विज्ञापन

‘अहीर और जहीर आपको भी निपटा देंगे’, अखिलेश यादव को ओपी राजभर की नसीहत, बोले- सपा को 2027 में 27 सीटें भी नहीं

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके आसपास के लोग ही राजनीतिक नुकसान पहुंचा सकते हैं. उन्होंने सपा के नीले ड्रेस कोड, कानून-व्यवस्था और 2027 चुनाव को लेकर भी तीखी टिप्पणियां कीं.

‘अहीर और जहीर आपको भी निपटा देंगे’, अखिलेश यादव को ओपी राजभर की नसीहत, बोले- सपा को 2027 में 27 सीटें भी नहीं
ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, बोले- ‘अहीर और जहीर’ आपको निपटा देंगे
NDTV
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है. सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला करते हुए कानून-व्यवस्था, अपराध और सपा की सामाजिक-राजनीतिक रणनीति को निशाने पर लिया है. राजभर ने हाल की आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं पर नियंत्रण रखना चाहिए, अन्यथा इसका राजनीतिक नुकसान उन्हें 2027 के विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ सकता है. उन्होंने सपा के नीले ड्रेस कोड और बहुजन राजनीति के मुद्दे पर भी सवाल उठाए.

सोशल मीडिया पर साधा निशाना

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर हमला बोला. उन्होंने लिखा कि अखिलेश यादव अपने 'अहीर' और 'जहीर' को नियंत्रित करें क्योंकि वे समाज का नुकसान करने के साथ-साथ राजनीतिक रूप से भी सपा को नुकसान पहुंचा रहे हैं. राजभर ने दावा किया कि हाल की घटनाएं इसका उदाहरण हैं और विपक्ष को अपराधियों से दूरी बनानी चाहिए.

ओपी राजभर की सोशल मीडिया पोस्ट

ओपी राजभर की सोशल मीडिया पोस्ट

झांसी और हापुड़ की घटनाओं का किया जिक्र

कैबिनेट मंत्री ने झांसी और हापुड़ की घटनाओं का उल्लेख करते हुए सपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि झांसी में एक व्यापारी के अपहरण के मामले में एक सरकारी शिक्षक की गिरफ्तारी हुई, जबकि हापुड़ में गोकशी से जुड़े मामले में एक आरोपी पुलिस कार्रवाई के बाद पकड़ा गया. राजभर ने आरोप लगाया कि अपराधी तत्वों को राजनीतिक संरक्षण देने की मानसिकता प्रदेश के लिए नुकसानदायक है.

नीली ड्रेस को लेकर भी तंज

सपा के छात्र संगठन द्वारा नीले रंग का ड्रेस कोड अपनाए जाने के मुद्दे पर भी राजभर ने कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि केवल नीले कपड़े पहन लेने से किसी दल या नेता की विचारधारा नहीं बदल जाती. उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने अपने शासनकाल में बहुजन समाज की महान हस्तियों के नाम पर चलाई जा रही कई योजनाओं को बंद किया था. ऐसे में केवल प्रतीकों के सहारे बहुजन समाज का समर्थन हासिल नहीं किया जा सकता.

2027 चुनाव को लेकर दी चेतावनी

राजभर ने कहा कि अगर सपा अपने तौर-तरीकों में बदलाव नहीं करती तो 2027 के विधानसभा चुनाव में उसे नुकसान उठाना पड़ सकता है. उन्होंने दावा किया कि जनता का भरोसा एनडीए सरकार पर बना हुआ है और विकास तथा कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर सरकार को समर्थन मिल रहा है. राजभर ने कहा कि विपक्ष चाहे कोई भी रंग या राजनीतिक रणनीति अपनाए, इससे चुनावी तस्वीर नहीं बदलेगी.

सपा पर साधा राजनीतिक निशाना

अपने बयान में राजभर ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा के पुराने शासनकाल का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जनता पिछले कार्यकाल की घटनाओं और बयानों को भूली नहीं है. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार की नीतियों के साथ खड़ी है और आने वाले चुनावों में भी यही माहौल देखने को मिलेगा.

यह भी पढ़ें : लाल टोपी छोड़ नीली टोपी और कुर्ता भी सिलवा लें; ओपी राजभर का अखिलेश पर तंज, बोले- दलित सपा के साथ नहीं आएंगे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
OP Rajbhar, Akhilesh Yadav, Samajwadi Party, UP Politics, 2027 Assembly Elections
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com