- प्रदीप और शिल्पा की शादी वर्ष 2012 में हुई थी, दोनों के तीन बच्चे हैं.
- प्रदीप लंबे समय से सऊदी अरब में रहकर मेहनत-मजदूरी करते थे.
- शिल्पा की इंस्टाग्राम के पर युवक से पहचान हुई और वह उससे प्यार करने लगी.
भदोही: यूपी के भदोही जिले में इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्रेम प्रसंग अब पति-पत्नी और तीन बच्चों के परिवार को तोड़ने की चर्चा का कारण बना हुआ है. गांव निवासी प्रदीप कुमार सिंह की पत्नी शिल्पा के सीतापुर निवासी एक युवक के साथ चले जाने का मामला सामने आया है. पति का आरोप है कि पत्नी घर से एक लाख रुपये नकद और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण लेकर गई है. मामले में पुलिस ने महिला को उसके कथित प्रेमी के साथ सीतापुर से बरामद कर लिया है. इसके बाद उसे वन स्टॉप सेंटर भेजा गया और मजिस्ट्रेट के समक्ष उसके बयान दर्ज कराए गए.
बताया गया कि प्रदीप और शिल्पा की शादी वर्ष 2012 में हुई थी. दंपती के तीन नाबालिग बच्चे हैं. परिवार चलाने के लिए प्रदीप लंबे समय से सऊदी अरब में रहकर मेहनत-मजदूरी करते थे. इसी दौरान शिल्पा की इंस्टाग्राम के माध्यम से सीतापुर जिले के महमूदपुर निवासी लालू उर्फ लाल जी मिश्रा से पहचान हुई. बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे बढ़ा और दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई.
पति का आरोप- नकदी और जेवर लेकर घर से निकली पत्नी
प्रदीप का आरोप है कि 19 फरवरी को शिल्पा घर में रखे एक लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के कई आभूषण लेकर अचानक चली गई. पति के मुताबिक, इनमें दो सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, हार, नथिया, झुमका, टीका, चांदी की झांझर और पायल शामिल हैं. प्रदीप ने पत्नी के इस तरह चले जाने के पीछे ससुर, साले और अन्य लोगों पर भी षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी.
यह वीडियो भी देखें-
पत्नी के लापता होने के बाद प्रदीप ने दुर्गागंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मोबाइल समेत अन्य माध्यमों से सुराग जुटाए. जांच के दौरान पुलिस ने 9 सितंबर को शिल्पा को सीतापुर के महमूदपुर से उसके कथित प्रेमी लालू मिश्रा के साथ बरामद कर लिया.
मजिस्ट्रेट के सामने भी पति-बच्चों ने मनाने की कोशिश की
पुलिस कार्रवाई के बाद शिल्पा को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया. इसके बाद मजिस्ट्रेट के सामने उसके बयान दर्ज किए गए. परिजनों के अनुसार, इस दौरान पति और तीनों बच्चे उसे वापस घर चलने के लिए मनाते रहे. बच्चे मां के सामने लौटने की गुहार लगाते रहे, जबकि पति ने भी परिवार को दोबारा संभालने की कोशिश की. हालांकि, शिल्पा ने मजिस्ट्रेट के सामने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई.
तीन बच्चों की मां का पति को छोड़कर कथित प्रेमी के साथ जाने का मामला सामने आने के बाद गांव से लेकर क्षेत्र तक इसकी चर्चा है. हालांकि, नकदी और जेवर ले जाने तथा अन्य लोगों की संलिप्तता से जुड़े आरोपों की पुलिस जांच कर रही है. महिला ने अपने बयान में क्या कहा और आगे उसका निर्णय क्या होगा, यह कानूनी प्रक्रिया के तहत स्पष्ट होगा.
पुलिस ने कहा- जांच जारी है
दुर्गागंज थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पति की ओर से दी गई तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- खूबसूरत चेहरे के पीछे शातिर दिमाग! AI से रेलवे अधिकारी को बनाया शिकार; क्यों जेल भेजी गई 27 साल की मरीना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं