विज्ञापन

लखनऊ में शिवा शर्मा की मौत वाली सुबह से पहले क्या-क्या हुआ था...श्रद्धा दुबे ने वीडियो में दी सफाई

श्रद्धा दुबे ने अपने वीडियों में कहा है कि वो और शिवा पिछले दो महीने से लिव इन में रह रहे थे. उनका कहना है कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई थी, उसने आत्महत्या कर ली थी.

लखनऊ:

लखनऊ के शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उनकी लिव इन पार्टनर श्रद्धा दुबे ने एक वीडियो जारी कर सफाई दी है. सोशल मीडिया पर जारी इस वीडियो में श्रद्धा शिवा की मौत को आत्महत्या बता रही हैं. उनका कहना है कि शिवा पर 15-20 लाख रुपये का कर्ज था, इससे वह परेशान रहता था. उनका कहना है कि शिवा ने उनसे कहा था कि अगर वो कर्ज नहीं चुका पाया तो आत्महत्या कर लेगा. श्रद्धा ने मीडिया से अपील की है कि उन्हें परेशान न किया जाए, वरना वो भी आत्महत्या कर लेंगी.

विडियो में श्रद्धा दुबे ने क्या कहा है

सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में श्रद्धा दुबे को यह कहते सुना जा सकता है,''मैं श्रद्धा दुबे, जिसका नाम शिवा हत्याकांड में बार-बार उछाला जा रहा है. मेरा उससे कोई मतलब नहीं था, मेरा उस हत्या से कोई मतलब नहीं था. वह हत्या नहीं थी, वह एक सुसाइड था.मैंने अपनी आंखों से देखा उसको कूदते हुए.'' उनका दावा है कि अगर वहां के सीसीटीवी कैमरों  की जांच की जाएगी तो उसमें दिखेगा कि वह किस तरह से कूद रहा है. 

श्रद्धा का कहना है कि घटना के बाद वो कुछ भी बोलने की हालत में नहीं थीं, उनकी तबियत बहुत ज्यादा खराब हो गई थी, क्योंकि उनके घर से किसी ने छलांग मार के सुसाइड का अटेम्प्ट किया था. यह देखकर हालत खराब होना स्वाभाविक है. उनका कहना है कि सात तारीख से पहले पांच-छह दिन उनकी शिवा से बातचीत बंद थी. लेकिन शिवा ने कपूरथला चौराहे के एक चायवाले से उसने मेरे ड्राइवर को फोन करवाया. उस दौरान वह बहुत रो रहा था. श्रद्धा का कहना है कि इसके बाद उन्होंने दो बार शिवा को कॉल किया. लेकिन उसने फोन नहीं उठाया. उनका दावा है कि रात दो बजे शिवा ने उन्हें फोन किया और उसी समय मिलने के लिए अपनी बीएमडब्लू से दैनिक पर आया. श्रद्धा का कहना है कि अगर कॉल डिटेल्स निकाली जाएगी तो चीजें साफ हो जाएंगी. 

श्रद्धा का कहना है कि शिवा जमकर बीयर पीकर आया था. उनका कहना है कि वो उसके साथ पैडलर्स कैफे गईं और वहां खाने-पीने के बाद वह उनके साथ उनके घर गया. इस दौरान शिवा श्रद्धा की कार में था और शिवा की कार श्रद्धा का ड्राइवर चला रहा था. श्रद्धा का कहना है कि नवरात्री पूजा पर चर्चा के लिए उनकी बहन आठ तारीख को उनके घर आई. उनका दावा है कि उनकी बहन का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है. उनका कहना है कि उनकी बहन शिवा को न तो ठीक से जानती थी और न ही उससे बहुत मिली थी. उनका कहना है कि सभी लोगों ने घर पर ही चिल किया और घूमने गए. उनका कहना है कि उसी दिन शाम को शिवा शर्मा के दोस्त अश्विनी मिश्रा, हर्ष और कुछ और दोस्त उनसे मिलने आते हैं. श्रद्धा का कहना है कि अगर शिवा का टॉर्चर हो रहा था उनके दोस्तों ने यह बात पुलिस को क्यों नहीं बताई. उनका दावा है कि शिवा का कोई टॉर्चर नहीं हो रहा था. श्रद्धा का कहना है कि वो शिवा को केवल दो महीने से जानती थी, चार महीने से तो वह उनका दोस्त था. उनका कहना है कि वे दो महीने से रिलेशनशिप में थे. लिव इन रिलेशनशिप पर श्रद्धा का कहना है कि शिवा कभी 15 दिन रहता था तो कभी दो-चार दिन के लिए गायब हो जाता था.

क्या कर्ज से परेशान थे शिवा शर्मा

श्रद्धा ने अपने वीडियो में बताया है कि जब उनकी बातचीत नहीं हो रही थी तो शिवा अपनी बहन और जीजा के साथ घूमने के लिए केदारनाथ गया था. श्रद्धा का दावा है कि उनके पास कुछ ऐसे स्क्रीनशॉट्स हैं, जिनसे यह पता लग जाएगा कि वो कितने कर्ज में था. उनका कहना है कि वो इसे साझा भी करेंगी. उनका दावा है कि जब भी वो लोग साथ बैठते थे तो उसके कर्जदारों के फोन आने लगते थे. उनका कहना है कि ये बातें शिवा के कॉल डिटेल्स से साफ हो जाएगी.श्रद्धा ने इस वीडियो में दावा किया है कि शिवा कर्जे से इतना परेशान था कि मुझसे कहता था कि अगर...मैं कर्जा नहीं चुका पाया तो मैं सुसाइड भी कर सकता हूं. 

श्रद्धा का कहना है कि आप खुद सोचिए कि कोई लड़की मार कर के किसी को अपने ही फ्लैट से नीचे क्यों फेंकेगी. उनका दावा है कि जब वो और उनका ड्राइवर शिवा को लेकर भाग-दौड़ कर रहे थे, उसी समय उनकी मम्मी आईं और मेरे ड्राइवर से मारपीट करने लगीं. उनका कहना है कि यह बात हॉस्पिटल के कैमरे में दर्ज होगी. श्रद्धा का दावा है कि शिवा की मम्मी, 112 पर और 108 पर कॉल उन्होंने ने ही किया था. 

 श्रद्धा का दावा है कि आठ तारीख को घूमते-फिरते हैं, लॉन्ग ड्राइव पर जाते हैं. इस दौरान शिवा शर्मा की अपनी मां, बहन और जीजा से कई बार बात होती है. लेकिन नौ तारीख को शिवा डिप्रेशन में था, ऐसा क्यों था मुझे खुद भी नहीं पता. नौ तारीख को जब हम लोग सो कर उठते हैं तो शिवा वॉशरूम जाता है और मेरा मेन गेट बंद कर देता है, ऐसा वह पहले कभी नहीं करता था. श्रद्धा का कहना है कि जैसे ही उसने मेन गेट बंद किया, मैंने तुरंत अपनी बहन को भेजा कि जाकर देखो कि वह कर क्या रहा है, लेकिन जितनी देर में मेरी बहन गेट खोलती है, उतने में वह बालकनी से छलांग लगा देता है.

श्रद्धा ने शिवा की मां को संबोधित करते हुए कहती हैं कि ऐसा नहीं है कि आपने अपना बेटा खोया है, मैंने भी अपना बंदा खोया है. मैं भी बहुत परेशान हूं. उन्होंने मीडिया से अपील की है कि उन्हें परेशान न किया जाए. उनका कहना है कि अभी आपने एक जान खोई है, अगर आप लोग ऐसे ही टॉर्चर करते रहे तो मैं खुद सुसाइड कर लूंगी. 

क्या है पूरा पूरा मामला

यह मामला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली का है. कारोबारी शिवा शर्मा वहां के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिर गए थे. उन्हें किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया था. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था. इसके बाद उनकी मां रंजना ने श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल, तारिक समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था. उन्होंने इन लोगों पर शिवा की हत्या का आरोप लगाया था. इस मामले के तीन आरोपियों पर लखनऊ पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. इनमें श्रद्धा दुबे का भी नाम शामिल है. इस मामले के फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई हैं. श्रद्धा दुबे के नेपाल जाने की खबर है. उनका एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसलिए माना जा रहा है कि उन्होंने यह वीडियो नेपाल से ही जारी किया है.

ये भी पढ़ें: लव, लिव इन, ब्लैकमेलिंग... बालकनी से गिरकर मौत, 'वायरल हसीना' पर बॉयफ्रेंड के कत्ल का आरोप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP News, UP Crime News, Shiva Sharma Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com