उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. इसी कड़ी में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कई मुद्दों पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि 2014 से अखिलेश यादव जो भी कहते हैं, अक्सर उसके उलट ही होता है. इसलिए उन्हें उनकी पार्टी की चिंता छोड़कर अपनी पार्टी का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए.
'हम बीजेपी को जिताते रहे हैं'
संजय निषाद ने कहा कि उनकी पार्टी का अपना जनाधार है और निषाद समाज की आबादी करीब 18 प्रतिशत है. उन्होंने दावा किया कि उनका समाज लगातार बीजेपी का समर्थन करता रहा है और चुनाव में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी की प्राथमिकता केवल सीटें हासिल करना नहीं बल्कि समाज के अधिकार सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि वे हारी हुई सीटों की मांग कर रहे हैं लेकिन उनकी सबसे बड़ी अपेक्षा आरक्षण को लेकर है.
राजभर के समर्थन का किया स्वागत
ओम प्रकाश राजभर के समर्थन संबंधी सवाल पर संजय निषाद ने कहा कि जो भी उनके आंदोलन और मांगों का समर्थन करता है उसका स्वागत है. हालांकि उन्होंने दो टूक कहा कि आरक्षण संविधान के अनुरूप होना चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्हें पिछड़े वर्गों के भीतर बंटवारे वाला आरक्षण नहीं बल्कि अनुसूचित जाति का आरक्षण चाहिए.
जाति जनगणना पर भी बोले
जाति जनगणना को लेकर चल रही राजनीतिक बहस पर भी संजय निषाद ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि ओबीसी कॉलम के लिए ओबीसी समाज संघर्ष करें क्योंकि उनका समाज खुद को अनुसूचित जाति की श्रेणी का मानता है. उन्होंने कहा कि उनके समुदाय के लोग उसी श्रेणी में अपना विवरण दर्ज कराएंगे. साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि अधिकारी उनकी गिनती दर्ज नहीं करेंगे तो उनको बंधक बनाएंगे.
यह भी पढ़ें- गाड़ी में शराब या पार्टी देने पर नामांकन होगा रद्द, DUSU चुनाव के लिए इस बार बेहद सख्त नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं