- यूपी कैबिनेट की आज अहम बैठक होने वाली है, जिसमें 18 प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है
- पीआरडी जवानों के भत्ते में वृद्धि और 5 लाख रुपये तक का मुफ्त कैशलेस इलाज देने का प्रस्ताव है
- कोटेदारों को प्रति कुंतल 25 रुपये का मार्जिन बढ़ाए जाने के प्रस्ताव पर भी मुहर लग सकती है
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की मंगलवार को अहम बैठक होने जा रही है. इस बैठक में करीब 18 अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है. PRD जवानों का भत्ता बढ़ोतरी, अयोध्या में NSG का क्षेत्रीय हब, सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास समेत कोटेदारों का मार्जिन बढ़ाने समेत कई अहम प्रस्तावों पर आज मुहर लगने की संभावना है.
कैबिनेट बैठक में पीआरडी जवानों के लिए बड़ी खुशखबरी का ऐलान हो सकता है. योगी सरकार उनके भत्ते में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर मुहर लगा सकती है. इस फैसले से करीब 40 हजार जवानों को फायदा पहुंचेगा. भत्ता बढ़ाए जाने के साथ ही सरकार इन जवानों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त कैशलेस इलाज देने पर भी विचार कर रही है.
कोटेदारों का बढ़ सकता है मार्जिन
राशन दुकानों के कोटेदारों को 25 रुपये प्रति कुंतल मार्जिन देने वाले प्रस्ताव पर भी बैठक में मुहर लग सकती है. सरकार के इस फैसले से राज्य के 78 हजार से ज्यादा कोटेदारों को फायदा होगा. उनको हर महीने करीब 2 से 2.5 हजार रुपये तक की एक्स्ट्रा इनकम होने की उम्मीद है.
90 नई अदालतें बनाए जाने का प्रस्ताव
अयोध्या में एनएसजी का नया क्षेत्रीय केंद्र बनाया जाएगा. यूपी में न्याय प्रणाली को मजबूत करने के लिए पहले चरण में 90 नई अदालतें बनाए जाने का प्रस्ताव है. इस पर भी आज मुहर लग सकत है. एनएसजी के क्षेत्रीय केंद्र के लिए केंद्र 65 एकड़ जमीन मुफ्त देगी.
किसानों के लिए 6 लाख तक का लोन
छोटे और सीमांत किसानों को 6 लाख रुपये तक का लॉन्ग टर्म कर्ज 6 प्रतिशत ब्याज दर पर देने वाले प्रस्ताव पर भी बैठक में मुहर लग सकती है. इससे किसानों को बहुत फायदा पहुंचेगा.
नई खिलौना प्रोत्साहन नीति
उत्तर प्रदेश की नई खिलौना प्रोत्साहन नीति को बैठक में मंजूरी मिल सकती है. इस योजना के तहत प्रदेश में नई फैक्ट्री लगाने वाले बिजनेसमैन को खास सब्सिडी और रियायतें दी जानी हैं.
यूपी के सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़, बढ़नी और हरदोई के सवाईपुर में नए बस स्टैंड बनाने के लिए जमीन ट्रांसफर की जानी है, इसे लेकर भी प्रस्ताव पास हो सकता है.
चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे का विस्तार
मथुरा के छाता शुगर मिल में नए एथेनॉल प्लांट लगाने और 10 साल तक की किराएदारी पर स्टांप शुल्क में छूट वाले प्रस्ताव पर भी कैबिनेट बैठक में मुहर लगने की संभावना है. इसके साथ ही चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के विस्तार को मंजूरी मिल सकती है.
ये Video भी देखें:|CM Yogi ने खेला मास्टरस्ट्रोक! अब महिला वोट किसकी तरफ?| UP News | BJP | Samajwadi | Syed Suhail| TOP NEWS
ये भी पढ़ें-एक व्यक्ति और एक परिवार की गलती की कीमत चुकाता था पूरा यूपी: सीएम योगी का सपा पर निशाना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं