विज्ञापन

गाड़ी में शराब या पार्टी देने पर नामांकन होगा रद्द, DUSU चुनाव के लिए इस बार बेहद सख्त नियम

DUSU Election Security Plan: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनावों के लिए इस बार अलग से दो दीवारें बनाई गई हैं, जहां प्रचार की सामग्री लगाई जा सकती है. सिर्फ हाथ से बने पोस्टर बैनर ही यहां लगाए जा सकते हैं.

गाड़ी में शराब या पार्टी देने पर नामांकन होगा रद्द, DUSU चुनाव के लिए इस बार बेहद सख्त नियम
दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव के लिए इस बार बेहद सख्त नियम

दिल्ली यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनावों की तैयारी हो रही है. इसके लिए दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने पहले ही सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है. प्रचार, ट्रैफिक उल्लंघन और हिंसा या बदसलूकी की संभावित घटनाओं पर नजर रखने के लिए नॉर्थ और साउथ कैंपस और आसपास के इलाकों में लगभग 600 कैमरे लगाए जा रहे हैं. इसके अलावा इस बार कई चीजों पर रोक लगाई गई है, जिनमें प्रिंटेड पोस्टर्स भी शामिल हैं. इसके लिए यूनिवर्सिटी लिंगदोह कमेटी की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करवा रही है. अधिकारियों की तरफ से चेतावनी दी गई है कि नियमों के उल्लंघन पर उम्मीदवार का नामांकन रद्द किया जा सकता है और गंभीर मामलों में चुनाव ही रद्द हो सकता है.

सुरक्षा की पूरी तैयारी

सुरक्षा व्यवस्था के बारे में DU के प्रॉक्टर मनोज सिंह ने बताया कि इस साल यूनिवर्सिटी की प्राथमिकता ये सुनिश्चित करना है कि चुनाव प्रचार नियमों के दायरे में रहे और हिंसा, तोड़फोड़, या धन-बल का इस्तेमाल न हो. यूनिवर्सिटी ने वोटिंग से पहले अपना सर्विलांस नेटवर्क भी बढ़ा दिया है. नॉर्थ कैंपस में लगभग 200 नए कैमरे लगाए गए हैं. क्रांति चौक के गेट नंबर 3 से पीजीडब्ल्यू रोड तक के हिस्से को खासतौर पर चुनावों के लिए गहन निगरानी में रखा गया है. कुल मिलाकर करीब 600 कैमरे लगाए जा रहे हैं. 

दिल्ली पुलिस के साथ बैठक

डूसू चुनाव को लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी के अधिकारियों की दिल्ली पुलिस से भी मीटिंग चल रही है. इसे लेकर एसीपी (नॉर्थ) राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि पुलिस छात्रों और वाहनों की औचक जांच करेगी, जिसमें ब्लैक ग्लास वाली गाड़ियों पर खास ध्यान दिया जाएगा. प्रसाद ने कहा, गाड़ियों की रैंडम चेकिंग होगी और नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक लग्जरी कार भी जब्त की है, जिसे चुनाव खत्म होने तक पुलिस कस्टडी में रखा जाएगा ताकि प्रचार के दौरान इसका गलत इस्तेमाल न हो सके.

प्रिंटेड पोस्टर, पर्चे और दीवारें खराब करने पर रोक

इस बार दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र नेताओं के लिए 'वॉल ऑफ डेमोक्रेसी' बनाई गई है, जहां प्रचार सामग्री लगाई जा सकती है. यूनिवर्सिटी ने कॉलेजों को ऐसी दो दीवारें बनाने का निर्देश दिया है. इन दीवारों पर केवल हाथ से बने पोस्टर लगाने की इजाजत होगी. प्रिंटेड पोस्टर, पर्चे और अन्य छपी हुई सामग्री पर पूरी तरह रोक रहेगी. इसे लेकर पुलिस ने भी चेतावनी दी है कि प्रिंटेड पर्चे बांटने, पर्चे हवा में उड़ाने या सार्वजनिक/यूनिवर्सिटी संपत्ति को गंदा करने वाले उम्मीदवारों या समर्थकों पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है. 

प्रचार के लिए भी नियम

यूनिवर्सिटी की तरफ से प्रचार के लिए भी नियम तय किए गए हैं. प्रॉक्टर के अनुसार, एक साथ 5 से ज्यादा छात्र प्रचार नहीं कर पाएंगे. महिला कॉलेजों में केवल छात्राएं ही प्रचार कर सकेंगी, वहां पुरुष छात्रों के प्रवेश पर रोक रहेगी. इसके अलावा, कारों की छतों या सनरूफ से बाहर निकलकर चलने वाले छात्रों पर भी नजर रखी जा रही है. पुलिस अब तक ऐसे नियमों का उल्लंघन करने वाले छात्रों को 40-50 चालान जारी कर चुकी है.

शराब पकड़ी गई तो नामांकन रद्द

यूनिवर्सिटी ने चेतावनी दी है कि अगर किसी उम्मीदवार की गाड़ी में शराब या नशीले पदार्थ पाए जाते हैं, तो उसका नामांकन तुरंत रद्द कर दिया जाएगा. इसके अलावा, पिछले कुछ सालों में ये भी देखा गया है कि छात्रों को वॉटर पार्क या अम्यूजमेंट पार्क में पार्टी के ऑफर दिए जाते रहे हैं, इस पर भी इस बार सख्ती बरती जाएगी. पुलिस इसके लिए सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रख रही है. 

क्यों हो रही है इतनी सख्ती?

दिल्ली यूनिवर्सिटी ने छात्र संघ चुनावों को लेकर ये सख्ती इसलिए की है, क्योंकि 2024 के चुनावों में खूब बवाल मचा था और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया था. इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने सार्वजनिक संपत्ति पर पोस्टर, बैनर और स्प्रे-पेंटिंग के जरिए पहुंचाए गए नुकसान पर सख्त रुख अपनाया और निर्देश दिया था कि जब तक सार्वजनिक संपत्तियों को साफ नहीं कर दिया जाता और नुकसान की भरपाई नहीं होती, तब तक वोटों की गिनती नहीं होगी. 

ये भी पढ़ें - 'इंसानी दखल से हुई चूक...' सुप्रीम कोर्ट में केंद्र ने समझाया NTA का फुलप्रूफ सिस्टम, ऐसे छपता है पेपर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
DUSU Election, DUSU Election Rules, Delhi University, DUSU Election 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com