- सपा ने कैराना में नहीं बदला चेहरा, नाहिद हसन पर फिर जताया भरोसा
- नाहिद हसन के खिलाफ 18 मुकदमे, इकरा हसन बोलीं- BJP ने राजनीतिक द्वेष में दर्ज कराए केस
- 2027 चुनाव से पहले पश्चिमी यूपी की राजनीति में हलचल तेज
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने पश्चिमी यूपी की महत्वपूर्ण कैराना सीट से मौजूदा विधायक नाहिद हसन को लगातार चौथी बार अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है. टिकट की घोषणा के साथ ही राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं, क्योंकि नाहिद हसन के खिलाफ विभिन्न जिलों में दर्जन भर से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. वहीं उनकी बहन और सांसद इकरा हसन ने NDTV से बात करते हुए इन मामलों को राजनीतिक बदले का परिणाम बताया साथ ही भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप भी लगाए.
चौथी बार चुनावी मैदान में नाहिद हसन, ओवैसी और गठबंधन राजनीति पर बहन ने दिया ये जवाब
समाजवादी पार्टी ने कैराना विधानसभा सीट से नाहिद हसन को लगातार चौथी बार अपना प्रत्याशी बनाया है. पार्टी के इस फैसले को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में अहम माना जा रहा है. टिकट की घोषणा के बाद परिवार की ओर से खुशी जताई गई. कैराना की सांसद और नाहिद हसन की बहन इकरा हसन ने कहा कि उन्हें पार्टी नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पूरा भरोसा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि कैराना की जनता एक बार फिर समाजवादी पार्टी को समर्थन देकर सीट पार्टी की झोली में डालेगी.

इकरा हसन ने भाई को टिकट मिलने पर रखी अपनी बात
Photo Credit: NDTV
उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने और अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन वह किसी भी नेता पर व्यक्तिगत टिप्पणी कर राजनीतिक स्तर नहीं गिराना चाहतीं. इकरा हसन ने कहा कि अलग-अलग दल अपने गठबंधन बना रहे हैं और समाजवादी पार्टी भी सहयोग की राजनीति का स्वागत करती है. उनके अनुसार भाजपा को हराने की क्षमता केवल समाजवादी पार्टी में है.
18 मुकदमों को लेकर भाजपा पर हमला, अपने मामले का भी किया जिक्र
नाहिद हसन के खिलाफ दर्ज मुकदमों को लेकर भी इकरा हसन ने भाजपा को घेरा. जानकारी के अनुसार नाहिद हसन के खिलाफ शामली में 13, सहारनपुर में 4 और एक मुकदमा आरपीएफ एक्ट के तहत दर्ज बताया जाता है. हालांकि कुछ मामलों में उन्हें अदालत से राहत भी मिल चुकी है. इकरा हसन ने दावा किया कि उनके भाई के खिलाफ दर्ज मुकदमे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा जिन नेताओं को चुनाव में पराजित नहीं कर पाती, उनके खिलाफ मुकदमों के जरिए राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश करती है. इकरा हसन ने अपने खिलाफ दर्ज एक मुकदमे का उल्लेख करते हुए कहा कि वह केवल एक अधिकारी से मिलने गई थीं, लेकिन उनके खिलाफ भी मामला दर्ज कर दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश की जाती है.
यह भी पढ़ें : हमारे समर्थन से ही नेता विपक्ष हैं राहुल गांधी, हम आराधना मिश्रा की सीट मांग लें तो कैसा लगेगा: इकरा हसन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं