उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली साइबर ठगी को रोकने के लिए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में एक विशेष जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया है. इसके तहत कमिश्नरेट पुलिस ने आम जनता को सचेत करने के लिए 'सांप-सीढ़ी' के खेल की अवधारणा पर आधारित एक बेहद रोचक और ज्ञानवर्धक वीडियो जारी किया है. इस वीडियो के जरिए पुलिस ने संदेश दिया है कि जिस तरह सांप-सीढ़ी के खेल में एक गलत चाल खिलाड़ी को सीधे ऊंचाई से नीचे गिरा देती है, ठीक उसी तरह बिना सोच-विचार और जांच-पड़ताल के अधिक मुनाफे के लालच में किया गया निवेश लोगों को भारी आर्थिक नुकसान के दलदल में धकेल सकता है.
वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधी लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. ये जालसाज सोशल मीडिया, फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म, टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप्स के साथ-साथ आकर्षक ऑनलाइन विज्ञापनों का सहारा लेते हैं. शुरुआत में वे कम समय में पैसे कई गुना करने का झांसा देकर लोगों को जाल में फंसाते हैं. विश्वसनीयता बनाने के लिए पहले छोटे निवेश पर कुछ लाभ भी दिया जाता है, लेकिन जैसे ही पीड़ित उन पर भरोसा करके बड़ी रकम लगा देता है, अपराधी सारा पैसा हड़पकर संपर्क तोड़ लेते हैं.


यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे बिना देर किए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए या आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए, क्योंकि समय पर की गई कार्रवाई से पैसा वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है. इस जागरुकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम और यूट्यूब चैनल भी शुरू किए हैं, जहां साइबर सुरक्षा से जुड़े वीडियो और सुझाव नियमित रूप से साझा किए जाएंगे. पुलिस ने साफ कहा है कि निवेश में शॉर्टकट के बजाय समझदारी चुनें, क्योंकि लालच की सीढ़ी अक्सर ठगी के सांप तक ले जाती है.
इसे भी पढ़ें: एक्शन में नोएडा पुलिस! वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़,5 गिरफ्तार,18 लाख का सामान बरामद
इसे भी पढ़ें: नोएडा में फर्जी लॉटरी गैंग का भंडाफोड़, दक्षिणी राज्यों के लोगों को करते थे खासतौर पर टारगेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं