उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में पुलिस अधिकारी अविरल मिश्रा धरने पर बैठे छात्रों को धमकाते दिख रहे हैं. इस वीडियो में अधिकारी कहते दिख रहे हैं कि ये गोरखपुर पुलिस है. इतनी फोर्स बुलाऊंगा, इतनी फोर्स बुलाऊंगा कि ठंडा हो जाओगे. इसी वीडियो पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी सरकार पर निशाना साधा है.
क्या है पूरा मामला
25 अगस्त को गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्र धरने पर बैठे थे. छात्रों ने दोनों गेट पर ताला जड़ दिया था. इससे टीचर और विश्वविद्यालय आने वाले कर्मचारियों को दिक्कत होने लगी थी. इसी दौरान आंदोलनकारी छात्रों से बातचीत करने के लिए यूनिवर्सिटी के प्रोक्टर डॉ. वेद प्रकाश राय उनके बीच पहुंचे. लेकिन छात्रों से उनकी झड़प हो गई. इसके बाद डॉ. राय वहां से भाग गए. इसके बाद पुलिस बुलाई गई थी.
क्या ये शांतिपूर्ण धरना है?
इसी दौरान पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारी छात्रों पर चिल्लाते दिखाई दे रहे हैं. वो कह रहे हैं कि क्या ये शांतिपूर्ण धरना है. इस तरह का रवैया ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि ये गोरखपुर पुलिस है, इतनी फोर्स मंगाऊंगा, इतनी फोर्स मंगाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा. याद रखना. मैं बता दे रहा हूं. इसी वीडियो को लेकर विपक्ष के नेता अखिलेश यादव ने सरकार पर तंज कसा है. साथ ही उन्होंने अधिकारी को भी नसीहत दी है. अखिलेश ने वीडियो को एक्स पर पोस्ट करते हुए बोला कि संयम रखें और सौम्यता भी क्योंकि ये आंदोलनकारी छात्र हैं; कोई अपराधी नहीं.
दरअसल, छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दे पर सवाल उठाने वाले स्टूडेंट के निष्कासन को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं. उनकी मांग है कि ऐसे छात्रों के निष्कासन को रद्द किया जाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं