- बाबा बागेश्वर पर स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान
- अखिलेश यादव को लेकर टिप्पणी पर भड़के अवधेश प्रसाद
- INDIA गठबंधन पर भी बोले स्वामी प्रसाद, विपक्षी एकता की पैरवी
अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya) ने लखनऊ में बागेश्वर धाम (Bageshwar Dham) के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तीखी और विवादित टिप्पणी की. इसके साथ ही उन्होंने INDIA गठबंधन, आगामी चुनावों में सीटों के तालमेल और असदुद्दीन ओवैसी की भूमिका को लेकर भी अपनी राय रखी. वहीं उनके बयानों पर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी और अखिलेश यादव का रुख उनके प्रति पूरी तरह स्पष्ट है.
बागेश्वर धाम को लेकर विवादित टिप्पणी
स्वामी प्रसाद मौर्य ने बागेश्वर धाम प्रमुख पर निशाना साधते हुए कई सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को बताना चाहिए कि उनके कितने पिता थे और वे कितनों के पिता हैं. साथ ही उन्होंने आश्रम से महिलाओं के गायब होने को लेकर भी सवाल करते हुए कहा कि वो बतायें कि उनके आश्रम से कितनी महिलाएं ग़ायब हो चुकी हैं?.
INDIA गठबंधन पर क्या बोले?
स्वामी प्रसाद मौर्य से जब INDIA गठबंधन में उनकी भूमिका को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि इस सवाल का जवाब समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से पूछा जाना चाहिए. सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि इस विषय पर आगे चर्चा होगी और कांग्रेस से भी बातचीत की जाएगी. मौर्य ने यह भी कहा कि उन्होंने न तो अखिलेश यादव से कोई सीट मांगी है और न ही इस संबंध में कोई बातचीत की है.
ओवैसी के समर्थन में आए नजर
स्वामी प्रसाद मौर्य ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के पक्ष में भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को चुनाव में हराने के लिए पूरे विपक्ष को एक मंच पर आना होगा. उनका कहना था कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई में विपक्षी दलों की एकजुटता जरूरी है.
अवधेश प्रसाद की खरी-खरी
वहीं स्वामी प्रसाद मौर्य के बयानों पर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने सख्त प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का रुख पूरी तरह साफ है और पार्टी स्वामी प्रसाद मौर्य को पूरी तरह समझ चुकी है. अवधेश प्रसाद ने कहा, 'परखे हुए को परखा नहीं जाता. समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव उन्हें अच्छी तरह परख चुके हैं. उनकी बातों में कितनी उपयोगिता है और कितनी अनुपयोगिता, यह पार्टी जानती है.' उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी में अब स्वामी प्रसाद मौर्य के लिए कोई स्थान नहीं है.
बयानबाजी पर जताई नाराजगी
अवधेश प्रसाद ने अखिलेश यादव को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य की पूर्व की टिप्पणी 'न पिद्दी, न पिद्दी का शोरबा' पर भी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए. उनके अनुसार, जो लोग लंबे समय तक साथ काम कर चुके हों, उनके बारे में ऐसी टिप्पणी करना उचित नहीं है.
यह भी पढ़ें : अखिलेश की 'ना' और कांग्रेस बढ़ा रही हाथ, स्वामी प्रसाद मौर्य पर गठबंधन में क्यों नहीं बन पा रही बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं