विज्ञापन

नाजिया इलाही खान ने बॉडीगार्ड पर लगाए आरोप, कहा- 'मेरे घर में खाते-पीते हैं और घर खुला छोड़कर चले जाते हैं'

सोशल एक्टिविस्ट नाजिया इलाही खान अपने सुरक्षाकर्मियों से परेशान नजर आ रही हैं. उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाए हैं कि उनके सुरक्षाकर्मी उनके ही घर में खाते-पीते हैं और पूरा घर घुला छोड़कर चले जाते हैं.

नाजिया इलाही खान ने बॉडीगार्ड पर लगाए आरोप, कहा- 'मेरे घर में खाते-पीते हैं और घर खुला छोड़कर चले जाते हैं'
सुप्रीम कोर्ट की वकील नाजिया इलाही खान ने उज्जैन में अपने पूर्वजों का तर्पण किया था.
Nazia Elahi Khan X
नई दिल्ली:

हिंदू धर्म की दिन-रात तारीफ करने वाली सुप्रीम कोर्ट की वकील नाजिया इलाही खान ने अपने सुरक्षाकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद ही संभालें. उनका कहना है कि योगी आदित्यनाथ की सरकार को बदनाम करने की साजिश की जा रही है. उत्तर प्रदेश सरकार ने जान से मारने की धमकी मिलने के बाद गाजियाबाद में रहने वाली नाजिया को दो सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराएं हैं. नाजिया ने इस साल 10 अक्तूबर को उज्जैन में अपने पूर्वजों के मोक्ष और बकरीद के नाम पर उनकी ओर से कुर्बान किए गए जानवरों से प्रायश्चित और क्षमा याचना के लिए तर्पण किया था.

नाजिया ने कहा क्या है

नाजिया ने शुक्रवार दोपहर सोशल मीडिया साइट एक्स पर किए एक पोस्ट में कहा है,''मेरी सुरक्षा के लिए गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर की निगरानी में जो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, वे मेरे घर में ही खाना खाते हैं, नहाते हैं और यहां तक कि शौचालय का इस्तेमाल भी करते हैं. बाद में मेरी नौकरानी को उनकी गंदगी साफ करनी पड़ती है!इतना ही नहीं, ये पुलिसकर्मी मुझे बिना बताए ही घर से चले जाते हैं और पूरा घर खुला छोड़ देते हैं!''

उन्होंने लिखा है,''गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर के अधिकार क्षेत्र में रहने वाले राष्ट्रवाद में विश्वास रखने वाले सभी लोगों को सतर्क रहना चाहिए! अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद संभालें, क्योंकि कुछ संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं. ऐसा लगता है कि इसके जरिए योगी जी की सरकार को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है!''

इस पोस्ट में नाजिया ने केंद्रीय गृह मंत्रालय, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री के कार्यालय, यूपी पुलिस के डीजीपी, गाजियाबाद पुलिस, एडीजी सुरक्षा और गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन क्षेत्र के डीसीपी को टैग किया है.   

इससे पहले गुरुवार को उन्होंने एक्स पर दो पोस्ट किए थे. एक पोस्ट में उन्होंने एक वाट्सऐप चैट का स्क्रीनशॉट शेयर किया है. यह पाकिस्तान के एक नंबर से हुई चैट का है. इसमें उन्हें धमकी देते हुए लिखा है कि तेरा टाइम करीब है. धमकी देने वाले ने लिखा है कि अंतिम समय में अपने हिंदुत्व को याद कर लेना.वहीं दूसरी पोस्ट में उन्होंने एक सोते हुए पुलिसकर्मी की तस्वीर लगाई है. उन्होंने लिखा है,''गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के तहत आने वाले इंदिरापुरम थाने के बारे में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री को यह जरूर जानना चाहिए कि मेरी निजी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैनात अधिकारी वास्तव में कितने 'सक्रिय', 'ऊर्जावान', 'सतर्क' और 'अपने काम के प्रति गंभीर' हैं! मैं पिछले सात महीनों से इस स्थिति को झेल रहा हूं.'

क्यों दी गई है सुरक्षा

नाजिया को कई बार जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है. उन्होंने सितंबर में पुलिस को बताया था कि राणा हुनैन उर्फ राणा भाई नाम के व्यक्ति ने वाट्सऐप कॉल पर उन्हें धमकी दी थी. उनका कहना था कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है. इससे पहले अगस्त के अंतिम हफ्ते में उन्होंने आरोप लगाया था कि शाहिल अहमद नाम के व्यक्ति ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर उन्हें गालियां दी थीं. इसकी शिकायत भी उन्होंने पुलिस में दर्ज कराई थी.नाजिया की सुरक्षा में उत्तर प्रदेश पुलिस के दो जवान तैनात रहते हैं. वह गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहती हैं. 

कोलकाता में पढ़ी-लिखी नाजिया को पहचान 2017 में तब मिली जब उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में इशरत जहां का केस लड़ा. इशरत जहां तीन तलाक (तलाक-ए-बिद्दत) को चुनौती दी थी. इशरत जहां उन पांच महिलाओं में शामिल थीं, जिन्होंने तीन तलाक के मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट तक ले गई थीं. अगस्त 2017 में सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में तीन तलाक को असंवैधानिक बताया था. इस फैसले का इस्तेमाल नाजिया ने मुस्लिम समाज में सुधार के लिए किया.उन्होंने इस्लाम छोड़कर हिंदू धर्म अपनाने की बात भी कही थी, हालांकि यह अभी स्पष्ठ नहीं है कि वह हिंदू धर्म में शामिल हुई हैं या नहीं. 

ये भी पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई के नाम से मांगे 60 लाख, 10 के नोट के टुकड़े से डराया, ड्राइवर का बेटा ही निकला मास्टरमाइंड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nazia Elahi Khan, UP Police, Yogi Adityanath
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com