विज्ञापन

शिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे पर 50 हजार का इनाम, आरोपियों की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार आरोपी श्रद्धा दुबे पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है. डीसीपी विक्रांत वीर ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है.

शिव शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे पर इनाम बढ़ाकर 50,000 किया गया
NDTV

उत्‍तर प्रदेश के लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने फरार आरोपी श्रद्धा दुबे पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है. मामले में श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.  उसकी संभावित आवाजाही के सुराग तलाशने के लिए लखनऊ क्राइम ब्रांच और एसओजी की टीम भारत-नेपाल सीमा पर पहुंच चुकी है. महराजगंज के सोनौली बॉर्डर से लेकर भगवानपुर कस्बे तक जांच का दायरा बढ़ाया गया है. टीम सीमावर्ती इलाकों में पगडंडी रास्तों और दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.

रविवार को सुल्तानगंज चौकी पर पुलिस अधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा. डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं. संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और तकनीकी निगरानी के साथ-साथ मुखबिरों के नेटवर्क की मदद ली जा रही है.

अन्य फरार आरोपियों पर भी इनामी राश‍ि बढ़ाएंगे 

डीसीपी ने कहा कि पुलिस को जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने की उम्मीद है. उन्होंने बताया कि पहले श्रद्धा दुबे पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी. अब इनाम की राशि 50 हजार रुपये कर दी गई है. अन्य फरार आरोपियों पर भी इनाम बढ़ाने की कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है.

विक्रांत वीर के अनुसार पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है. वहीं, इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में अब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल भी उठ रहे हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश की तलाश में दबिश का सिलसिला जारी है.


यह भी पढ़ें- लखनऊ में शिवा शर्मा की मौत वाली सुबह से पहले क्या-क्या हुआ था...श्रद्धा दुबे ने वीडियो में दी सफाई 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com