- मुरादाबाद में दहेज की मांग बनी मौत की वजह? विवाहिता की इलाज के दौरान मौत
- शादी के 10 महीने बाद ही उजड़ गई जिंदगी, पति पर गंभीर आरोप
- मौत से पहले का वीडियो आया सामने, पुलिस कर रही जांच
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है. कुंदरकी थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मृतका के पिता का कहना है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार परेशान किया जा रहा था. आरोप है कि हाल ही में उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई और उसे तेजाब पिलाकर जान से मारने की कोशिश की गई. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
नवंबर 2025 में हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, मृतका की शादी नवंबर 2025 में हाशा नगला गांव निवासी युवक के साथ हुई थी. परिवार ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था. मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त रुपये और मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी. मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था.
दहेज की मांग को लेकर मारपीट का आरोप
परिवार का आरोप है कि 20 सितंबर को दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ दोबारा मारपीट की गई. परिजनों का कहना है कि इस दौरान उसे गंभीर रूप से घायल किया गया और जान से मारने की नीयत से तेजाब पिलाया गया. घटना के बाद उसकी हालत बिगड़ गई.
पहले स्थानीय अस्पताल फिर मेरठ रेफर
घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और विवाहिता को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया. हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया. वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
सामने आया विवाहिता का वीडियो
इस मामले में विवाहिता का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है. बताया जा रहा है कि वीडियो में विवाहिता अपनी आपबीती और अपने साथ हुई घटनाओं के बारे में जानकारी देती नजर आ रही है. पुलिस वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की जांच कर रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच
विवाहिता के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, चिकित्सीय दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : मुस्लिम पति के साथ रहने की मिली इजाजत... कोर्ट ने नाराज पिता की 'कैद' से आजाद किया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं