजय त्रिपाठी ने नवाबाद पुलिस से शिकायत की कि इनके यहां साफ-सफाई करने वाला व्यक्ति दीपांशु अड़जरिया लॉकर से काफी लंबे समय से पैसे निकाल रहा था. आज उन्होंने उसे रुपये निकालते समय रंगे हाथों पकड़ लिया. पुलिस ने इस शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.

इसे भी पढ़ें: आईफोन, स्मार्टवॉच, जींस... डिलीवरी एजेंट ही बन गया चोर, लोगों के लाखों के पार्सल लेकर हुआ चंपत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Police, Jhansi Police, Domestic Help Arrested, Domestic Help Arrested In UP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com