मुरादाबाद जिले में तेंदुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ठाकुरद्वारा तहसील के डिलारी थाना क्षेत्र के सहसपुरी गांव में वन विभाग के पिंजरे में एक और तेंदुआ कैद हुआ है. इसके साथ ही 3 अगस्त से अब तक जिले में पकड़े गए तेंदुओं की संख्या बढ़कर 12 हो गई है. लगातार रेस्क्यू अभियान के बावजूद ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है. तेंदुओं के हमलों में अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई गांवों में लोगों ने खेतों और जंगलों की ओर जाना कम कर दिया है.
सहसपुरी गांव में पिंजरे में फंसा तेंदुआ
वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में गुरुवार को एक और तेंदुआ कैद हो गया. यह घटना ठाकुरद्वारा तहसील के डिलारी थाना क्षेत्र के सहसपुरी गांव की है. तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित कब्जे में ले लिया.

Moradabad Leopard: पिजड़े में कैद तेंदुआ
एक महीने में 12 तेंदुओं का रेस्क्यू
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार 3 अगस्त से अब तक मुरादाबाद जिले में कुल 12 तेंदुओं को पकड़ा जा चुका है. इनमें से 11 तेंदुए ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र से रेस्क्यू किए गए हैं, जबकि एक तेंदुआ कांठ थाना क्षेत्र से पकड़ा गया. लगातार मिल रहे तेंदुओं की मौजूदगी के संकेतों ने वन विभाग के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है.
हमलों में चार लोगों की जा चुकी है जान
जिले में तेंदुओं के हमलों से अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं. इसके अलावा दो आदमखोर तेंदुओं की अज्ञात वाहनों की टक्कर से मौत होने की भी जानकारी सामने आई है. इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ी है.

Moradabad Leopard: मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक
वन विभाग ने बढ़ाए पिंजरे
तेंदुओं की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने जिले में लगाए गए पिंजरों की संख्या बढ़ाकर 28 कर दी है. विभाग का कहना है कि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है और लगातार गश्त की जा रही है. हालांकि इतने बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान के बावजूद ग्रामीण इलाकों में तेंदुओं की दहशत कम नहीं हुई है. लोग सुबह और शाम के समय खेतों में जाने से बच रहे हैं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है. वन विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील कर रही हैं.
यह भी पढ़ें : मुरादाबाद में किसान को घर से उठा ले गया तेंदुआ, खेत में मिली लाश; अब तक 4 लोगों की ले चुका जान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं