उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. जहां गांव में पूजा के दौरान हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और दो पुजारियों को गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है. वारदात के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई.
पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने लाइसेंसी असलहे से तीन लोगों को गोली मार दी है. मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि आरोपी की पत्नी और दो अन्य लोगों की मौत हो चुकी थी. बाद में जानकारी सामने आई कि मृतक दोनों व्यक्ति पुजारी थे.
बच्चों को लेकर घर में हुआ बंद
वारदात के तुरंत बाद आरोपी अपने बच्चों को लेकर घर के एक कमरे में बंद हो गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर के अंदर तीन बच्चों के होने की आशंका है. इनमें करीब 10 साल और 7 साल उम्र के दो बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं. इसके अलावा लगभग छह महीने के एक शिशु के भी घर के अंदर होने की संभावना जताई जा रही है. स्थिति इसलिए और गंभीर हो गई क्योंकि आरोपी के पास दो लाइसेंसी हथियार होने की जानकारी सामने आई. बताया जा रहा है कि वह दोनों हथियारों के साथ कमरे में मौजूद है.
पुलिस की पहली प्राथमिकता बच्चों की सुरक्षा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए. फील्ड यूनिट, एसओजी और स्थानीय पुलिस की कई टीमें गांव में तैनात की गई हैं. पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है. पुलिस किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहती. इसी वजह से बल प्रयोग की जगह बातचीत के जरिए आरोपी को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि सबसे पहले बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना जरूरी है.
लगातार बातचीत कर रही है पुलिस
पुलिस टीम आरोपी से संपर्क बनाकर उसे शांत करने का प्रयास कर रही है. अधिकारियों की कोशिश है कि वह बिना किसी और नुकसान के कमरे से बाहर आ जाए. बच्चों की मौजूदगी को देखते हुए हर कदम बेहद सावधानी से उठाया जा रहा है.
कानून-व्यवस्था पर भी नजर
पुलिस के अनुसार इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है. गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है. उधर ट्रिपल मर्डर की वजह और पूजा के दौरान हुए विवाद के कारणों की भी जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल पूरे मामले में पुलिस का ध्यान बच्चों की सुरक्षित रिहाई, आरोपी को हिरासत में लेने और हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने लाने पर केंद्रित है.
यह भी पढ़ें- सुहागरात में दूल्हा और दुल्हन की मौत, हड़बड़ी में हुई थी शादी और सुबह कमरे में मिले दोनों के शव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं