विज्ञापन

'गठबंधन ऐसे नहीं होता, बिना चर्चा उम्मीदवार उतार दिए', सपा की लिस्ट पर NDTV से बोले इमरान मसूद

यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने NDTV से कहा कि समाजवादी पार्टी का बर्ताव ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि यूपी में राहुल गांधी के साथ ही अखिलेश का फैक्टर काम करता है.

NDTV से बातचीत में इमरान मसूद ने गठबंधन पर कई बातें कीं.
NDTV
  • उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटें ऑफर कीं, जबकि पांच सीटों पर उम्मीदवार भी उतार दिए हैं
  • यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने सपा के इस बर्ताव पर नाराजगी जताते हुए इसे उचित नहीं माना है
  • इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन के दौरान सीटों को लेकर स्पष्टता होनी चाहिए और लड़ाई भाजपा के खिलाफ होनी चाहिए
नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की ओर से 26 सीटों का ऑफर दिए जाने पर कांग्रेस नाराज हो गई है. सपा ने सिर्फ 26 सीटें ही ऑफर नहीं कीं, बल्कि 5 सीटों पर उम्मीदवार भी उतार दिए हैं. इससे अब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं. 

इसे लेकर यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने NDTV से बात की और उन्होंने सपा की ओर से मिले ऑफर पर खासी नाराजगी जताई. उन्होंने सपा के बर्ताव को लेकर कहा कि ये सब ठीक नहीं है.

इमरान मसूद ने NDTV से कहा कि पहले ये तय कर लीजिए कि हमसे लड़ना है कि भाजपा से लड़ना है. जब गठबंधन कर रहे हैं तो ये क्या बात हुई कि 26 सीट पर लड़ लीजिए. 35 सीटें तो आपने आरएलडी को दी थी. आप 26 सीटें हमें बता रहे हो. ये ठीक बात नहीं है.

5 सीटों पर उम्मीदवारों के ऐलान पर इमरान मसूद ने कहा कि पार्टी की तरह अनाउंस करना है तो कर लीजिए. फिर गठबंधन पर इतनी मेहनत करने का क्या मतलब है?

जब उनसे पूछा गया कि सपा और कांग्रेस में गठबंधन है या नहीं? तो इस पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला पार्टी करेगी.

यह भी पढ़ें | सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें दीं, वहां कैसा है जातीय समीकरण? 2022 में सिर्फ 2 सीटें जीता था 'पंजा'

अखिलेश की 'जीत' वाली बात पर क्या बोले?

अखिलेश यादव बार-बार कह रहे हैं कि बात सीट की नहीं, जीत की है. मंगलवार को भी अखिलेश ने यही बात कही. 

इसे लेकर इमरान मसूद ने कहा कि जीत की गारंटी अगर उनके पास होती तो 2022 में सरकार बना लेते. राहुल जी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद ही माहौल बना. आज भाजपा को हराने के लिए अगर कोई नाम है तो वो है राहुल गांधी.

उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव का फैक्टर है तो 2022 में चल गया होता, वो 2024 में राहुल जी के साथ ही चला. 

यह भी पढ़ें | यूपी में इकरा बनाम इमरान.. कहां जाएगा पश्चिम यूपी का मुसलमान?

'हम भिखारी नहीं है जो उनसे मांगेंगे'

मसूद ने सीटों की मांग को लेकर भी कहा कि कांग्रेस कोई भिखारी नहीं है. कांग्रेस की ओर से कितनी सीटें मांगी गई हैं, इस सवाल पर मसूद ने कहा, हम भिखारी नहीं है जो उनसे मांगेंगे. हम मांग थोड़ी रहे हैं. गठबंधन में सहयोग होता है. 

उन्होंने कहा कि हमने तो अपनी तरफ से कुछ किया नहीं. इस तरह से बिहेव नहीं कर सकते कि आप 26 सीट बताएंगे कि ये ले लीजिए आप. 

मसूद ने कहा कि हमारी जो डिमांड थी, वो हमने उन्हें दे दी लेकिन उसके ऊपर चर्चा करने के बजाय आप सीधे घोषणा कर देते हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Samajwadi Party, Samajwadi Party - Congress, Imran Masood, UP Chunav 2027, UP Assembly Election 2027
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com