लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार का बड़ा राजनीतिक दांव अब कामयाब होता दिख रहा है. संसद का विशेष सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है और उससे पहले एनडीए सरकार का दावा है कि उसके पास संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने लायक समर्थन मौजूद है. सरकार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, परिसीमन से जुड़े विधेयकों के पैकेज को पास कराने के लिए आवश्यक 360 वोटों का आंकड़ा पार हो चुका है और समर्थन 361 से लेकर 371 सांसदों तक पहुंच सकता है.
यह वही मुद्दा है जिस पर कुछ महीने पहले सरकार बहुमत के आंकड़े से पीछे रह गई थी. अप्रैल में विपक्ष ने मिलकर सरकार को विशेष बहुमत से 54 वोट दूर रोक दिया था. लेकिन अब राजनीतिक तस्वीर काफी बदल चुकी है.
आखिर कितने वोट चाहिए?
लोकसभा सचिवालय के ताजा आंकड़ों के अनुसा, सदन में फिलहाल 540 सदस्य हैं और तीन सीटें खाली हैं. स्पीकर मतदान में हिस्सा नहीं लेते, इसलिए प्रभावी रूप से 539 सांसद वोट दे सकते हैं.
संविधान संशोधन पास कराने के लिए उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होती है. अगर सभी सदस्य वोट डालते हैं तो यह आंकड़ा 360 बनता है. यदि कुछ सदस्य अनुपस्थित रहते हैं तो जरूरी संख्या और कम हो जाती है.
मिसाल के तौर पर पांच सांसद अनुपस्थित रहे तो बहुमत का आंकड़ा 357 और 10 सांसदों की गैरमौजूदगी में 354 रह जाएगा.
NDA के पास कितने वोट?
सरकार के आंतरिक आकलन के अनुसार बीजेपी के 240 सांसद और एनडीए सहयोगियों के 59 सांसद मिलाकर कुल 299 वोट पहले से उसके साथ हैं.
इन सहयोगियों में शामिल हैं-
- टीडीपी - 16
- शिवसेना (एकनाथ शिंदे) - 13
- जेडीयू - 12
- एलजेपी (रामविलास) - 5
- जनसेना - 2
- आरएलडी - 2
- जेडी(एस) - 2
- एनसीपी (सुनेत्रा पवार गुट) - 1
- एजीपी - 1
- एजेएसयू - 1
- अपना दल (एस) - 1
- हम - 1
- एसकेएम - 1
- यूपीपीएल - 1
यानी एनडीए का मूल कुनबा ही सरकार को 299 वोट देता है. इसके अलावा सरकार को कम से कम 62 अतिरिक्त वोट मिलने का भरोसा है.
खेल बदलने वाले तीन बड़े गुट
सरकार के लिए सबसे बड़ी राहत उन दलों से मिली है जो एनडीए का हिस्सा नहीं हैं. सबसे बड़ा समर्थन डीएमके से आने का अनुमान है. 22 सांसदों वाली डीएमके ने जून में INDIA गठबंधन से अलग होने के बाद इस सप्ताह औपचारिक रूप से विधेयकों का समर्थन कर दिया.
इसके बाद 20 सांसदों वाला समूह है जो तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुना गया था लेकिन फिलहाल एनसीपीआई से जुड़ा बताया जा रहा है. तीसरा अहम समर्थन शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से मिलने की उम्मीद है. पार्टी के आठ सांसद हैं और वह अब भी INDIA गठबंधन का हिस्सा मानी जाती है. इन तीन समूहों से ही सरकार को करीब 50 अतिरिक्त वोट मिलने का अनुमान है.
NDA को बाहर से और कौन दे सकता है साथ?
सरकार के पक्ष में कुछ अन्य दलों और स्वतंत्र सांसदों का समर्थन भी जोड़ा गया है.
- वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के 4 सांसद
- जोराम पीपुल्स मूवमेंट का 1 सांसद
- शिरोमणि अकाली दल का 1 सांसद
- तीन निर्दलीय सांसद
इसके अलावा झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के तीन सांसदों को भी समर्थन सूची में शामिल किया गया है, हालांकि पार्टी ने अभी तक आधिकारिक रुख घोषित नहीं किया है. जेएमएम झारखंड में कांग्रेस के साथ सरकार चला रही है और INDIA गठबंधन का हिस्सा है.
JMM हटे तो भी सरकार के पास रास्ता
अगर जेएमएम के तीन सांसदों को इस गणना से बाहर कर दिया जाए तो सरकार का संभावित आंकड़ा 358 पर आ जाता है. फिर भी सरकार को भरोसा है कि यह पर्याप्त साबित हो सकता है. कारण यह है कि कम से कम तीन सांसद मतदान में शामिल नहीं हो पाएंगे. इनमें तृणमूल कांग्रेस के कल्याण बनर्जी निलंबित हैं, जबकि जम्मू-कश्मीर के इंजीनियर राशिद और पंजाब के अमृतपाल सिंह जेल में होने के कारण वोटिंग से बाहर रह सकते हैं.
सूत्रों का यह भी दावा है कि आम आदमी पार्टी के तीन, आरजेडी के चार और शिवसेना (यूबीटी) के तीन सांसद मतदान से दूरी बना सकते हैं या अनुपस्थित रह सकते हैं. ऐसी स्थिति में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा और नीचे आ जाएगा.
विपक्ष की क्या है दलील?
कांग्रेस समेत विपक्षी दलों का कहना है कि 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को मौजूदा 543 सीटों के ढांचे के भीतर ही लागू किया जाए. विपक्ष परिसीमन को उससे जोड़ने का विरोध करता रहा है.
फिलहाल सरकार और विपक्ष के बीच असली लड़ाई संख्या बल की है. सरकार के खेमे का दावा है कि उसके पास जरूरी समर्थन मौजूद है और कुछ 'सियासी सरप्राइज' भी देखने को मिल सकते हैं. दूसरी तरफ विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है.
अब सोमवार से शुरू होने वाला विशेष सत्र तय करेगा कि मोदी सरकार का यह सबसे महत्वाकांक्षी संसदीय अभियान वास्तव में दो-तिहाई बहुमत की कसौटी पार कर पाता है या नहीं.
यह भी पढ़ें: राहुल, सोनिया, ममता, खरगे की गुहार के बावजूद डीएमके ने परिसीमन बिल का समर्थन क्यों किया?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं