विज्ञापन

PM मोदी के लखनऊ दौरे से पहले हाई अलर्ट, 735 होटल-अपा​​र्टमेंट की जांच; 4,433 लोगों से पूछताछ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले लखनऊ में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं. शहर के पांचों पुलिस जोन में विशेष अभियान चलाकर होटल, सार्वजनिक स्थलों और वाहनों की जांच की जा रही है. 

PM मोदी के लखनऊ दौरे से पहले हाई अलर्ट, 735 होटल-अपा​​र्टमेंट की जांच; 4,433 लोगों से पूछताछ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले लखनऊ में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं.
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ दौरे के मद्देनजर पुलिस ने पूरे शहर में व्यापक सुरक्षा जांच अभियान चलाया है
  • पांचों जोनों में होटल, ढाबों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों सहित सार्वजनिक स्थलों पर सघन जांच की जा रही है
  • पश्चिमी जोन में सबसे अधिक प्रतिष्ठानों और व्यक्तियों की जांच हुई, जबकि पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित लखनऊ दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है. प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले लखनऊ पुलिस ने पूरे शहर में विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया है. पांचों जोन में पुलिस की टीमें होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, अपार्टमेंट, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सघन जांच कर रही हैं. संवेदनशील इलाकों से लेकर कार्यक्रम स्थल के आसपास तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं.

पुलिस आयुक्त के निर्देश और संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक 735 होटल, ढाबों और अपार्टमेंट की चेकिंग की गई है. इस दौरान 4,433 व्यक्तियों और 1,912 वाहनों की जांच की गई. सभी पांचों जोन में पुलिस उपायुक्तों के नेतृत्व में एसीपी और थाना पुलिस की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं.

होटल में ठहरने वालों पर भी नजर

पुलिस टीमें होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में ठहरने वाले लोगों के पहचान पत्र, आगंतुक रजिस्टर और कर्मचारियों के सत्यापन की जांच कर रही हैं. संचालकों को सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने और प्रत्येक आगंतुक का विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है.

रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और ऊंची इमारतों पर निगरानी

सुरक्षा अभियान के तहत रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर यात्रियों के साथ उनके सामान की भी जांच की जा रही है. कार्यक्रम स्थल और प्रमुख मार्गों के आसपास स्थित बहुमंजिला इमारतों और प्रतिष्ठानों की सघन तलाशी ली जा रही है. यहां रहने वाले लोगों का सत्यापन करने के साथ संवेदनशील इमारतों की छतों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से भी जांच की जा रही है.

बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग, सोशल मीडिया पर भी नजर

शहर के अलग-अलग इलाकों में बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान और सीज करने की कार्रवाई भी की जा रही है. दूसरे राज्यों और जिलों से आने वाले आगंतुकों की सोशल मीडिया प्रोफाइलिंग और गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है. संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ पैदल गश्त बढ़ा दी गई है.

पश्चिमी जोन में सबसे ज्यादा चेकिंग

जोनवार आंकड़ों के मुताबिक पश्चिमी जोन में सबसे अधिक 241 होटल, ढाबों और अपार्टमेंट की जांच की गई. यहां 1,493 व्यक्तियों और 564 वाहनों को चेक किया गया. मध्य जोन में 99 प्रतिष्ठानों, 794 व्यक्तियों और 212 वाहनों की जांच हुई. उत्तरी जोन में 74 प्रतिष्ठानों, 739 व्यक्तियों और 281 वाहनों को चेक किया गया. पूर्वी जोन में 164 प्रतिष्ठानों, 658 व्यक्तियों और 327 वाहनों की जांच की गई. दक्षिणी जोन में 157 प्रतिष्ठानों, 749 व्यक्तियों और 528 वाहनों को चेक किया गया.

लखनऊ पुलिस का कहना है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है. पुलिस ने आम लोगों से अभियान में सहयोग करने और जारी यातायात डायवर्जन का पालन करने की अपील की है.

यह भी पढ़ें | हमने टैक्‍स घटाया, आपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई क्‍या? बिजनेस लीडर्स से PM मोदी का तीखा सवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Narendra Modi, PM Modi Visit, UP Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com