- शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में पानी की दो बूंदों के मिलकर एक बड़ी बूंद बनने की प्रक्रिया का प्रयोग साझा किया
- अंतरिक्ष में गुरुत्वाकर्षण कम होने के कारण तरल पदार्थों के आकार और गति में सतही तनाव प्रमुख भूमिका निभाता है
- पानी की बूंदें सतही क्षेत्रफल कम करने की कोशिश में आपस में मिलकर ऊर्जा को गति और कंपन में बदल देती हैं
भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अक्सर स्पेस को लेकर नई और रोचक जानकारियां शेयर करते रहते हैं. हाल ही में उन्होंने अंतरिक्ष में पानी के व्यवहार को समझाने वाला एक दिलचस्प प्रयोग शेयर किया है. उन्होंने माइक्रोग्रैविटी में तैर रही पानी की दो बूंदों को आपस में मिलाकर दिखाया कि गुरुत्वाकर्षण का प्रभाव लगभग न होने पर तरल पदार्थ किस तरह व्यवहार करते हैं. इसका उन्होंने वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वो इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में दिख रहे हैं.
शुभांशु शुक्ला ने बताया कि जैसे ही पानी की दो गोलाकार बूंदें एक-दूसरे के संपर्क में आती हैं, वे मिलकर एक बड़ी बूंद का रूप ले लेती हैं. इसके पीछे मुख्य वजह सरफेस टेंशन यानी सतही तनाव है. अंतरिक्ष में गुरुत्वाकर्षण और उछाल जैसे प्रभाव बेहद कम हो जाते हैं, इसलिए तरल पदार्थों के आकार और उनकी गति को नियंत्रित करने में सतही तनाव की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण हो जाती है.
उन्होंने कहा कि पानी स्वाभाविक रूप से अपने सतही क्षेत्रफल को कम करने की कोशिश करता है. यही कारण है कि अलग-अलग मौजूद बूंदें संपर्क में आते ही एक बड़ी बूंद में बदल जाती हैं. इस प्रक्रिया में निकलने वाली ऊर्जा नष्ट नहीं होती, बल्कि नई बनी बूंद की गति और कंपन में बदल जाती है.
शुभांशु शुक्ला के अनुसार, बाद में तरल के भीतर मौजूद विस्कोसिटी इस अतिरिक्त ऊर्जा को धीरे-धीरे खत्म कर देती है, जिससे बूंद स्थिर हो जाती है.
अंतरिक्ष मिशनों के लिए क्यों अहम है यह प्रयोग?
उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक ऐसे प्रयोगों की मदद से तरल पदार्थों के महत्वपूर्ण गुणों, जैसे सरफेस टेंशन और विस्कोसिटी, का अध्ययन करते हैं. इससे यह समझने में मदद मिलती है कि अंतरिक्ष यान के टैंकों में मौजूद ईंधन और अन्य तरल पदार्थ माइक्रोग्रैविटी में कैसे चलते हैं और कैसे स्थिर रहते हैं.
शुक्ला ने यह भी बताया कि इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर पहले भी इस तरह के कई प्रयोग किए जा चुके हैं, जिनका उपयोग तरल पदार्थों के गुणों को मापने और अंतरिक्ष अभियानों को बेहतर बनाने के लिए किया गया है.
क्या बोले शुभांशु शुक्ला?
इस प्रयोग को साझा करते हुए उन्होंने कहा, "कौन कहता है कि पानी से खेलना सिर्फ बच्चों का खेल है? कभी-कभी इसके पीछे छिपा होता है दिलचस्प विज्ञान."
यह भी पढ़ें | पृथ्वी रोज मानती है 'दिवाली', खूब करती है आतिशबाजी; शुभांशु शुक्ला ने शेयर किया अंतरिक्ष का खास वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं