उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत करेंगे. कृषक योजना के तहत छोटे और सीमांत किसानों को 6 प्रतिशत ब्याज दर पर सस्ता कर्ज मिलेगा. उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक से अभी किसानों को 11 से 11.5 फीसदी ब्याज पर कर्ज मिलता है. इस स्कीम के लिए 384 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. भारत टैक्सी सेवा ओला-उबर की कैब सर्विस का जवाब माना जा रहा है. देश भर में इसका गृह मंत्री अमित शाह पहले ही ऐलान कर चुके हैं.
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना क्या है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10:30 बजे इन योजनाओं की शुरुआत करेंगे.किसान सहकारी बैंक से 6 लाख रुपये तक का ऋण 6 प्रतिशत ब्याज पर ले पाएंगे. सही समय पर कर्ज चुकाने वाले पुराने कर्जदारों को भी ब्याज पर सब्सिडी मिलेगी.कृषि ऋण की मंजूरी ऑनलाइन पोर्टल से होगी. योजना के तहत लक्ष्य 5 साल में पांच लाख किसानों को लाभ देने का लक्ष्य है.
सीएम योगी यूपी में भारत टैक्सी सेवा की भी शुरुआत भी करेंगे. इस स्कीम से उत्तर प्रदेश में करीब 50 हजार टैक्सी ड्राइवर जुड़े हैं. इनमें 40 हजार लखनऊ से ही हैं.
ड्राइवरों को 5 लाख रुपये का बीमा
इस स्कीम में ड्राइवरों को 5 लाख रुपये के बीमा का लाभ दिया जाएगा. ओला-उबर जैसे ऐप से इतर ड्राइवरों से कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा. कृषक समृद्धि योजना के ई पोर्टल, सहकारिता विभाग के उर्वरक सेतु मोबाइल ऐप और उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव डेटाबेस सेंटर का एप भी लांच किया जाएगा. एयरपोर्ट अथॉरिटी, लखनऊ मेट्रो रेल, लखनऊ पुलिस और भारत टैक्सी के बीच करार होगा. भारत टैक्सी के ड्राइवरों को शेयर सर्टिफिकेट भी वितरित किया जाएगा. सीएम योगी मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों को ऋण मंजूरी का सर्टिफिकेट भी देंगे.
ये भी पढ़ें - क्या है मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना? योगी सरकार लॉन्च करेगी e-Portal, जानें किन किसानों को मिलेगा फायदा
भारत टैक्सी सेवा क्या है
भारत टैक्सी सेवा सरकारी मोबिलिटी और कैब बुकिंग सेवा है. ये ओला और उबर जैसी दिग्गज निजी कंपनियों के मुकाबले मजबूत विकल्प बन सकती है. देश की 8 प्रमुख सहकारी संस्थाओं (जैसे अमूल, इफको, नाबार्ड, कृभको, नाफेड, एनडीडीबी का इसे सपोर्ट है. इस सहकारी कैब सेवा में गाड़ी चलाने वाले ड्राइवर्स को सारथी कहा जाता है. उन्हें कंपनी के मुनाफे में हिस्सेदारी और निर्णय लेने का अधिकार भी मिलता है.
ओला और उबर जैसे कमीशन नहीं कटता
ओला और उबर जैसी कंपनियां ड्राइवरों की कमाई से 20-30% तक का भारी कमीशन काटती हैं. भारत टैक्सी में कोई कमीशन नहीं है. ग्राहक के भुगतान का पूरा पैसा सीधे तुरंत ड्राइवर के खाते में जाता है. ड्राइवर को सिर्फ रोजाना, हफ्ते या मासिक शुल्क देना होता है. बारिश, त्योहार या बिजी घंटों में ओला-उबर का किराया अचानक दोगुना-तिगुना हो जाता है. लेकिन भारत टैक्सी में ऐसा कुछ नहीं है. ड्राइवरों को 5 लाख तक का दुर्घटना बीमा, रिटायरमेंट सेविंग स्कीम और मुफ्त इलाज मिलता है. इससे एक ही ऐप से मेट्रो टिकट और कैब दोनों बुक कर सकते हैं.
यह भी पढ़ेंः यूपी के गांव में पहुंचेगी 'भारत टैक्सी' बाइक-ऑटो और कैब की फैसिलिटी, जानें कैसे करेगा काम
1. भारत ऑटो: रोजाना के स्थानीय यात्रा के लिए
2. भारत बाइक: सस्ते और ट्रैफिक से बचने के लिए.
3. कैब इकॉनमी और सेडान: सस्ती आरामदायक पारिवारिक यात्राओं के लिए
4. आउटस्टेशन और रेंटल: शहर से बाहर जाने या घंटों के हिसाब से कार बुकिंग के लिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं