Noida Tragic Incident: गौतमबुद्ध नगर के गेझा गांव में शनिवार सुबह एक 5 साल के मासूम के ऊपर भारी-भरकम लोहे का गेट गिरने से मौत हो गई. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में हुई घटना का वीडियो देख किसी का भी कलेजा बैठ जाएगा. अनहोनी से पूरी तरह अंजान मासूम गेट पर खड़ा होकर झूल रहा था, तभी जर्जर लोहे का गेट मासूम पर आ गिरा और दुर्घटना की चपेट में आकर मासूम की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई.
मासूम पड़ोस में लगे लोहे के गेट पर चढ़कर खेल रहा था
रिपोर्ट के मुताबिक दुर्घटना का शिकार हुए पांच वर्षीय मासूम की पहचान नवदीप के रूप में हुई है. वारदात सुबह करीब 9:20 बजे हुआ, जब मासूम पड़ोस में लगे लोहे के गेट पर चढ़कर खेल रहा था और अचानक लोहे का गेट टूटकर उसके ऊपर गिर पड़ता है. भारी-भरकम गेट के नीचे दबने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह बच्चे को गेट के नीचे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
गेट गिरने की आशंका हुई, लेकिन मासूम भाग न सका
माना जा रहा है कि टूटकर बच्चे के ऊपर गिरा लोहे का भारी-भरकम गेट पुराना और जर्जर था. बच्चा सुबह-सुबह गेट के ऊपर चढ़कर खेल रहा था कि अचानक जर्जर गेट नीचे गिर पड़ा. जब गेट नीचे गिरने लगा तो बच्चे को अनहोनी की आशंका हुई थी और खुद को बचाने के लिए बच्चा तेजी से भागा भी, लेकिन खुद को नहीं पाया और गेट के नीचे दब जाने से उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
ये भी पढ़ें- Rape And Blackmail: शादी का झांसा देकर आरोपी ने विधवा से बनाए संबंध, फिर अजीबोगरीब डिमांड रख विवाह से मुकर गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं