Constitution Day LIVE Updates: आज 26 नवंबर को देशभर में संविधान दिवस मनाया जा रहा है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान के महत्व को रेखांकित करते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों को याद किया. वहीं, उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी आज का दिन अहम है. समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना पहला घोषणापत्र जारी करने जा रही है. दूसरी ओर, सपा-कांग्रेस गठबंधन में बयानबाजी तेज हो गई है. इस बीच अमेरिका की ओर से भारतीय सामानों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव भी सामने आया है. पढ़ें दिनभर की बड़ी खबरों के LIVE अपडेट्स...
संविधान दिवस पर पीएम मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के अवसर पर एक लेख लिखकर संविधान के महत्व को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को आज ही के दिन संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था. इस अवसर पर हम डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों का स्मरण करते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि भारत जैसे विविधताओं से भरे देश में यह बेहद जरूरी है कि संविधान की गूंज केवल संसद और अदालतों तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के हर वर्ग और हर नागरिक तक पहुंचे.
भारत पर फिर टैरिफ लगाने की तैयारी में ट्रंप प्रशासन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन एक बार फिर भारत पर टैरिफ का दबाव बढ़ाने की तैयारी में है. अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) ने सेक्शन 301 के तहत भारतीय सामानों के आयात पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है. हालांकि, प्रस्ताव में यह भी संकेत दिया गया है कि यदि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बन जाती है तो टैरिफ की दर घटाकर 17 प्रतिशत की जा सकती है. इस प्रस्ताव से दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. अब सबकी नजरें भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता और संभावित समझौते पर टिकी हैं.
इकरा हसन का कांग्रेस को दो टूक संदेश, इमरान मसूद की बयानबाजी पर जताई नाराजगी
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बयानबाजी तेज हो गई है. इस बीच सपा सांसद इकरा हसन ने एनडीटीवी से खास बातचीत में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयानों पर कड़ा पलटवार किया है. इकरा हसन ने कहा कि गठबंधन बातचीत और आपसी सहमति से चलता है, न कि सार्वजनिक बयानबाजी से. उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से अपील की कि वह इमरान मसूद की बयानबाजी पर रोक लगाए.
महिलाओं और लड़कियों के लिए अलग घोषणापत्र लाएगी सपा
समाजवादी पार्टी इस बार चुनावी रणनीति के तहत अलग-अलग वर्गों को ध्यान में रखकर घोषणापत्र तैयार कर रही है. पहले घोषणापत्र के बाद पार्टी महिलाओं और लड़कियों पर केंद्रित दूसरा दस्तावेज जारी करेगी. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 21 नवंबर को प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए कहा था कि पार्टी घोषणापत्र-1, घोषणापत्र-2 और जिला स्तर पर अलग घोषणापत्र लेकर आएगी. हालांकि, उन्होंने उस समय इन दस्तावेजों के बारे में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की थी.
आज जारी होगा समाजवादी पार्टी का पहला घोषणापत्र
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी आज 26 नवंबर को अपना पहला चुनावी घोषणापत्र जारी करेगी. पार्टी के इस दस्तावेज में युवाओं, शिक्षा, सामाजिक न्याय, कृषि और उद्योग जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, घोषणापत्र में सबसे पहले युवाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को जगह मिलेगी. इसके बाद सामाजिक न्याय, दलित मुद्दे, कानून-व्यवस्था, कृषि, किसान और उद्योग के साथ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र से जुड़े विषय शामिल किए जाएंगे.