- UP चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर विवाद और तल्खी लगातार बढ़ रही है
- इमरान मसूद ने सपा द्वारा 26 सीटों का प्रस्ताव और पांच उम्मीदवारों की घोषणा पर कड़ी नाराजगी जताई है
- इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी की सहयोगी हो सकती है लेकिन उसके पीछे चलने वाली पार्टी नहीं है
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर तल्खी लगातार बढ़ती जा रही है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने एनडीटीवी के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा. सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने और बातचीत के बीच पांच उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करने पर मसूद ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस भिखारी है, जो सपा के दिए हुए ऑफर का इंतजार करती रहेगी? मसूद ने साफ कहा कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी की सहयोगी हो सकती है, लेकिन उसके पीछे चलने वाली पार्टी नहीं है।
इमरान मसूद ने कहा कि समाजवादी पार्टी किस आधार पर यह दावा कर रही है कि उसने सीट बंटवारे की शुरुआत 26 सीटों से की है? उन्होंने पिछले चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ राष्ट्रीय लोकदल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी जैसे दल भी थे, लेकिन नतीजा क्या निकला? वहीं, 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा और बसपा का गठबंधन भी कोई बड़ा राजनीतिक चमत्कार नहीं कर पाया था.
कांग्रेस सांसद मसूद ने कहा कि कांग्रेस को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद देश में आए राजनीतिक बदलाव का फायदा मिला. राहुल गांधी और कांग्रेस ने बड़े दिल का परिचय देते हुए सपा को ज्यादा सीटें दी थीं, जिसका परिणाम यह हुआ कि कांग्रेस चुनाव जीतकर आई. इसके बावजूद अब समाजवादी पार्टी जिस तरह का व्यवहार कर रही है, वह गठबंधन की भावना के अनुकूल नहीं है.
'सहयोगी हैं, पीछे चलने वाले नहीं'
कांग्रेस सांसद ने कहा कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी की सहयोगी हो सकती है, लेकिन उसके पीछे-पीछे चलने वाली पार्टी नहीं है. उन्होंने कहा कि गठबंधन में दोनों दलों को बराबरी और सम्मान के साथ बातचीत करनी चाहिए. सहारनपुर की सीटों पर सपा की ओर से उम्मीदवार घोषित किए जाने पर उन्होंने कहा कि मुद्दा सिर्फ सहारनपुर का नहीं, बल्कि गठबंधन में काम करने के तरीके का है. मसूद के मुताबिक, सपा ने जिन दो सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं, वे 2017 में कांग्रेस के पास थीं. उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा और वह खुद पार्टी के निर्णय के अनुसार काम करेंगे. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी को हराने के लिए जिस गंभीरता की जरूरत है, वह फिलहाल गठबंधन की बातचीत में दिखाई नहीं दे रही है.
'अगर उम्मीदवार घोषित करने ही हैं तो बातचीत का क्या मतलब?'
एनडीटीवी के सवाल पर कि सपा पांच उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए कह रही है कि इनमें चार मौजूदा विधायक हैं और एक पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रहा था, इमरान मसूद ने पूछा कि फिर गठबंधन की बातचीत का मतलब ही क्या रह जाता है? उन्होंने कहा कि गठबंधन के उम्मीदवार संयुक्त रूप से घोषित किए जाते हैं. अगर कोई पार्टी खुद ही उम्मीदवारों का ऐलान करने लगे तो फिर दूसरी पार्टी से चर्चा करने की जरूरत क्या है? मसूद ने अखिलेश यादव के सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ गठबंधन को लेकर लंबी-लंबी बातें की जा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ उसके उलट काम किया जा रहा है.
'130 सीटों की सूची में 26 भी नहीं थीं'
सीट बंटवारे की बातचीत का खुलासा करते हुए इमरान मसूद ने कहा कि दोनों दलों के बीच मुलाकात हुई थी और कांग्रेस की ओर से सीटों को लेकर अपनी मांग रखी गई थी. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने 130 सीटों की सूची दी थी, लेकिन सपा की ओर से 26 सीटों का जो प्रस्ताव दिया गया, उसमें कांग्रेस की कई महत्वपूर्ण सीटें शामिल ही नहीं थीं. उन्होंने सवाल किया कि अगर सपा को अपनी मर्जी से ही उम्मीदवार घोषित करने हैं और सीटों का फैसला करना है तो फिर कांग्रेस की जरूरत क्या है? मसूद ने कहा, "हम कोई भिखारी हैं क्या? हम आपके दरवाजे पर इंतजार करते रहें?" उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस अपने राजनीतिक अस्तित्व और सम्मान के लिए चुनाव लड़ेगी.
'बीजेपी के खिलाफ राहुल गांधी ही एकमात्र चेहरा'
इमरान मसूद ने गठबंधन की राजनीति में राहुल गांधी की भूमिका को सबसे अहम बताया. उन्होंने कहा कि देश में भारतीय जनता पार्टी को चुनौती देने की गारंटी केवल राहुल गांधी हैं. राहुल गांधी के बिना इस लड़ाई का कोई मतलब नहीं है, क्योंकि उनके बिना बीजेपी को हराना संभव नहीं है. उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी विपक्षी दलों के बीच इसी तरह की स्थिति देखने को मिली थी और अब उत्तर प्रदेश में भी वैसा ही हो रहा है. मसूद ने दोहराया कि विपक्ष की लड़ाई का चेहरा राहुल गांधी ही होने चाहिए. उन्होंने कहा कि 2022 में समाजवादी पार्टी ने अपने तरीके से चुनाव लड़कर देख लिया, लेकिन बीजेपी को सत्ता से बाहर नहीं कर पाई.
ये भी पढ़ें :- 'कांग्रेस को तैयारी और तेवर दोनों दिखाना चाहते हैं'.. SP की पहली लिस्ट जारी होने की इनसाइड स्टोरी
SP के साथ तीसरी बैठक होगी या नहीं...
जब इमरान मसूद से पूछा गया कि क्या कांग्रेस ने सपा के 26 सीटों वाले प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है, तो उन्होंने साफ इनकार करते हुए कहा कि किस बात के लिए प्रस्ताव स्वीकार किया जाए? उन्होंने बताया कि कांग्रेस की ओर से इस प्रस्ताव पर पहले ही असहमति जताई जा चुकी है. बैठक में हुई बातचीत का ब्योरा सार्वजनिक करने से इनकार करते हुए मसूद ने कहा कि बैठकों की अपनी गरिमा होती है और वह अंदर हुई बातचीत को बाहर नहीं बताएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि आगे समाजवादी पार्टी के साथ बातचीत होगी या नहीं, तीसरी बैठक कब होगी और सीटों को लेकर क्या रणनीति बनेगी, यह सब कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व तय करेगा. उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है.
फिलहाल सपा और कांग्रेस के बीच दो दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई है. सपा की उम्मीदवार सूची और इमरान मसूद के तीखे बयानों ने गठबंधन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अखिलेश यादव और राहुल गांधी सीधे हस्तक्षेप कर इस विवाद को सुलझा पाएंगे या यूपी चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन में दरार और गहरी होगी?
ये भी पढ़ें :- सपा की पहली लिस्ट से सुलगी 'सीट शेयरिंग' की रार, इमरान मसूद की तल्खी के बाद डैमेज कंट्रोल में जुटे दोनों दल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं