विज्ञापन

पहलगाम हमले में आपका आधार कार्ड मिला है.. नोएडा में डिजिटल अरेस्ट कर न्यूयॉर्क के वकील से लूट लिए 4 करोड़

नोएडा में साइबर अपराधियों ने 'डिजिटल अरेस्ट' के जरिए न्यूयॉर्क के वकील से करीब 4 करोड़ रुपये की ठगी कर ली. ठगों ने खुद को CBI, NIA और पुलिस अधिकारी बताकर उन्हें एक फर्जी आतंकी फंडिंग और मनी ट्रांसफर मामले में फंसाने की धमकी दी.

पहलगाम हमले में आपका आधार कार्ड मिला है.. नोएडा में डिजिटल अरेस्ट कर न्यूयॉर्क के वकील से लूट लिए 4 करोड़
CBI-NIA अधिकारी बनकर किया फ्रॉड (प्रतीकात्मक AI इमेज)
NDTV
  • नोएडा में साइबर ठगों ने न्यूयॉर्क के रिटायर्ड भारतीय वकील अतुल तलवार से करीब चार करोड़ रुपये की ठगी की
  • ठगों ने खुद को CBI, NIA अधिकारी बताकर आतंकवाद और मनी ट्रांसफर के फर्जी मामले में फंसाने की धमकी दी
  • ठगों ने पीड़ित को डिजिटल निगरानी में रखा और उनके बैंक खातों से करोड़ों रुपये ट्रांसफर कराए गए

नोएडा में साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर न्यूयॉर्क के एक रिटायर्ड भारतीय मूल के वकील से करीब 4 करोड़ रुपये की ठगी कर ली. ठगों ने खुद को CBI, NIA और पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ित को आतंकवाद और मनी ट्रांसफर के फर्जी मामले में फंसाने की धमकी दी और 22 दिनों तक डिजिटल निगरानी में रखकर उनकी जमा-पूंजी हड़प ली.

पीड़ित अतुल तलवार कई साल तक न्यूयॉर्क में वकालत कर चुके हैं. वह 1982 में दिल्ली से अमेरिका गए थे और करीब 30 साल तक लेबर यूनियनों का प्रतिनिधित्व किया. 31 जुलाई को भारत आने के बाद वह गुरुग्राम में अपने भाई के पास रुके हुए थे और नोएडा सेक्टर-30 स्थित पुश्तैनी मकान की मरम्मत करा रहे थे.

ऐसे शुरू हुआ ठगी का खेल

17 अक्टूबर को अतुल तलवार को एक कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई के कोलाबा पुलिस स्टेशन का पुलिसकर्मी बताया. उसने दावा किया कि पहलगाम आतंकी हमले से जुड़े मामले में उनका आधार कार्ड मिला है और उनके नाम पर खोले गए केनरा बैंक खाते में 53 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है.

ठगों ने आरोप लगाया कि इस लेनदेन में उन्हें 5 करोड़ रुपये का कमीशन मिला है. जब अतुल तलवार ने आरोपों से इनकार किया तो दूसरी ओर से तत्काल गिरफ्तारी की धमकी दी गई.

CBI और NIA अधिकारी बनकर किया डराने का प्रयास

इसके बाद ठगों ने व्हाट्सएप पर कथित गोपनीय दस्तावेज भेजे और खुद को CBI के सहायक निदेशक और NIA अधिकारी बताया. पीड़ित को ऑडियो और वीडियो कॉल के जरिए लगातार निगरानी में रखा गया.

उन्हें फोन काटने, बाहर जाने या किसी अन्य व्यक्ति से मिलने तक से रोका गया. यहां तक कि उनके घर आने-जाने वालों की जानकारी भी मांगी जाती थी.

हथियारबंद लोगों की गिरफ्तारी का फर्जी सीन भी दिखाया

पीड़ित के अनुसार, 18 अक्टूबर को ठगों ने वीडियो के जरिए उनके घर के आसपास दो कथित आतंकियों की गिरफ्तारी का सीन भी दिखाया. इससे वह और ज्यादा डर गए और उन्हें लगा कि जांच एजेंसियां वास्तव में उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं.

रिटायरमेंट फंड और निवेश की रकम भी निकलवाई

19 अक्टूबर से कथित ऑनलाइन पूछताछ शुरू हुई. इस दौरान ठगों ने उनके बैंक खातों, निवेश और वित्तीय रिकॉर्ड की जानकारी हासिल कर ली.

ठगों ने सिटी बैंक के इंडिविजुअल रिटायरमेंट अकाउंट में जमा 3.80 लाख अमेरिकी डॉलर को भुनवाकर ट्रांसफर करने के लिए कहा. इसके अलावा दो ब्रोकरेज खातों में जमा रकम भी ट्रांसफर के लिए आईटी एक्सपर्ट्स से बात कराई गई. ठगों ने क्रिप्टोकरेंसी अकाउंट भी खुलवाया. टैक्स के नाम पर करीब 1.5 करोड़ रुपये कटवाए और लगभग 2.5 करोड़ रुपये इथेरियम के रूप में ट्रांसफर करा लिए. इस तरह 7 नवंबर तक पीड़ित करीब 4 करोड़ रुपये गंवा चुके थे.

जब पैसा वापस नहीं आया तब खुली पोल

ठगों ने दावा किया था कि जांच पूरी होने के बाद सारी राशि वापस खाते में जमा कर दी जाएगी. लेकिन 7 नवंबर तक पैसा नहीं लौटा और बाद में ठगों ने संपर्क भी बंद कर दिया. इसके बाद अतुल तलवार को एहसास हुआ कि वह किसी केंद्रीय एजेंसी की जांच नहीं बल्कि साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं.

एफबीआई तक पहुंचा मामला

पीड़ित ने गौतमबुद्ध नगर साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है. वह 11 नवंबर को वापस न्यूयॉर्क लौट गए। उन्होंने अमेरिका की जांच एजेंसी FBI में भी मामले की शिकायत दी है. डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल के अनुसार, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़ें | UP के लड़के ने बनाई 5 लाख फर्जी ईमेल ID, पाक‍िस्‍तान-बांग्‍लादेश वालों को बेच डाली 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida Cyber Crime, Noida Cyber ​​Crime News, Noida Cyber ​​Police, Noida Cyber ​​Police Station, Noida Cyber Scam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com