- नागपुर के SBI बैंक में एक व्यक्ति ने मिर्ची पाउडर बैंक कर्मचारियों की आंखों में डाल लूट की
- आरोपी ने बैंक कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर 4 लाख रुपये कैश काउंटर से उड़ा लिए
- बैंक कर्मचारियों और गार्ड ने आरोपी का पीछा किया लेकिन भीड़भाड़ का फायदा उठाकर वह भागने में सफल रहा
महाराष्ट्र के नागपुर में फिल्मी स्टाइल में बैंक लूटे जाने का मामला सामने आया है. घटना सक्करदरा इलाके में एसबीआई बैंक की ब्रांच का है. एक व्यक्ति ने बैंक कर्मचारी की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंककर 4 लाख रुपये लूट लिए. वारदात को अंजाम देते ही आरोपी मौके से फरार हो गया. हालांकि पुलिस ने आधे घंटे में उसे धर दबोचा और लूटी गई पूरी रकम उससे बरामद कर ली. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने इस चोरी को किस मकसद से अंजाम दिया.
SBI बैंक में लूट का CCTV
नागपुर शहर में बैंक डकैती का ये मामला हैरान करने वाला है. शहर के सक्करदरा इलाके में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की एक शाखा में दिनदहाड़े एक शख्स ने फिल्मी स्टाइल में लूट की वारदात को अंजाम दिया. जानकारी के मुताबिक, एसबीआई (SBI) बैंक की शाखा में आम दिनों की तरह ही सामान्य रूप से कामकाज चल रहा था.
नागपुर में दिनदहाड़े बैंक लूट की फिल्मी वारदात सामने आई। सक्करदरा स्थित SBI शाखा में एक आरोपी ने कर्मचारियों की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंककर 4 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से महज 30 मिनट के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और लूटी गई… pic.twitter.com/Q0MXos7Oz0
— NDTV India (@ndtvindia) September 11, 2026
बैंक कर्मचारियों की आंखों में झोंका मिर्च पाउडर
बैंक में कर्मचारी अपने काम में व्यस्त थे, तभी एक व्यक्ति साधारण ग्राहक की तरह बैंक के अंदर दाखिल हुआ. वह सीधा कैश काउंटर के करीब पहुंचा और इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने अचानक अपने पास छिपाकर रखा मिर्ची पाउडर निकाला और सीधे बैंक कर्मचारियों की आंखों में झोंक दिया. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है.
कैश काउंटर से 4 लाख रुपये लूटकर फरार
आंखों में अचानक मिर्ची गिरते ही बैंक कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई. उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे पूरे बैंक परिसर में भारी दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस अफरा-तफरी और कर्मचारियों की बेबसी का पूरा फायदा उठाते हुए आरोपी ने तेजी से कैश काउंटर से 4 लाख रुपये की नकदी उठाई और वहां से फरार हो गया.
बैंक कर्मचारियों और गार्ड ने अपनी जान की परवाह किए बिना हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का पीछा करने की भी कोशिश की, लेकिन वह भीड़भाड़ का फायदा उठाकर चकमा देने में कामयाब रहा. बैंक अधिकारियों ने पुलिस कंट्रोल रूम और स्थानीय सक्करदरा पुलिस स्टेशन को इस लूट की सूचना दी.
पुलिस ने 30 मिनट में आरोपी को धर दबोचा
पुलिस ने तुरंत बैंक पहुंचकर अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. फुटेज के जरिए पुलिस को आरोपी के हुलिए और उसके भागने की दिशा की स्पष्ट जानकारी मिल गई. पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर अपनी पेट्रोलिंग टीमों को अलर्ट कर दिया. महज 30 मिनट के भीतर पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर धर दबोचा. तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से बैंक से लूटे गए पूरे 4 लाख रुपये सुरक्षित बरामद कर लिए. उसे गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की जा रही है.
ये Video भी देखें:|Karnataka के विजयपुरा में दिनदहाड़े SBI बैंक में डकैती | Bharat Ki Baat Batata Hoon | Syed Suhail| TOP NEWS
ये भी पढ़ें-गुजरात: SBI में लूट का VIDEO, हथियार लेकर बैंक में घूसे 5-6 बदमाश, 50 लाख रुपए समेटकर फरार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं